Rishikesh School Bus Accident: उत्तराखंड के ऋषिकेश में शनिवार को स्कूली बच्चों से भरी बस हादसे का शिकार हो गई। मुनिकीरेती के पीडब्ल्यूडी तिराहे पर अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए, जिससे चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सड़क किनारे दीवार से टकरा गई। हादसे के बाद बस में सवार बच्चों में चीखपुकार मच गई। बस में लगभग 30 लोग सवार थे। राहत की बात यह रही कि सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

फिरोजाबाद के स्कूल के बच्चे थे सवार
इंस्पेक्टर एसडीआरएफ कवींद्र सजवान के मुताबिक, शनिवार को बस संख्या UP 83 AT 8300 को चालक जयप्रकाश चला रहे थे। वह उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के ग्राम गढ़ी पुरानी, थाना नारखी के निवासी हैं। बस में पंडित तिलक भानु सीनियर सेकेंडरी स्कूल, फिरोजाबाद के छात्रछात्राएं और शिक्षक सवार थे।
लक्ष्मणझूला घूमने आए थे बच्चे
स्कूल के छात्रछात्राएं और शिक्षक लक्ष्मणझूला क्षेत्र में स्नान और भ्रमण के लिए आए थे। इसी दौरान मुनिकीरेती के पीडब्ल्यूडी तिराहे पर अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए। बस अनियंत्रित होकर दीवार से टकरा गई।
पुलिस ने सभी को सुरक्षित बाहर निकाला
दुर्घटना की सूचना मिलते ही मुनिकीरेती थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने रेस्क्यू अभियान चलाकर बस में सवार सभी बच्चों और अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। हादसे के बाद बच्चों में दहशत का माहौल बन गया था।
चालक, हेल्पर और प्रिंसिपल घायल
हादसे में बस चालक जयप्रकाश, हेल्पर अवधेश और स्कूल की प्रधानाचार्य रजनी सारस्वत को हल्की चोटें आईं। पुलिस ने तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। वहीं, सभी स्कूली बच्चों के ठहरने की व्यवस्था मधुबन आश्रम में कराई गई।
ढलान के कारण पहले भी हो चुके हादसे
पीडब्ल्यूडी तिराहा क्षेत्र में सड़क पर तेज ढलान है। इस वजह से यहां पहले भी सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। फिलहाल हादसे के बाद बस में सवार सभी बच्चों और अन्य लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया।



