नोएडा में रहने वाली 17 साल की अनन्या को परीक्षा की तैयारी के लिए देर रात तक जागना पड़ता है. पहले वह इसके लिए स्ट्रॉन्ग कॉफी पीती थी, लेकिन इसके बाद अक्सर उसे बेचैनी और नींद न आने की समस्या होने लगी. एक दिन दोस्तों के साथ कैफे में उसने पहली बार ‘आइस्ड वनीला माचा लाटे’ ट्राई किया. इसका स्वाद पसंद आया और अब वह हफ्ते में दोतीन बार कैफे जाकर माचा पीती है. घर के लिए भी माचा पाउडर खरीद लाई है.

अनन्या की तरह ही अब यंग जनरेशन अपने ड्रिंक्स के ऑप्शन बदल रही है. भारत में सुबह भले ही अदरक वाली चाय या फिल्टर कॉफी से होती रही हो, लेकिन दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और पुणे जैसे मेट्रो शहरों के कैफे मेन्यू में अब एक नया रंग जुड़ गया है. यह रंग है जापान के पारंपरिक ग्रीन टी ड्रिंक माचा का, जो अब कैफे कल्चर से निकलकर युवाओं के बीच ट्रेंड बन रहा है.

माचा और इसकी हिस्ट्री

माचा खास तरीके से उगाई गई ग्रीन टी की पत्तियों का बेहद बारीक पाउडर है. इसकी शुरुआत चीन में हुई थी, लेकिन इसे असली पहचान जापान में मिली. सदियों पहले बौद्ध संत इसे चीन से जापान लेकर आए थे. धीरेधीरे यह जापान के पारंपरिक चाय समारोह ‘चानोयू’ का अहम हिस्सा बन गया. बौद्ध संत लंबे समय तक ध्यान और साधना के दौरान सतर्कता बनाए रखने के लिए इसे पीते थे.

सामान्य ग्रीन टी से कैसे अलग है माचा?

अक्सर लोग माचा और सामान्य ग्रीन टी को एक ही समझते हैं, लेकिन दोनों में अंतर है. माचा की खेती में कटाई से करीब 20 से 30 दिन पहले चाय के पौधों को छाया में ढक दिया जाता है. इससे पत्तियों में क्लोरोफिल और कुछ अमीनो एसिड का स्तर बढ़ता है और उनका रंग गहरा हरा हो जाता है.

सामान्य ग्रीन टी में पत्तियों को गर्म पानी में डालकर अर्क निकाला जाता है और बाद में पत्तियां छान दी जाती हैं. वहीं माचा में पत्तियों को सुखाकर बारीक पाउडर बनाया जाता है, जिसे पानी या दूध में घोलकर पिया जाता है. यानी इसमें पूरी पत्ती का सेवन होता है. इसका स्वाद हल्का कसैला, मिट्टी जैसा और उमामी नोट्स लिए होता है.

महंगा होने के बावजूद क्यों बढ़ रही है मांग?

माचा का गहरा हरा रंग और आकर्षक प्रेजेंटेशन इसे सोशल मीडिया की पसंद बना रहा है. कॉफी के विकल्प तलाश रहे युवाओं के बीच भी इसका क्रेज बढ़ा है. डायटीशियन गीतिका चोपड़ा कहती हैं माचा और कॉफी दोनों में कैफीन होता है, लेकिन शरीर पर इनका असर अलग हो सकता है. कॉफी में कैफीन ज्यादा होता है, इसलिए ये अलर्ट्स और एनर्जी तेजी से बढ़ा सकती है. माचा में कैफीन के साथ एलथिएनाइन नाम का अमीनो एसिड भी होता है. ये कॉम्बो फोकस करने और अलर्टनेस बनाए रखने में हेल्प कर सकता है. कुछ लोगों को माचा पीकर कॉफी की तुलना में कम बेचैनी और एनर्जी महसूस होती है, सब पर इसका असर एक जैसा नहीं होता.

माचा में कैटेचिन, खासकर ईजीसीजी जैसे एंटीऑक्सीडेंट होते हैं, जो कोशिकाओं को ऑक्सिडेटिव स्ट्रेस से बचाने का रोल करते हैं. कॉफी में भी फायदेमंद पॉलीफेनॉल्स पाए जाते हैं. कैफे भी भारतीय स्वाद को ध्यान में रखते हुए इसमें वनीला, स्ट्रॉबेरी, आम और नारियल पानी जैसे फ्लेवर जोड़ रहे हैं.

हेल्थ ट्रेंड या सोशल मीडिया का फैशन?

भारत में माचा की पॉपुलैरिटी सोशल मीडिया के एस्थेटिक ट्रेंड और केपॉप व जापानी कल्चर के असर से हुई, लेकिन अब ये हेल्थ और वेलनेस ट्रेंड का भी हिस्सा है.जैसे एवोकाडो टोस्ट और कोल्ड ब्रू कॉफी ने धीरेधीरे इंडियन मार्केट में आए वैसे ही माचा भी प्रीमियम कैफे कल्चर का हिस्सा बनता जा रहा है.

डेली पीना कितना सेफ?

गीतिका चोपड़ा कहती हैं हेल्दी अडल्ट के लिए दिनभर में कैफीन 400 मिलीग्राम से ज्यादा नहीं होनी चाहिए. इसमें कॉफी, चाय, चॉकलेट और एनर्जी ड्रिंक्स से मिलने वाला कैफीन भी शामिल है. एसिडिटी, एंग्जायटी, दिल की धड़कन तेज होने या नींद की परेशानी वाले लोगों को इसकी मात्रा सीमित रखनी चाहिए. गर्भवती महिलाओं को कैफीन 200 मिलीग्राम से कम रखना चाहिए.अधिक मात्रा में ग्रीन टी एक्सट्रैक्ट सप्लीमेंट लेने से लिवर को नुकसान पहुंचाने का जोखिम भी हो सकता है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। हेल्दी एडल्ट लिमिटेड क्वांटिटी में डेली माचा पी सकते हैं. एक कप से शुरुआत करना बेहतर है.

असली माचा का रंग चमकीला हरा, पाउडर बेहद बारीक और खुशबू ताजी ग्रीन टी जैसी होती है. पैकेट पर 100 प्रतिशत शुद्ध माचा,मैन्युप्रेक्चरर जापानी मूल और बेस्ट बिफोर डेट जरूर जांचें. चीनी, फ्लेवर या मिल्क पाउडर मिला हो तो वो प्योर नहीं बल्कि माचा ब्लेंड है.