शिमला। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के गिरिपार क्षेत्र के लाखों लोगों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा देने के केंद्र सरकार के फैसले पर कानूनी मुहर लगाते हुए हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने इसे चुनौती देने वाली सभी याचिकाओं को खारिज कर दिया है। अदालत ने साफ शब्दों में कहा कि संसद की ओर से बनाए गए कानून में हाईकोर्ट न तो संशोधन कर सकता है और न ही उस पर रोक लगा सकता है।

हाईकोर्ट के इस फैसले के बाद गिरिपार क्षेत्र में खुशी का माहौल है। छह दशक से अधिक समय से अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हाटी समुदाय के लिए यह निर्णय एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। वर्षों की प्रतीक्षा, आंदोलनों और लंबी कानूनी लड़ाई के बाद आए इस फैसले ने क्षेत्र के लोगों की उम्मीदों को नई मजबूती दी है।
हाईकोर्ट ने खारिज की चुनौती देने वाली सभी याचिकाएं
हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट की वरिष्ठ न्यायाधीश न्यायमूर्ति विवेक सिंह ठाकुर और न्यायमूर्ति भूपेश शर्मा की खंडपीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए याचिकाओं को खारिज किया। अदालत ने अपने निर्णय में स्पष्ट किया कि संसद द्वारा कानून के माध्यम से किसी समुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा दिए जाने के बाद न्यायालय उस समुदाय को सूची से बाहर करने का आदेश नहीं दे सकता।
अदालत ने इस संबंध में सुप्रीम कोर्ट के पूर्व निर्धारित न्यायिक सिद्धांतों का भी उल्लेख किया। हाईकोर्ट की इस टिप्पणी ने साफ कर दिया कि अनुसूचित जनजाति की सूची में किसी समुदाय को शामिल करने या हटाने का संवैधानिक अधिकार संसद के पास है। ऐसे में केंद्र सरकार के फैसले पर रोक लगाने या उसमें बदलाव करने का सवाल अदालत के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता।
गिरिपार अनुसूचित जाति अधिकार संरक्षण समिति की याचिका खारिज
दरअसल, केंद्र सरकार की ओर से सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र के हाटी समुदाय को एसटी का दर्जा दिए जाने के फैसले को गिरिपार अनुसूचित जाति अधिकार संरक्षण समिति ने हिमाचल हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। समिति की ओर से सिविल रिट याचिका दाखिल कर केंद्र सरकार के निर्णय पर सवाल उठाए गए थे। याचिकाकर्ताओं ने अनुसूचित जनजाति का दर्जा दिए जाने से क्षेत्र के अनुसूचित जाति समुदाय के अधिकारों और हितों पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों का मुद्दा उठाया था। करीब तीन वर्षों तक चली न्यायिक प्रक्रिया के बाद अब हाईकोर्ट ने सभी याचिकाओं को खारिज कर दिया है।
2023 में राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद मिला था संवैधानिक दर्जा
हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा दिलाने की दिशा में वर्ष 2022 में संसद में विधायी प्रक्रिया शुरू हुई थी। दिसंबर 2022 में लोकसभा और जुलाई 2023 में राज्यसभा से संबंधित विधेयक पारित हुआ। इसके बाद राष्ट्रपति की मंजूरी मिलने पर 4 अगस्त 2023 को इसे भारत के राजपत्र में प्रकाशित किया गया। इसी अधिसूचना के माध्यम से सिरमौर जिले के गिरिपार क्षेत्र के हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति की सूची में शामिल करने का रास्ता साफ हुआ था। हालांकि, इस निर्णय को हाईकोर्ट में चुनौती दिए जाने के बाद समुदाय के दर्जे को लेकर कानूनी विवाद शुरू हो गया था। अब अदालत द्वारा याचिकाएं खारिज किए जाने से केंद्र सरकार के इस फैसले को बड़ी कानूनी मजबूती मिली है।
1967 से जुड़ी है हाटी समुदाय की मांग
