संसद के हर विशेष सत्र के संसदीय इतिहास में कुछ नया जुड़ता रहा है. आजादी की पूर्व संध्या पर 1947 की ऐतिहासिक बैठक. 1962 में चीन के हमले पर हुई सरगर्म बहस. 1997 में आजादी के स्वर्ण जयंती वर्ष की छह दिन चली चर्चा. 2017 में आधी रात को जीएसटी लागू करने का फैसला. ऐसे हर मौके पर कोई ऐसा सवाल, फैसला या संकल्प सामने आया, जिसने देश की राजनीति और व्यवस्था को प्रभावित किया. 30 नवंबर से प्रस्तावित विशेष सत्र भी ऐसे ही एक निर्णायक मोड़ की ओर बढ़ रहा है.

दशकों से चर्चा में रहे महिला आरक्षण को अमली जामा पहनाने की तैयारी है. इस मंजिल तक पहुंचने के लिए लोकसभा और विधानसभाओं का संख्या बल भी बदलेगा. परिसीमन, राज्यों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व और उत्तरदक्षिण संतुलन के सवाल भी इससे जुड़े हुए हैं .
आधी रात से शुरुआत
भारतीय संसदीय इतिहास की सबसे यादगार आधी रात 1415 अगस्त 1947 की थी. संविधान सभा की बैठक में जवाहरलाल नेहरू ने अपना ऐतिहासिक भाषण ‘ट्रिस्ट विद डेस्टिनी’ दिया. भारत ने स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में नई यात्रा शुरू की. यह संसद का विशेष सत्र नहीं था. बल्कि संविधान सभा की वह बैठक थी, जिसमें भारत के लोकतांत्रिक भविष्य की नींव पड़ी. इसके बाद भी असाधारण बैठकों ने राष्ट्रीय जीवन के महत्वपूर्ण पड़ाव दर्ज किए.
अगस्त 1972 में आजादी की रजत जयंती पर संसद की विशेष बैठक हुई. अगस्त 1992 में भारत छोड़ो आंदोलन के पचास साल पूरे होने पर विशेष बैठक बुलाई गई. इन आयोजनों में संसद ने स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास और उसके मूल्यों को याद किया और उनको सच में बदलने का संकल्प दोहराया.
संसद विशेष सत्र.
राष्ट्रीय संकट के दौर में संसद की निगरानी
नवंबर 1962 में चीन के हमले ने देश को गहरे संकट में डाल दिया. युद्ध में भारतीय सेना की पराजय ने सरकार की विदेश नीति, चीन के प्रति उसके रुख और रक्षा तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए. देश के भीतर निराशा और आक्रोश था. विपक्ष ने संसद में इस मुद्दे पर खुली चर्चा की मांग की. अटल बिहारी वाजपेयी सहित विपक्ष के नेताओं ने सरकार को राष्ट्रीय सुरक्षा के सवाल पर जवाब देने के लिए मजबूर किया.
युद्ध के हालात के बीच संसद का शीतकालीन सत्र आगे बुलाया गया. 8 और 9 नवंबर को चीन के हमले और उससे पैदा हुई परिस्थितियों पर संसद में विस्तार से चर्चा हुई. संसदीय इतिहास का यह महत्वपूर्ण पड़ाव था. राष्ट्रीय संकट के समय भी संसद ने सरकार की जवाबदेही का सवाल नहीं छोड़ा. सत्ता और विपक्ष के बीच मतभेद गहरे थे, लेकिन देश की सुरक्षा, सैन्य तैयारी और सरकार की नीतियों पर सदन में खुलकर सवाल उठे. यह बहस इस बात का उदाहरण बनी कि राष्ट्रीय संकट के दौर में भी संसद की निगरानी की भूमिका कम नहीं होती.
