शिमला: केंद्र की मोदी सरकार द्वारा महिला आरक्षण के साथ-साथ परिसीमन के फॉर्मूले को आगे बढ़ाने से हिमाचल प्रदेश की राजनीति में चर्चाओं का बाजार अचानक गर्म हो गया है। एक तरफ जहां प्रदेश के सियासी गलियारों में विधानसभा क्षेत्रों की संख्या बढ़ने और सियासी समीकरण बदलने की जोरदार चर्चा हो रही है, वहीं दूसरी तरफ सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा हो गया है कि पहले से मौजूद विधानसभा भवनों में इतने ‘माननीयों’ की सिटिंग कैपेसिटी का इंतजाम कैसे होगा?

यदि केंद्र का परिसीमन फॉर्मूला लागू होता है, तो उम्मीद जताई जा रही है कि 2027 के बाद होने वाले अगले विधानसभा चुनावों में हिमाचल में 100 से अधिक (संभवतः 102) सीटों पर चुनावी रण सजेगा। इस संभावित बदलाव ने नेताओं की धड़कनें तेज कर दी हैं, क्योंकि इसमें 34 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी। लेकिन इस राजनीतिक उत्साह के बीच एक गंभीर व्यावहारिक संकट भी मुंह बाए खड़ा है—इतने सारे विधायकों को बैठाने के लिए हिमाचल सरकार को अब एक नया विधानसभा भवन बनाना ही पड़ेगा।
सीटें बढ़ीं तो बदलेगा पूरा चुनावी नक्शा
परिसीमन का असर केवल विधानसभा में सदस्यों की संख्या बढ़ने तक सीमित नहीं रहेगा। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। नए विधानसभा क्षेत्रों के गठन और मौजूदा क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव से कई इलाकों का राजनीतिक भूगोल बदल सकता है। जिन नेताओं का वर्षों से किसी क्षेत्र में प्रभाव रहा है, उनके सामने नए समीकरणों के अनुसार अपनी राजनीतिक जमीन तैयार करने की चुनौती आ सकती है। वहीं राजनीतिक दलों को भी नए क्षेत्रों के लिए संगठन, उम्मीदवार और चुनावी रणनीति तैयार करनी होगी।
72 की क्षमता वाले सदनों में कैसे समाएंगे 102 विधायक?
हिमाचल की सियासत फिलहाल दो राजधानियों शिमला और धर्मशाला के इर्द-गिर्द घूमती है, लेकिन दोनों ही जगहों के विधानसभा भवन भविष्य के इस बड़े विस्तार के लिए तैयार नहीं हैं।
शिमला का ऐतिहासिक विधानसभा भवन और धर्मशाला का तपोवन परिसर फिलहाल मौजूदा 68 सदस्यीय सदन की जरूरतों के अनुरूप संचालित होते हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, शिमला के काउंसिल चैंबर में 72 सदस्यों के बैठने की क्षमता है। ऐसे में 102 सदस्यीय सदन के लिए करीब 30 अतिरिक्त सीटों की व्यवस्था करनी होगी।
शिमला में विरासत बनी बेड़ियां, विस्तार की गुंजाइश शून्य
शिमला स्थित काउंसिल चैंबर हिमाचल की विधायी परंपरा का ऐतिहासिक केंद्र है। वर्ष 1920 में इसका निर्माण शुरू हुआ था और 20 अगस्त, 1925 को तत्कालीन वायसराय लॉर्ड रीडिंग ने इसका उद्घाटन किया था। ब्रिटिश काल में इस भवन में 145 सदस्य बैठते थे, लेकिन समय के साथ इसकी संरचना और उपयोग में बदलाव हुए। वर्ष 1988 में सदन को आयताकार से यू आकार दिया गया और बैठने की क्षमता 72 सदस्यों तक निर्धारित की गई। अब यही ऐतिहासिक पहचान भविष्य में विस्तार के रास्ते की बड़ी चुनौती बन सकती है। भवन हेरिटेज श्रेणी में शामिल है और इसकी मूल वास्तुकला में बड़े बदलाव करना आसान नहीं होगा