हाटी समुदाय की एसटी दर्जे की मांग का इतिहास करीब छह दशक पुराना है। गिरिपार क्षेत्र और उत्तराखंड के जौनसार-बावर इलाके के बीच भौगोलिक, सामाजिक और सांस्कृतिक समानताओं को इस मांग का प्रमुख आधार बनाया जाता रहा है। हाटी समुदाय के प्रतिनिधियों का कहना है कि वर्ष 1967 में जौनसार-बावर क्षेत्र को जनजातीय दर्जा मिल गया था, जबकि उससे सटे गिरिपार क्षेत्र के लोग लंबे समय तक इस अधिकार से वंचित रहे। इसी अंतर को दूर करने के लिए क्षेत्र में लगातार आंदोलन, जनसभाएं और संघर्ष किए गए। केंद्रीय हाटी समिति सहित विभिन्न संगठनों ने इस मांग को सरकारों और संबंधित मंचों तक पहुंचाया। अब हाईकोर्ट के फैसले ने इस लंबे संघर्ष के एक महत्वपूर्ण अध्याय को नई दिशा दी है।
केंद्रीय हाटी समिति ने जताया आभार
केंद्रीय हाटी समिति के अध्यक्ष डॉ. अमीचंद ने हाईकोर्ट के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे गिरिपार क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी राहत बताया। उन्होंने कहा कि हाटी समुदाय ने अपने अधिकारों के लिए लंबा आंदोलन लड़ा है और इस मांग को पूरा करवाने के लिए कई पीढ़ियों ने प्रयास किए हैं। वर्ष 1967 में जौनसार क्षेत्र को जनजातीय दर्जा मिलने के बाद से ही गिरिपार के लोग भी समान दर्जे की मांग उठाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि अदालत का फैसला समुदाय के लिए संतोषजनक है। केंद्रीय हाटी समिति ने इस उपलब्धि के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया है।
श्रवण डोगरा और अशोक शर्मा ने फैसले को बताया ऐतिहासिक
हाटी समुदाय की ओर से अदालत में पैरवी कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता श्रवण डोगरा और अशोक शर्मा ने हाईकोर्ट के फैसले को ऐतिहासिक करार दिया। उन्होंने कहा कि अदालत ने संवैधानिक व्यवस्था और सुप्रीम कोर्ट के पहले से स्थापित फैसलों के अनुरूप निर्णय सुनाया है। संसद के अधिकार क्षेत्र में न्यायालय के हस्तक्षेप की सीमाएं स्पष्ट हैं और हाईकोर्ट ने इसी कानूनी स्थिति को अपने फैसले में रेखांकित किया है। वहीं, याचिकाकर्ता पक्ष की ओर से पैरवी कर रहे अधिवक्ता अनिल कुमार मंगेट ने भी अदालत के फैसले का स्वागत किया।
हर्षवर्धन चौहान ने बताया गिरिपार के लोगों के संघर्ष की जीत
प्रदेश के उद्योग मंत्री एवं शिलाई के विधायक हर्षवर्धन चौहान ने भी हाईकोर्ट के फैसले पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र के लोगों के लंबे संघर्ष, धैर्य और उम्मीदों की जीत है। करीब तीन वर्षों से अदालत में लंबित मामले का निपटारा होने से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिली है। चौहान के अनुसार, हाटी समुदाय को एसटी दर्जा बरकरार रहने से करीब 3 से 3.5 लाख की आबादी को लाभ मिलने की उम्मीद है। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा लंबे समय से सरकार और न्यायालय के समक्ष रहा है और अब फैसले से समुदाय को बड़ी राहत मिली है।
बलदेव तोमर ने बताया हाटी समाज की एकजुटता की ऐतिहासिक जीत
हाईकोर्ट के फैसले पर भाजपा नेता बलदेव तोमर ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से खुशी जाहिर की। उन्होंने अपनी पोस्ट में ‘सत्यमेव जयते’ लिखते हुए हाटी समाज के संघर्ष और एकजुटता को इस उपलब्धि का आधार बताया। उन्होंने कहा कि वर्षों का इंतजार, लंबा संघर्ष और अपने अधिकारों के प्रति अटूट विश्वास आखिरकार एक महत्वपूर्ण मुकाम तक पहुंचा है। यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे हाटी समुदाय की एकजुटता, धैर्य और सामूहिक प्रयासों की जीत है। उन्होंने हाटी समाज के सभी लोगों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
गिरिपार में खुशी की लहर
हिमाचल हाईकोर्ट के फैसले के बाद सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र में हाटी समुदाय के बीच खुशी और उत्साह का माहौल है। लंबे समय से चल रही कानूनी अनिश्चितता समाप्त होने से लोगों ने राहत की सांस ली है। क्षेत्र के लोगों को अब उम्मीद है कि अनुसूचित जनजाति के दर्जे से जुड़े संवैधानिक और सरकारी प्रावधानों के तहत पात्र परिवारों को मिलने वाले लाभों का रास्ता और स्पष्ट होगा।



