सोलन। हिमाचल प्रदेश में चिट्टे का काला कारोबार लगातार अपने पैर पसारता जा रहा है। नशे के इस अवैध धंधे में अब कम उम्र के युवाओं के साथ महिलाएं और युवतियां भी शामिल होती नजर आ रही हैं। हालांकि, नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान भी लगातार जारी है और आए दिन तस्करों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जा रहा है। इसी कड़ी में सोलन जिले में पुलिस ने नशे के कारोबार से जुड़े दो युवकों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

 

हैरानी की बात यह है कि दोनों युवक टैक्सी में सवार होकर चिट्टे की सप्लाई के लिए निकले थे, लेकिन पुलिस की विशेष जांच इकाई (एसआईयू) ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। पुलिस ने टैक्सी की तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से 36.97 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। बरामद नशे की मात्रा को देखते हुए पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी कहां से चिट्टा लेकर आए थे और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी।

 

गुप्त सूचना पर एसआईयू ने बिछाया जाल

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 28 नवंबर को जिला पुलिस की विशेष जांच इकाई को कंडाघाट क्षेत्र में नशे की तस्करी से जुड़ी गुप्त सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसआईयू की टीम ने तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई और संबंधित क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी। इसी दौरान पुलिस को एक किराये की टैक्सी आती दिखाई दी। शक के आधार पर टीम ने टैक्सी को रुकवाया और उसमें सवार युवकों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस को उनके कब्जे से 36.97 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद दोनों युवकों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

 

 

कुल्लू और शिमला के रहने वाले हैं दोनों आरोपी

पुलिस ने गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान हरि सिंह निवासी गांव शानी, तांदी जिला कुल्लू और संजय उर्फ बाबू निवासी रामपुर बुशहर, जिला शिमला के रूप में की है। दोनों आरोपी अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं और किराये की टैक्सी में सफर कर रहे थे। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि दोनों के बीच नशे की सप्लाई को लेकर क्या नेटवर्क था और इनके तार किसी बड़े तस्करी गिरोह से तो नहीं जुड़े हैं।

न्यायालय ने न्यायिक हिरासत में भेजे आरोपी

मामले में पुलिस थाना कंडाघाट में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू की गई है। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। पुलिस अब आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को भी खंगाल रही है। इसके साथ ही चिट्टे की खरीद-फरोख्त, सप्लाई के संभावित ठिकानों और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

 

युवा पीढ़ी के लिए नासूर बनता जा रहा चिट्टा

हिमाचल प्रदेश में चिट्टे का बढ़ता कारोबार पुलिस और समाज दोनों के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। नशे की गिरफ्त में युवा पीढ़ी का फंसना चिंता का विषय है। चिट्टे की लत न केवल युवाओं का भविष्य बर्बाद कर रही है, बल्कि कई परिवारों को भी गंभीर सामाजिक और आर्थिक संकट में धकेल रही है। पुलिस लगातार नाकाबंदी, गुप्त सूचनाओं और विशेष अभियानों के माध्यम से नशा तस्करों पर शिकंजा कस रही है। कंडाघाट में हुई यह कार्रवाई भी इसी अभियान का हिस्सा है। अब पुलिस की जांच इस बात पर केंद्रित है कि गिरफ्तार दोनों युवक केवल सप्लाई करने वाले थे या इनके पीछे नशे के कारोबार का कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है।