पालमपुर कांगड़ा। हिमाचल भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने केंद्र की मोदी सरकार के एक बड़े फैसले के खिलाफ मोर्चा खोलकर सियासी हलचल तेज कर दी है। अपनी ही पार्टी की सरकार के निर्णय से नाखुश शांता कुमार ने लोकसभा और देश की सभी विधानसभाओं में सदस्यों की संख्या 50 प्रतिशत तक बढ़ाने के प्रस्ताव का कड़ा विरोध किया है।

 

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस फैसले को देशहित में उचित नहीं बताया और सवाल उठाया कि आखिर महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए सांसदों और विधायकों की संख्या बढ़ाने की जरूरत ही क्या थी?

 

शांता कुमार का कहना है कि महिलाओं को आरक्षण देने का फैसला ऐतिहासिक और स्वागत योग्य है, लेकिन इसके साथ सीटों की संख्या बढ़ाने का निर्णय अनावश्यक है। उनका मानना है कि इस फैसले से देश पर अरबों रुपये का अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।

 

महिलाओं को आरक्षण का समर्थन, लेकिन परिसीमन पर विरोध

पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने कहा कि देश के लोकतांत्रिक ढांचे में एक बड़ा बदलाव होने जा रहा है और इसके लिए संसद का विशेष सत्र भी बुलाया गया है। संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का फैसला बेहद ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि देश में जब भी महिलाओं को प्रशासनिक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, उन्होंने कई मामलों में पुरुषों से बेहतर प्रदर्शन किया है। ऐसे में राजनीति और विधायी संस्थाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना एक सराहनीय कदम है। हालांकि, आरक्षण के साथ ही लोकसभा और विधानसभाओं की सीटों में 50 प्रतिशत तक वृद्धि करने का प्रस्ताव उन्हें स्वीकार नहीं है। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। उन्होंने दोनों फैसलों को अलग-अलग नजरिए से देखने की जरूरत बताई।

 

सांसद, विधायकों की संख्या भी बढ़ाने की तैयारी

शांता कुमार ने कहा कि वर्तमान लोकसभा में 543 सदस्य हैं, जबकि प्रस्तावित व्यवस्था के तहत इनकी अधिकतम संख्या 850 तक पहुंच सकती है। इसमें राज्यों से 815 और केंद्र शासित प्रदेशों से 35 सदस्य शामिल होंगे। इसी तरह देश की सभी विधानसभाओं में भी सदस्यों की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव है। उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि वर्तमान में देमहिलाओं को आरक्षण देने के लिए मौजूदा सीटों में ही 33 प्रतिशत हिस्सेदारी सुनिश्चित की जा सकती थी।

 

नई संसद से लेकर राज्यों की विधानसभाओं तक बढ़ेगा खर्च

केंद्र सरकार के इस प्रस्ताव पर सवाल उठाते हुए शांता कुमार ने इसके आर्थिक पहलू को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि जब सांसदों और विधायकों की संख्या इतनी अधिक बढ़ाई जाएगी तो उनके बैठने, कामकाज और अन्य व्यवस्थाओं के लिए भी बड़े स्तर पर इंतजाम करने होंगे। संसद में 850 सदस्यों और राज्यों की विधानसभाओं में बढ़ी हुई संख्या के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए नए निर्माण और मौजूदा भवनों के विस्तार की जरूरत पड़ सकती है। इसके लिए केंद्र और राज्यों को अरबों रुपये खर्च करने पड़ेंगे।

महंगाई, बेरोजगारी और गरीबी के बीच अतिरिक्त आर्थिक बोझ पर सवाल

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की आर्थिक परिस्थितियां पहले ही कई चुनौतियों से गुजर रही हैं। बढ़ती जनसंख्या, महंगाई, गरीबी और बेरोजगारी आम लोगों के सामने गंभीर समस्याएं बनती जा रही हैं। ऐसे समय में संसद और विधानसभाओं के आकार को बढ़ाने पर भारी-भरकम धनराशि खर्च करना उनकी समझ से परे है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब महिलाओं को मौजूदा लोकसभा और विधानसभा सीटों में ही 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जा सकता है तो फिर सदस्यों की संख्या बढ़ाने की जरूरत क्यों महसूस की गई? उनका कहना है कि सरकार को इस फैसले के आर्थिक परिणामों और भविष्य में पड़ने वाले वित्तीय बोझ का भी आकलन करना चाहिए था।

 

 

प्रधानमंत्री के फैसले में नहीं दिख रहा देश का हित

शांता कुमार ने कहा कि उन्होंने इस पूरे निर्णय पर काफी विचार किया, लेकिन उन्हें यह समझ नहीं आया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा और विधानसभाओं की सदस्य संख्या बढ़ाने का फैसला क्यों किया। उन्होंने कहा कि यदि संसद और विधानसभाओं की मौजूदा सीटें बरकरार रखते हुए इन्हीं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दे दिया जाता तो यह कहीं अधिक बेहतर और उचित निर्णय होता। महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने के लिए सीटें बढ़ाना जरूरी नहीं था। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह महिला आरक्षण के विरोध में नहीं हैं, बल्कि आरक्षण के नाम पर जनप्रतिनिधियों की संख्या में इतनी बड़ी वृद्धि किए जाने के खिलाफ हैं।

 

‘पार्टी का विरोध करना पड़ रहा है, लेकिन देश पहले’

अपनी ही पार्टी की सरकार के फैसले पर खुलकर असहमति जताते हुए शांता कुमार ने कहा कि उन्हें अफसोस है कि आज उन्हें अपनी ही पार्टी के निर्णय का विरोध करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल से जुड़े होने का मतलब यह नहीं है कि उसके हर फैसले का समर्थन किया जाए। जब कोई निर्णय देश के व्यापक हितों से जुड़ा हो तो उस पर सवाल उठाना और अपनी बात रखना जरूरी है। उन्होंने दो टूक कहा कि उनके लिए पार्टी से पहले देश का हित है। उनका यह बयान ऐसे समय में सामने आया है, जब केंद्र सरकार महिलाओं के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को बढ़ाने और परिसीमन के जरिए संसद एवं विधानसभाओं की संरचना में बड़े बदलाव की दिशा में आगे बढ़ रही है। शांता कुमार की इस असहमति ने भाजपा के भीतर भी इस मुद्दे को लेकर नई राजनीतिक चर्चा को जन्म दे दिया है।