Moradabad News: उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद के कुंदरकी थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान डीजे पर गाना बदलने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया. काजीपुरा स्थित वेलकम रिसोर्ट में आयोजित समारोह में चमरौआ से बारात में शामिल होने आए हम्ज़ा नाम के युवक को कथित तौर पर 15 से 20 युवकों ने घेर लिया और डंडों, कुर्सियों व झाड़ू से उसकी पिटाई कर दी. हमले में युवक के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक के साथ मारपीट होती दिखाई दे रही है.

जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले वेलकम रिसोर्ट में शादी समारोह चल रहा था. इसी दौरान डीजे पर गाना बदलने को लेकर कुछ युवकों के बीच कहासुनी हो गई. पीड़ित पक्ष का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पहले गालीगलौज हुई. माहौल बिगड़ता देख कई बाराती वहां से चले गए, लेकिन हम्ज़ा वहीं रह गया. आरोप है कि इसी दौरान करीब 15 से 20 युवकों ने उसे घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी.

डंडों और कुर्सियों से पीटने का आरोप

पीड़ित परिवार के मुताबिक, हमलावरों ने हम्ज़ा को डंडों, कुर्सियों और झाड़ू से पीटा. इस दौरान उसके सिर में गंभीर चोट आई और शरीर पर भी कई जगह चोट के निशान पड़ गए. घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है. पीड़ित के पिता का कहना है कि वे हमलावरों को व्यक्तिगत रूप से नहीं जानते, क्योंकि वे दूसरे इलाके से शादी में शामिल होने आए थे. हालांकि, उनके मुताबिक घटना का वीडियो मौजूद है, जिससे आरोपियों की पहचान की जा सकती है.

पुलिस से कार्रवाई की मांग

घटना के बाद पीड़ित परिवार ने कुंदरकी थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. परिवार ने मारपीट में शामिल युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है. वहीं, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मुरादाबाद पुलिस की ओर से इस मामले में प्रतिक्रिया दी गई है. पुलिस ने बताया कि थाना प्रभारी कुंदरकी को जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं. थाना प्रभारी ने भी पीड़ित पक्ष को नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया है.

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. घटना के वीडियो और शिकायत के आधार पर आरोपियों की पहचान और मारपीट के कारणों की पुष्टि की जानी है. जांच के बाद ही घटना से जुड़े सभी पहलुओं की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.