आजादी के पचास साल और संसद का आत्ममंथन
आजादी की स्वर्ण जयंती पर अगस्त 1997 में संसद ने ‘एजेंडा फॉर इंडिया’ के जरिए देश के भविष्य की दिशा तय करने की कोशिश की. 26 अगस्त से 1 सितंबर तक चली विशेष बैठक में संसद ने आजादी के पांच दशकों की उपलब्धियों और कमियों की पड़ताल की. तब इंद्र कुमार गुजराल प्रधानमंत्री थे. लोकसभा में विपक्ष के नेता अटल बिहारी वाजपेयी ने सभी दलों की ओर से चर्चा का प्रस्ताव रखा. लोकतंत्र, सामाजिक न्याय, गरीबी, आर्थिक विकास, शिक्षा, विज्ञान और विदेश नीति जैसे विषयों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों ने विचार रखे. चर्चा में चुनाव सुधार, राजनीति के अपराधीकरण पर रोक, सार्वजनिक जीवन में पारदर्शिता और जवाबदेही तथा संसदीय संस्थाओं की मजबूती जैसे सवाल भी उठे. दोनों सदनों ने सर्वसम्मति से साझा संकल्प पारित किए.
यह बैठक किसी विधेयक को पारित कराने के लिए नहीं, बल्कि देश की पचास साल की यात्रा का मूल्यांकन करने और भविष्य की चुनौतियों पर साझा दृष्टि बनाने के लिए आयोजित हुई थी. इसीलिए 1997 का यह विशेष सत्र उत्सव से अधिक राष्ट्रीय आत्ममंथन के लिए याद किया जाता है.
भारतीय संविधान.
संविधान के मूल्यों पर बहस
नवंबर 2015 में संविधान अंगीकार किए जाने के 66 वर्ष और डॉ. भीमराव आंबेडकर की 125वीं जयंती के अवसर पर संसद का विशेष सत्र आयोजित किया गया. इसमें संविधान की प्रस्तावना, उसके मूल्यों, लोकतांत्रिक परंपराओं और संवैधानिक संस्थाओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा हुई. सत्ता पक्ष और विपक्ष ने संविधान की मूल भावना, समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व के आदर्शों पर अपने विचार रखे. इसी अवसर पर 26 नवंबर को हर साल संविधान दिवस के रूप में मनाने की परंपरा शुरू हुई. इस विशेष बैठक ने याद दिलाया कि संविधान महज कानूनों का संग्रह या शासन चलाने का दस्तावेज नहीं है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। यह देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियाद है. इसकी असली ताकत इसके प्रावधानों के साथ उन मूल्यों में है, जो सरकार, संसद और नागरिकों के आचरण को दिशा देते हैं.
उस रात बदली कर व्यवस्था
30 जून 2017 की आधी रात संसद के केंद्रीय कक्ष में जीएसटी की शुरुआत का समारोह हुआ. एक जुलाई से देश में नई अप्रत्यक्ष कर व्यवस्था लागू होनी थी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने इसकी शुरुआत की. जीएसटी ने केंद्र और राज्यों के कई अप्रत्यक्ष करों को एक साझा व्यवस्था में समेटा. इसे आजादी के बाद का बड़ा आर्थिक सुधार बताया गया. हालांकि इसका रास्ता वर्षों की राजनीतिक बातचीत और संवैधानिक प्रक्रिया से होकर गुजरा था. कांग्रेस सहित कुछ विपक्षी दलों ने आधी रात के आयोजन का बहिष्कार किया था. उनका आरोप था कि सरकार ने इसे राजनीतिक प्रचार का रूप दिया. जीएसटी की शुरुआत ने यह भी दिखाया कि बड़े आर्थिक बदलावों के लिए केंद्र और राज्यों के बीच सहमति कितनी जरूरी है. आज परिसीमन के सवाल पर यही संघीय संतुलन फिर चर्चा के केंद्र में है.
सरकार ने संसद का चार दिवसीय विशेष सत्र बुलाने का निर्णय लिया है। जिसके तहत हम अत्यंत महत्वपूर्ण विषयों को लेकर संसद में आ रहे हैं।
#Parliament is the forum for debate, discussion and deliberation, not baseless allegations.
The government is fully empowered to convene a special session to address important legislative business. I urge all political parties and MPs to participate constructively, engage in meaningful debate and ensure smooth proceedings.
Let Parliament be a platform for meaningful debate, not political disruption. The nation expects responsible conduct, constructive dialogue and results.
