Jabalpur News: पत्नी की तबीयत खराब है, अस्पताल में इलाज चल रहा है और जेब में पैसे नहीं हैं… इलाज के लिए रकम जुटाने का रास्ता नहीं सूझा तो तीनों चोरी करने निकल पड़े. काली बुलेट उठाई, ताला तोड़ने के औजार साथ रखे और निकल पड़े सूने मकान की तलाश में. दिनदहाड़े एक घर का ताला तोड़कर अलमारी का लॉकर उखाड़ दिया और डेढ़ लाख रुपए नकद समेत करीब 5.59 लाख रुपए के सोनेचांदी के जेवर समेटकर फरार हो गए. चोरी के बाद तीनों ने सुनसान जगह पर बैठकर माल का बंटवारा भी कर लिया. पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों सहित अंडा की दुकान चलाने वाले को भी गिरफ्तार किया है. वही एक आरोपी को पुलिस रिमांड में लेकर पूछताछ कर रही है.

दरअसल यह पूरी घटना 3 नवंबर 2026 का है, चरगवां पुलिस थाना से करीब 15 किलोमीटर दूर बिजौरी निवासी परिवार तेरहवीं के कार्यक्रम में शामिल होने धर्मपुरा गया हुआ था. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। घर पर ताला लगा था और परिवार का बेटा अनाज बेचने जबलपुर मंडी गया था. इसी दौरान दोपहर करीब 12 बजे उसे फोन आया कि घर का ताला टूटा हुआ है. परिवार जब वापस पहुंचा तो शटर बंद थी, लेकिन अंदर अलमारी का लॉकर टूटा पड़ा था. उसमें रखे डेढ़ लाख रुपए नकद और सोनेचांदी के जेवर गायब थे. चोरी गए माल की कीमत करीब 5 लाख 59 हजार रुपए आंकी गई.

पत्नी के इलाज के लिए नहीं थे पैसे

पुलिस की पूछताछ में कहानी सामने आई कि रुपेश चौधरी ने दोस्तों हेमंत चक्रवर्ती और सद्दाम उर्फ इमरान को पत्नी की तबीयत खराब होने और जबलपुर अस्पताल में भर्ती होने की बात बताई थी. इलाज के लिए पैसों की जरूरत थी, लेकिन इंतजाम नहीं हो पा रहा था. इसके बाद तीनों ने चोरी करके रकम जुटाने की योजना बना ली. तीनों काली बुलेट पर सवार होकर निकले. रुपेश बाइक चलाते हुए मकानों की रेकी कर रहा था. बिजौरी गांव के आखिरी छोर पर सूना मकान नजर आया तो गाड़ी रोक दी. हेमंत और सद्दाम ने लोहे की रॉड और शॉकअप पाइप से ताला तोड़ा और घर में घुसकर अलमारी का लॉकर तोड़ दिया. नकदी और जेवर समेटने के बाद तीनों मौके से निकल गए.

चोरी के बाद आपस में बांट लिए गहने

नर्मदा पुल से पहले सुनसान जगह पर तीनों रुके और डेढ़ लाख रुपए के तीन बराबर हिस्से कर लिए. हर एक के हिस्से में 50 हजार रुपए आए. चांदी की पायल और बच्चों के चांदी के चूड़े भी आपस में बांट लिए. कुछ जेवर बेचने के लिए रुपेश को दिए गए, जबकि सोने का हार सद्दाम ने अपने पास रखा. पुलिस के मुताबिक रुपेश ने कुछ जेवर गोटेगांव के सुनार को 10 हजार रुपए में बेच दिए. वहीं सद्दाम ने सोने का हार कृष्ण कुमार चक्रवर्ती जो अंडे की दुकान लगाता था उसे रखने दे दिया.

चार आरोपी गिरफ्तार

थाना प्रभारी सरोजिनी चौकसे ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के जरिए पुलिस आरोपियों तक पहुंची है. पुलिस ने इस पूरे मामले में रुपेश चौधरी , हेमंत चक्रवर्ती , सद्दाम उर्फ इमरान और कृष्ण कुमार चक्रवर्ती को गिरफ्तार किया है जिनके कई आपराधिक मामले पहले से दर्ज है. जिनके कब्जे से चोरी में इस्तेमाल बुलेट और ताला तोड़ने के औजारों सहित करीब चार लाख रुपए के जेवरों की बरामदगी की है. फिलहाल एक आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है. आरोपियों से अन्य चोरियों का भी खुलासा हो सकता है.