Lucknow News: राजधानी लखनऊ के गाजीपुर थाना क्षेत्र स्थित सचिवालय कॉलोनी में एक बंद मकान में अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई. घटना के समय मकान मालिक जय शंकर राम घर पर मौजूद नहीं थे और आग ने देखते ही देखते घर में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया. मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जान जोखिम में डालकर आग से घिरे मकान के भीतर से दो गैस सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकाला, जिससे एक संभावित बड़ा विस्फोट व हादसा टल गया.

आग की सूचना मिलते ही सर्वोदय नगर चौकी प्रभारी सचिन कौशिक, उपनिरीक्षक संदीप कुमार सिंह और अन्य पुलिसकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे. हालात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने पड़ोसी की छत के रास्ते जलते मकान में प्रवेश किया और सबसे पहले घर के अंदर रखे दोनों गैस सिलेंडरों को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया.
50 मीटर पाइपलाइन बिछाकर बुझाई गई आग
सूचना पर दमकल विभाग की दो गाड़ियां भी घटनास्थल पर पहुंचीं. मकान तक पानी पहुंचाने के लिए फायर कर्मियों को सड़क से करीब 50 मीटर लंबी पाइपलाइन बिछानी पड़ी, जिसके बाद आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया.
जलते दीपक से आग लगने की आशंका, घरेलू सामान जलकर खाक
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह घर में जल रहा दीपक माना जा रहा है. आग की चपेट में आने से मकान में रखी रजाई, गद्दे, फर्नीचर, कपड़े और ड्रेसिंग टेबल समेत अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। बताया जा रहा है कि सचिवालय कॉलोनी कन्वेंशन सेंटर के नजदीक स्थित है और पुलिस व दमकल की सक्रियता से समय रहते सिलेंडर निकल जाने से बड़ी अनहोनी टल गई.