— Kiren Rijiju November 27, 2026
नया संसद भवन और महिला आरक्षण
सितंबर 2023 का विशेष सत्र भी कई मायनों में ऐतिहासिक रहा. 18 से 22 सितंबर तक नए संसद भवन में कार्यवाही की शुरुआत के साथ संसदीय इतिहास का एक नया अध्याय जुड़ गया. इसी सत्र में सरकार ने महिला आरक्षण से जुड़े लंबे समय से लंबित विधेयक को पेश किया. इसे ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ नाम दिया गया.
संसद के दोनों सदनों ने इसे पारित किया. इसके तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 फीसदी सीटें आरक्षित करने का संवैधानिक प्रावधान किया गया.
यह फैसला संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम था. हालांकि, कानून बनने के बावजूद इसका तत्काल क्रियान्वयन संभव नहीं हुआ. इसे अगली जनगणना के आंकड़ों के प्रकाशन और उसके बाद होने वाले परिसीमन की प्रक्रिया से जोड़ दिया गया. यानी जिस आरक्षण की मांग दशकों से उठती रही, उसके लागू होने की समयसीमा फिर अनिश्चित हो गई.
अप्रैल की नाकामी के बाद बदली रणनीति
सरकार ने अप्रैल 2026 में महिला आरक्षण लागू करने और परिसीमन के लिए संविधान संशोधन विधेयक पेश किया था. 17 अप्रैल को लोकसभा में मतदान हुआ. विधेयक के पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े. कुल 528 सदस्यों ने मतदान किया. दोतिहाई समर्थन के लिए 352 वोट चाहिए थे. विधेयक 54 वोट से पीछे रह गया. यह सरकार के लिए बड़ा संसदीय झटका था. अब सरकार ने नए सिरे से रणनीति बनाई है.
27 नवंबर को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने संशोधित विधायी पैकेज को मंजूरी दी. नए प्रस्ताव में लोकसभा की मौजूदा सीटों में सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के लिए समान रूप से 50 फीसदी वृद्धि का प्रावधान है. लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 तक ले जाने और राज्यों की विधानसभा सीटों में भी 50 फीसदी वृद्धि का प्रस्ताव है. परिसीमन के लिए 2011 की जनगणना को आधार बनाने की बात है. साथ ही राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा अनुपात 2051 के बाद होने वाली पहली जनगणना के प्रासंगिक आंकड़े प्रकाशित होने तक बनाए रखने का प्रस्ताव है.
यह अप्रैल के प्रारूप की तुलना में बड़ा बदलाव है. उस समय दक्षिणी राज्यों की आशंका थी कि जनसंख्या के आधार पर सीटों का पुनर्वितरण हुआ तो जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर प्रदर्शन करने वाले राज्यों का संसद में प्रतिनिधित्व घट सकता है. अब सभी राज्यों की सीटों में समान अनुपात से बढ़ोतरी और उनके मौजूदा हिस्से को सुरक्षित रखने का प्रस्ताव इसी चिंता का जवाब देने की कोशिश है.
दक्षिण की चिंता और विपक्ष के मतभेद
विशेष सत्र और परिसीमन के सवाल ने विपक्षी INDIA गठबंधन की एकता के लिए मुश्किल खड़ी कर दी है. दक्षिण के क्षेत्रीय दलों के लिए अपने राज्यों का प्रतिनिधित्व सुरक्षित रखना बड़ी चिंता है. द्रमुक ने नए प्रस्ताव के प्रति सकारात्मक रुख दिखाया है. एनसीपी की ओर से भी समर्थन के संकेत हैं. दूसरी ओर कांग्रेस का कहना है कि महिला आरक्षण को लोकसभा की मौजूदा 543 निर्वाचित सीटों के भीतर ही लागू किया जाना चाहिए और उसे परिसीमन से जोड़ने की जरूरत नहीं है.
दिलचस्प है कि महिला आरक्षण का विरोध किसी दल के लिए आसान नहीं है. कुछ सहयोगियों के अलग रास्ते पर चलने के बाद सत्र के दौरान कांग्रेस की अगली रणनीति उत्सुकता का विषय है.संविधान संशोधन के लिए दोनों सदनों में विशेष बहुमत जरूरी है. अप्रैल की हार के बाद सत्ता दल नई तैयारी के साथ सामने आ रहा है. उधर विपक्ष के सामने पिछली एकजुटता को कायम रखने की चुनौती है.



