किन्नौर। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले के जवाहर नवोदय विद्यालय में जूनियर छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आने के बाद अब स्कूल प्रबंधन ने बड़ा एक्शन लिया है। हॉस्टल में सीनियर छात्रों द्वारा जूनियर की बेरहमी से पिटाई करने का वीडियो हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। वीडियो सामने आने के बाद स्कूल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की है। इस घटना ने एक बार फिर स्कूलों के हॉस्टल में बच्चों की सुरक्षा और अनुशासन व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

नवोदय स्कूल में छात्र के साथ मारपीट का मामला

जवाहर नवोदय विद्यालय में बच्चों को कड़ी चयन प्रक्रिया के बाद पढ़ने का मौका मिलता है। माता-पिता भी बेहतर शिक्षा और अच्छे भविष्य की उम्मीद लेकर अपने बच्चों को यहां भेजते हैं। कई छात्र हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करते हैं और अनुशासन व आपसी सहयोग जैसी बातें सीखते हैं। लेकिन स्कूल परिसर में ही एक छात्र के साथ मारपीट का वीडियो सामने आने से विद्यालय की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। इस घटना के बाद अभिभावकों की चिंता भी बढ़ गई है।

 

छह छात्रों को किया गया निलंबित

छात्र के साथ मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद स्कूल प्रबंधन ने कार्रवाई करते हुए छह छात्रों को निलंबित कर दिया है। वहीं, बाल कल्याण समिति (CWC) ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। समिति के चेयरमैन एडवोकेट प्रताप नेगी ने बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद समिति ने तुरंत कार्रवाई की है। मामले की जांच की जा रही है और इसकी रिपोर्ट उपायुक्त व संबंधित प्रबंधन को सौंपी जाएगी। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस भी कर रही मामले की जांच

इस मामले में पुलिस ने भी जांच शुरू कर दी है। किन्नौर के पुलिस अधीक्षक सुशील शर्मा ने पीटीआई से बातचीत में बताया कि पुलिस फिलहाल जांच समिति की रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। उन्होंने कहा कि मारपीट में शामिल छात्र नाबालिग हैं, इसलिए रिपोर्ट के निष्कर्ष सामने आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

 

सितंबर में हुई थी मारपीट, अब वायरल हुआ वीडियो

जानकारी के अनुसार, छात्र के साथ मारपीट की यह घटना कथित तौर पर सितंबर महीने की है, लेकिन इसका वीडियो गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। वीडियो में 11वीं और 12वीं कक्षा के पांच से छह छात्र 9वीं कक्षा के विद्यार्थी के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। पहले छात्र को बिस्तर पर धक्का दिया जाता है और फिर नीचे फर्श पर गिराकर लात-घूंसे मारे जाते हैं। इस दौरान आरोपी छात्र गाली-गलौज और धमकियां देते हुए भी सुनाई दे रहे हैं।

स्कूल में मोबाइल फोन और दूसरी अनियमितताओं की भी जांच

वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन इस बात की भी जांच कर रहा है कि छात्रों को स्कूल परिसर में मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति कैसे मिली। इसके अलावा छात्रों के बिना अनुमति स्कूल परिसर से बाहर जाने जैसी कुछ अन्य अनियमितताएं भी सामने आई हैं। प्रशासन अब इन सभी पहलुओं की जांच कर रहा है, ताकि स्कूल की व्यवस्था में सामने आई कमियों का पता लगाया जा सके।

 

 

प्रिंसिपल को कारण बताओ नोटिस जारी

किन्नौर की उपायुक्त सोनाक्षी तोमर ने पीटीआई को बताया कि प्रशासन ने स्कूल के प्रधानाचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। साथ ही घटना के समय ड्यूटी पर मौजूद शिक्षकों और हॉस्टल वार्डन की जिम्मेदारी की भी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच के लिए शिक्षा विभाग और बाल कल्याण समिति की टीमों ने स्कूल का दौरा किया है। उन्होंने बताया कि पीड़ित छात्र और उसके माता-पिता की काउंसलिंग भी की जा रही है।

दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

बाल कल्याण समिति और पुलिस दोनों ही मामले की जांच कर रही हैं। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट संबंधित अधिकारियों को सौंपी जाएगी। प्रशासन का कहना है कि मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर हॉस्टल में रहने वाले बच्चों की सुरक्षा और स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।