यूक्रेन युद्ध के बीच दुनिया की खाद्य सुरक्षा को लेकर भारत और यूरोपीय संघ ने एक अहम चिंता जाहिर की है. दोनों पक्षों ने काला सागर में जहाजों की निर्बाध आवाजाही बहाल करने पर जोर दिया है, ताकि समुद्री रास्तों में बाधा का वैश्विक खाद्य सुरक्षा पर पड़ने वाला नकारात्मक असर कम किया जा सके. भारत और यूरोपीय संघ के बीच हुई 12वीं विदेश नीति और सुरक्षा परामर्श बैठक में यूक्रेन संकट से लेकर हिंदप्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा तक कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई.

नई दिल्ली में हुई इस बैठक की सहअध्यक्षता विदेश मंत्रालय में सचिव सिबी जॉर्ज और यूरोपीय बाह्य कार्य सेवा के राजनीतिक मामलों के उप महासचिव ओलोफ स्कूग ने की. बैठक में दोनों पक्षों ने भारतEU रणनीतिक साझेदारी की मौजूदा स्थिति की समीक्षा की और इसे और मजबूत बनाने के तरीकों पर चर्चा की. इस दौरान जनवरी 2026 में हुए 16वें भारतEU शिखर सम्मेलन में मंजूर ‘टुवर्ड्स 2030’ व्यापक रणनीतिक एजेंडे को आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया गया.

प्रभावी बहुपक्षीय व्यवस्था की जरूरत पर जोर

बदलते वैश्विक भूराजनीतिक हालात और बहुपक्षीय व्यवस्था के सामने खड़ी चुनौतियों के बीच दोनों पक्षों ने संयुक्त राष्ट्र चार्टर और अंतरराष्ट्रीय कानून के सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई. खास तौर पर देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के सम्मान को महत्वपूर्ण बताया. भारत और यूरोपीय संघ ने संयुक्त राष्ट्र को केंद्र में रखते हुए प्रभावी बहुपक्षीय व्यवस्था की जरूरत पर भी जोर दिया. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। हिंदप्रशांत समेत कई क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर विचारों का आदानप्रदान हुआ.

हिंदप्रशांत क्षेत्र में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना प्राथमिकता

हिंदप्रशांत क्षेत्र को लेकर दोनों पक्षों ने स्पष्ट किया कि इस क्षेत्र में स्वतंत्र, खुला, शांतिपूर्ण और समृद्ध माहौल बनाए रखना साझा प्राथमिकता है. इसके लिए अंतरराष्ट्रीय कानून, संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और विवादों के शांतिपूर्ण समाधान के सिद्धांतों के आधार पर आपसी समन्वय बढ़ाने पर सहमति बनी.

अंतरिक्ष और आतंकवाद के खिलाफ सहयोग पर चर्चा

रक्षा और सुरक्षा सहयोग को लेकर भी बैठक अहम रही. भारतEU सुरक्षा और रक्षा साझेदारी के तहत समुद्री सुरक्षा, रक्षा उद्योग और तकनीक, साइबर सुरक्षा, हाइब्रिड खतरों, अंतरिक्ष और आतंकवाद के खिलाफ सहयोग पर चर्चा हुई. दोनों पक्षों ने मार्च 2026 में नई दिल्ली में हुई पहली सुरक्षा एवं रक्षा वार्ता के आयोजन को महत्वपूर्ण बताया और उसके बाद हुई प्रगति की समीक्षा की. साथ ही भारतEU सुरक्षा सूचना समझौते को अंतिम रूप देने की जरूरत पर जोर दिया गया. इस वार्ता का दूसरा संस्करण अगले साल आयोजित करने पर सहमति बनी.

आतंकवाद के मुद्दे पर भारत और यूरोपीय संघ ने बेहद सख्त रुख अपनाया. दोनों पक्षों ने आतंकवाद और हिंसक उग्रवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों की स्पष्ट और कड़े शब्दों में निंदा की. इसमें सीमा पार आतंकवाद भी शामिल है.

काला सागर में नौवहन की स्वतंत्रता बहाल करने पर जोर

दोनों पक्षों ने यूक्रेन में अंतरराष्ट्रीय कानून और संयुक्त राष्ट्र चार्टर के सिद्धांतों के अनुरूप व्यापक, न्यायसंगत और स्थायी शांति की जरूरत दोहराई. साथ ही काला सागर में नौवहन की स्वतंत्रता बहाल करने पर जोर देकर यह संकेत दिया कि यूक्रेन संघर्ष का असर सिर्फ यूरोप तक सीमित नहीं है, बल्कि वैश्विक व्यापार और खाद्य आपूर्ति तक पहुंचता है.

भारत और यूरोपीय संघ ने खुद को भरोसेमंद और समान विचारधारा वाले साझेदार बताते हुए रणनीतिक संबंधों को और गहरा करने की प्रतिबद्धता दोहराई. इसके लिए नियमित उच्चस्तरीय दौरों और मौजूदा संस्थागत संवाद तंत्र को मजबूत किया जाएगा. दोनों पक्षों ने भविष्य में नेताओं के स्तर पर होने वाली बैठकों की तैयारियों की भी समीक्षा की. अगली विदेश नीति और सुरक्षा परामर्श बैठक अगले साल ब्रसेल्स में आपसी सहमति से तय तारीख पर होगी.