Gold, silver ETF: सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट का असर अब निवेशकों के फंड पर भी दिखने लगा है. बुधवार को गोल्ड ETF और सिल्वर ETF में तेज गिरावट आई. चांदी से जुड़े कई फंड 3% से ज्यादा टूट गए, जबकि गोल्ड ETF करीब 2% तक नीचे आ गए. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 14 महीने के निचले स्तर पर पहुंच गया है. चांदी भी 13 महीने के निचले स्तर के करीब कारोबार कर रही है. कीमती धातुओं में गिरावट के पीछे अमेरिका में ब्याज दरें बढ़ने की आशंका, डॉलर की मजबूती और फेडरल रिजर्व के सख्त रुख को माना जा रहा है. इससे सोनाचांदी जैसी चीजों में निवेश करने की मांग पर दबाव बढ़ा है.

चांदी के ETF में 3% से ज्यादा की गिरावट
बुधवार को सिल्वर ETF में सबसे ज्यादा गिरावट देखने को मिली. Nippon India Silver ETF 3.18% गिरकर 155.64 रुपये पर आ गया. SBI Silver ETF में 3.15% की गिरावट आई और ये 159.85 रुपये पर कारोबार करता दिखा. ICICI Prudential Silver ETF 3.05% गिरकर 162.38 रुपये पर पहुंच गया. वहीं Tata Silver ETF में भी 3.05% की गिरावट आई और इसका भाव 15.88 रुपये रहा.
गोल्ड ETF में भी बिकवाली हुई, हालांकि चांदी के मुकाबले गिरावट कम रही. ICICI Prudential Gold ETF 1.84% गिरकर 111.84 रुपये पर आ गया. Nippon India ETF Gold BeES में 1.81% की गिरावट रही और ये 107.93 रुपये पर कारोबार करता दिखा. Tata Gold ETF 1.77% गिरकर 12.73 रुपये पर पहुंच गया, जबकि SBI Gold ETF में 0.64% की गिरावट आई और इसका भाव 120.02 रुपये रहा.
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 14 महीने के निचले स्तर पर
विदेशी बाजार में सोने की कीमतों में तेज गिरावट आई है. बुधवार को स्पॉट गोल्ड 1.4% गिरकर 3,797.11 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया. सोना पहली बार सितंबर 2025 के बाद 3,800 डॉलर के नीचे आया है. यानी कीमत करीब 14 महीने के निचले स्तर पर पहुंच गई.
अमेरिका में दिसंबर डिलीवरी वाले गोल्ड फ्यूचर में भी 1.7% की गिरावट आई और भाव 3,799.30 डॉलर प्रति औंस रहा.
चांदी की कीमतों में इससे ज्यादा कमजोरी देखने को मिली. अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी करीब 3% गिरकर 46 डॉलर प्रति औंस के नीचे आ गई. ये 13 महीने के निचले स्तर के करीब है. इस साल चांदी 121 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंची थी, लेकिन उसके बाद इसमें बड़ी गिरावट आई है.
अमेरिकी फेड की ब्याज दरों की आशंका से दबाव
सोना और चांदी की कीमतों में गिरावट की एक बड़ी वजह अमेरिकी डॉलर की मजबूती और फेडरल रिजर्व के सख्त संकेत हैं. बाजार में अब दिसंबर की बैठक में 25 बेसिस पॉइंट ब्याज दर बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है.
ट्रेडर्स सितंबर 2027 तक कुल 80 बेसिस पॉइंट से ज्यादा की ब्याज दर बढ़ोतरी का अनुमान भी लगा रहे हैं. ब्याज दरें बढ़ने पर सोनाचांदी जैसे निवेश पर दबाव आता है, क्योंकि इनसे नियमित ब्याज या कमाई नहीं होती. ऐसे में निवेशकों के लिए ब्याज देने वाले विकल्प ज्यादा आकर्षक हो सकते हैं.
घरेलू बाजार में चांदी 8 दिन में 13% टूटी
भारत में भी सोनेचांदी की कीमतों में तेज गिरावट देखने को मिली है. मंगलवार को चांदी का भाव 9,500 रुपये यानी 5.3% गिरकर 1,69,500 रुपये प्रति किलो पर आ गया. इससे पहले इसका भाव करीब 1.79 लाख रुपये प्रति किलो था. 5 नवंबर से पिछले 8 कारोबारी सत्रों में चांदी करीब 25,000 रुपये प्रति किलो गिर चुकी है. यानी इसमें लगभग 13% की गिरावट आई है. सोने की कीमत भी 9 नवंबर से करीब 6% नीचे आ चुकी है. मंगलवार को 99.9% शुद्धता वाले सोने का भाव 1,400 रुपये गिरकर 1,38,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. कीमती धातुओं में गिरावट के साथ भारतीय शेयर बाजार में भी कमजोरी रही. सुबह 10:27 बजे सेंसेक्स 367.6 अंक यानी 0.5% गिरकर 82,164.6 पर था, जबकि निफ्टी 121.2 अंक गिरकर 25,266.2 पर कारोबार कर रहा था.



