सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में एक नाबालिग छात्रा के साथ हुई दरिंदगी के मामले में अदालत ने सख्त रुख अपनाते हुए दो आरोपियों को कठोर कारावास की सजा सुनाई है। स्कूल जाने के लिए घर से निकली छात्रा को रास्ते में लिफ्ट देने का झांसा देकर दो युवकों ने कार में बैठाया और उसे बद्दी के एक होटल में ले गए, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। करीब छह साल पुराने इस मामले में सोलन की फास्ट ट्रैक विशेष पॉक्सो अदालत ने दोनों आरोपियों को दोषी करार देते हुए 10-10 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही अदालत ने दोनों पर 30-30 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है।

लिफ्ट देने के बहाने छात्रा को बनाया निशाना

मामले के अनुसार, यह घटना 29 जनवरी 2020 की है। उस समय पीड़िता नाबालिग थी और अपने परिवार के साथ बरोटीवाला क्षेत्र में रहती थी। घटना वाले दिन सुबह करीब 8:30 बजे वह रोजाना की तरह स्कूल जाने के लिए निकली थी। इसी दौरान दोनों आरोपियों ने उसे रास्ते में कार से लिफ्ट देने की पेशकश की। छात्रा को उनकी नीयत का अंदाजा नहीं था और वह उनकी बातों में आकर कार में बैठ गई। इसके बाद आरोपी उसे बद्दी स्थित कृष्णा होटल ले गए, जहां उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया।

 

महिला पुलिस थाना बद्दी में दर्ज हुआ था मामला

घटना के बाद पीड़िता की ओर से महिला पुलिस थाना बद्दी में शिकायत दर्ज करवाई गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए और आरोपियों के खिलाफ अदालत में चालान पेश किया गया। इसके बाद मामले की सुनवाई सोलन की फास्ट ट्रैक विशेष पॉक्सो अदालत में हुई।

अभियोजन पक्ष ने अदालत में पेश किए 21 गवाह

मुकदमे की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने आरोपों को साबित करने के लिए अदालत के समक्ष कुल 21 गवाह पेश किए। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और प्रस्तुत साक्ष्यों का मूल्यांकन करने के बाद अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश कनिका चावला की अदालत ने दोनों आरोपियों को दोषी करार दिया। अदालत ने अपराध की गंभीरता को देखते हुए उन्हें कठोर कारावास की सजा सुनाई।

 

अशरफ खान को पॉक्सो एक्ट में 10 साल की कैद

अदालत ने दोषी अशरफ खान को पॉक्सो अधिनियम के तहत 10 साल के कठोर कारावास और 20 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। इसके अलावा भारतीय दंड संहिता के तहत उसे पांच साल की कैद और 10 हजार रुपये जुर्माना भी लगाया गया। वहीं, भारतीय दंड संहिता की धारा 506 के तहत छह महीने के साधारण कारावास की सजा भी सुनाई गई।

शमशुद्दीन को भी भुगतनी होगी 10 साल की सजा

दूसरे दोषी शमशुद्दीन को भी अदालत ने पॉक्सो अधिनियम और भारतीय दंड संहिता के तहत दोषी ठहराया। उसे पॉक्सो एक्ट के तहत 10 साल के कठोर कारावास और 20 हजार रुपये जुर्माने की सजा दी गई। इसके अतिरिक्त धारा 363 के तहत पांच साल की कैद और 10 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। दोनों आरोपियों को लगाए गए जुर्माने की राशि अदा नहीं करने की स्थिति में अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।

 

 

लोक अभियोजक ने प्रभावी ढंग से रखा पक्ष

इस मामले में अभियोजन पक्ष की ओर से लोक अभियोजक चंद्र सागर नेगी ने पैरवी की। उन्हें नायब कोर्ट समृद्धि का सहयोग मिला। अभियोजन पक्ष की ओर से अदालत में पेश किए गए गवाहों और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला साबित हुआ, जिसके बाद अदालत ने दोनों को दोषी ठहराते हुए सजा का फैसला सुनाया।