तपोवन में विस्तार की संभावना
धर्मशाला के तपोवन में स्थित विधानसभा परिसर में शिमला की तुलना में विस्तार की गुंजाइश अधिक मानी जा रही है। परिसर के आसपास उपलब्ध सरकारी जमीन के कारण अतिरिक्त निर्माण की संभावना पर विचार किया जा सकता है। लेकिन वहां भी मौजूदा सदन की क्षमता को 102 सदस्यों के अनुरूप बनाने के लिए बड़े स्तर पर बदलाव करने होंगे। तपोवन में शीतकालीन सत्र आमतौर पर सीमित दिनों के लिए आयोजित होता है। ऐसे में सवाल यह भी है कि क्या केवल कुछ दिनों के सत्र के लिए बड़े पैमाने पर निर्माण और सुविधाओं पर अतिरिक्त खर्च करना उचित होगा, या फिर प्रदेश को भविष्य की जरूरतों को देखते हुए एक स्थायी और आधुनिक विधानसभा परिसर की योजना बनानी चाहिए?
34 महिला विधायकों के लिए अलग सुविधाओं की जरूरत
यदि सदन में 34 महिला विधायक पहुंचती हैं, तो महिला आरक्षण के अनुरूप बुनियादी सुविधाओं का विस्तार भी जरूरी होगा। महिला सदस्यों के लिए पर्याप्त विश्राम कक्ष, शौचालय, शिशु देखभाल कक्ष और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाएं विकसित करनी होंगी। इसके साथ ही सभी नए विधायकों के लिए कार्यालय, आवास और कर्मचारियों की व्यवस्था भी करनी पड़ेगी। विधायकों की संख्या बढ़ने से विधानसभा सचिवालय पर भी काम का बोझ बढ़ेगा। अतिरिक्त सचिवालय स्टाफ, अधिकारियों के कक्ष, समितियों के लिए बैठक स्थल और सदन की कार्यवाही संचालित करने वाली तकनीकी सुविधाओं की जरूरत होगी।
मेट्रोपोल और जाठियादेवी के विकल्पों पर चर्चा
शिमला में नए विधानसभा भवन के निर्माण के विकल्प तलाशना भी सरकार के लिए बड़ी चुनौती होगा। मेट्रोपोल परिसर में निर्माणाधीन विधायक सदन का अपना उद्देश्य और सीमाएं हैं। ऐसे में वहां पूरे विधानसभा सदन के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध होने का सवाल उठता है।
दूसरी ओर, शिमला के बाहरी क्षेत्र जाठियादेवी में विकसित हो रहे नए शहर को लेकर पहले भी बड़े संस्थागत निर्माण की संभावनाओं पर चर्चा होती रही है। भविष्य में यदि विधानसभा की सदस्य संख्या 102 तक पहुंचती है, तो जाठियादेवी जैसे नए विकसित हो रहे क्षेत्र में आधुनिक विधानसभा परिसर बनाने का प्रस्ताव फिर चर्चा में आ सकता है। हालांकि इस संबंध में किसी अंतिम सरकारी निर्णय या स्वीकृत योजना की पुष्टि नहीं है।
परिसीमन पर संसद का फैसला तय करेगा आगे की तस्वीर
फिलहाल केंद्र सरकार की ओर से सामने आया 50 प्रतिशत सीट वृद्धि का प्रस्ताव अंतिम कानून नहीं है। नवंबर 2026 के अंत में केंद्रीय मंत्रिमंडल से मंजूरी के बाद संबंधित संविधान संशोधन और परिसीमन से जुड़े विधेयकों को संसद में पेश करने की प्रक्रिया प्रस्तावित है। ऐसे में हिमाचल में 102 विधानसभा सीटों का आंकड़ा संभावित परिदृश्य है, अंतिम फैसला नहीं।



