कटिहार में एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने पुलिस महकमे से लेकर आम लोगों तक को झकझोर कर रख दिया. कुछ देर पहले तक जो पुलिस अधिकारी सामान्य दिनों की तरह अपनी दिनचर्या में व्यस्त थे, उन्हें शायद खुद भी अंदाजा नहीं था कि जिंदगी के अगले कुछ पल इतने भारी पड़ने वाले हैं. मोबाइल पर बात करते हुए दुकान से बाहर निकले सब इंस्पेक्टर अचानक सड़क पर गिर पड़े. आसपास मौजूद लोग जब तक कुछ समझ पाते, तब तक उनकी हालत बिगड़ चुकी थी. उन्हें बचाने की कोशिश की गई, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

मौत की यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. घटना शहर के हृदयगंज इलाके की है. मृतक सब इंस्पेक्टर की पहचान नागेश्वर महतो के रूप में हुई है. वह मूल रूप से वैशाली जिले के रहने वाले थे और पिछले 6 महीने से कटिहार के सहायक थाना में सब इंस्पेक्टर के पद पर तैनात थे. इससे पहले उनकी पोस्टिंग सेमापुर थाना में थी.
घटना के संबंध में जानकारी के अनुसार, नागेश्वर महतो किसी काम से दुकान पहुंचे थे. इसी दौरान वह मोबाइल पर किसी से बात करते हुए दुकान से बाहर निकले. सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई देता है कि फोन पर बातचीत करते हुए वह कुछ कदम आगे बढ़ते हैं और अचानक सड़क पर गिर पड़ते हैं. उन्हें इस तरह गिरता देख आसपास के लोग घबरा गए. स्थानीय लोगों ने बिना देर किए उन्हें उठाया और आननफानन में अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
प्रथम दृष्टया उनकी मौत हार्ट अटैक से होने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, मौत की वास्तविक वजह को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. अचानक हुई इस घटना से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. वहीं, साथी पुलिसकर्मी भी इस खबर से स्तब्ध हैं.
सब इंस्पेक्टर नागेश्वर महतो के निधन के बाद पुलिस केंद्र कटिहार में शोकसभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई. पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की और शोक सलामी दी. इस दौरान पुलिस विभाग के कई पदाधिकारी और जवान मौजूद रहे. सभी ने नम आंखों से अपने दिवंगत साथी को अंतिम विदाई दी.
इसके बाद पूरे राजकीय पुलिस सम्मान के साथ उनके पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव वैशाली के लिए रवाना किया गया. अचानक हुई इस मौत ने एक बार फिर जिंदगी की अनिश्चितता का एहसास करा दिया. ड्यूटी और जिम्मेदारियों के बीच सक्रिय रहने वाले एक पुलिस अधिकारी का इस तरह अचानक दुनिया छोड़ जाना उनके परिवार के लिए ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती.



