कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी पर भारतीय नागरिकता हासिल करने से पहले ही मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के आरोपों से जुड़े मामले में दिल्ली पुलिस ने राऊज एवेन्यू कोर्ट में अपनी कार्रवाई रिपोर्ट पेश की है. अदालत ने पुलिस को इस मामले में शेष जांच पूरी करने के लिए समय देते हुए अगली सुनवाई 14 दिसंबर तय की है.

1980 और 1983 की वोटर लिस्ट में नाम की पुष्टि

दिल्ली पुलिस द्वारा कोर्ट में दाखिल रिपोर्ट के अनुसार, जांच के दौरान जिलाधिकारी कार्यालय, नई दिल्ली को नोटिस भेजकर साल 1980 और 1983 की मतदाता सूची के रिकॉर्ड मांगे गए थे. इसके जवाब में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने पत्र के माध्यम से पुष्टि की है कि सोनिया गांधी का नाम 1980 और 1983 की वोटर लिस्ट में दर्ज था.

हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मतदाता सूची में नाम शामिल करने के लिए भरे गए फॉर्म6 आवेदन और उससे जुड़े अन्य सहायक दस्तावेज फिलहाल उपलब्ध नहीं हैं, जिनकी जांच की जानी अभी बाकी है.

गृह मंत्रालय के रिकॉर्ड से नागरिकता की तारीख का खुलासा

जांच के क्रम में पुलिस ने केंद्रीय गृह मंत्रालय के विदेशी नागरिक विभाग को भी नोटिस भेजकर नागरिकता संबंधी विवरण मांगा था. गृह मंत्रालय से प्राप्त आधिकारिक दस्तावेजों के मुताबिक, सोनिया गांधी को 30 अप्रैल 1983 को भारतीय नागरिकता प्रदान की गई थी.

मुख्य निर्वाचन अधिकारी के जवाब का इंतजार

दिल्ली पुलिस ने अदालत को यह भी अवगत कराया कि मामले से जुड़ी कुछ अतिरिक्त जानकारियों के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी , दिल्ली के कश्मीरी गेट स्थित रिकॉर्ड रूम के प्रभारी को दो नोटिस जारी किए गए हैं. हालांकि, कोर्ट में स्टेटस रिपोर्ट दाखिल किए जाने तक निर्वाचन विभाग की ओर से इन नोटिसों का जवाब प्राप्त नहीं हुआ था.

क्या है पूरा मामला?

यह पूरा विवाद विकास त्रिपाठी नामक व्यक्ति द्वारा दायर एक शिकायत से जुड़ा है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि सोनिया गांधी ने 30 अप्रैल 1983 को भारतीय नागरिकता प्राप्त करने से करीब तीन साल पहले ही कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर देश की मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वा लिया था.

शिकायतकर्ता ने कोर्ट से इस मामले में दिल्ली पुलिस को जांच का निर्देश देने की मांग की थी, जिस पर कोर्ट ने पुलिस से स्टेटस रिपोर्ट तलब की थी. अब 14 दिसंबर को होने वाली अगली सुनवाई में पुलिस अपनी आगे की जांच रिपोर्ट पेश करेगी.