शिमला। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में शिमला पुलिस के स्पेशल सेल ने चिट्टा तस्करी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कोटी और जुन्गा क्षेत्र में चिट्टा सप्लाई करने वाले मुख्य आरोपी को पंजाब से गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा था।

पंजाब से पकड़ा गया मुख्य सप्लायर

प्राप्त जावकारी के अनुसार, पकड़े गए आरोपी की पहचान युगराज पुत्र प्यार चंद निवासी कोटी, तहसील जुन्गा, जिला शिमला के रूप में हुई है। आरोपी 56 ग्राम चिट्टा बरामदगी के मामले में फरार चल रहा था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

 

महिला के कमरे से मिला था 56 ग्राम चिट्टा

पुलिस के अनुसार, यह मामला 15 और 16 अक्तूबर की मध्यरात्रि का है। उस दौरान स्पेशल सेल की टीम ने शिमला के लोअर चक्कर में एक कमरे में दबिश दी थी। यहां पुलिस ने एक महिला के कब्जे से 56 ग्राम चिट्टा बरामद किया था। इसके बाद 16 अक्तूबर को बालूगंज पुलिस थाने में NDPS एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया था। इसी मामले में पुलिस मुख्य सप्लायर युगराज की तलाश कर रही थी।

महिला के कमरे से चल रहा था नशे का कारोबार

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी युगराज ने महिला के कमरे को चिट्टा सप्लाई करने का ठिकाना बना रखा था। वह अपने साथियों की मदद से शिमला में नशा बेचने का काम कर रहा था। पुलिस जांच में आरोपी के पंजाब समेत दूसरे राज्यों के नशा तस्करों से संपर्क होने की बात भी सामने आई है। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इतना ही नहीं, आरोपी का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसे इससे पहले पंजाब के मोहाली में 20 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया जा चुका है। उस समय उसके खिलाफ मामला संख्या 66/22 दर्ज हुआ था।

 

कोटी और आसपास के इलाकों में सप्लाई नेटवर्क को झटका

पुलिस के अनुसार, मुख्य सप्लायर युगराज की गिरफ्तारी से कोटी और आसपास के क्षेत्रों में फैले चिट्टा सप्लाई नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि नशे के कारोबार में शामिल तस्करों और उनके मुख्य सप्लायरों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।