राजस्थान के श्रीगंगानगर में दो और बम मिले हैं. यह दोनों बम अनूपगढ़ में पीर की मजार और रेलवे ट्रैक के पास मिले हैं. सूचना मिलते ही राजस्थान पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंच कर पूरा एरिया सीज कर दिया और आसपास के इलाकों में गहन छानबीन की. आईपीएस नितिन चौधरी ने इसकी पुष्टि की. बताया कि रामसिंहपुर से अनूपगढ़ रेलवे ट्रैक के पास पीर की दरगाह के आसपास बमनुमा दो चीजें मिली हैं. इनकी जांच कराई जा रही है.

उन्होंने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर पीर की दरगाह के आसपास का पूरे क्षेत्र को सीज कर दिया गया है. इस संबंध में रेलवे के अधिकारियों को भी सूचित किया गया है. उन्होंने बताया कि रेलवे ट्रैक के पास मिले इन दोनों संदिग्ध वस्तुओं की जांच के लिए बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया है. उन्होंने बताया कि इन दोनों वस्तुओं की जानकारी गिरफ्तारी आरोपियों से पूछताछ में मिली है. ये दोनों आरोपी फिलहाल 10 दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड पर हैं.

पंजाब से पकड़े गए आरोपी

3 नवंबर को अनूपगढ़ में रेलवे ट्रैक पर हुए बम धमाके की जांच करते हुए राजस्थान एटीएस ने दोनों आरोपियों महकदीप और देविंदर को पंजाब से अरेस्ट किया है. रविवार को एटीएस ने इन दोनों आरोपियों को स्पेशल कोर्ट में पेशकर आगे की पूछताछ के लिए 10 दिन की रिमांड पर लिया है. पुलिस इन आरोपियों से आतंकी नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य आरोपियों के संबंध में पूछताछ कर रही है.

घर वालों को भी नहीं थी कोई खबर

महकदीप कौर के पिता त्रिलोक सिंह ने बेटी की हरकतों के प्रति अनभिज्ञता प्रकट की. कहा कि वह घर से शहर जाने का बहाने निकली थी. फिर आठ दिन बाद वापस लौटी. वह घर में भी बहुत कम बातचीत करती थी. पिता के मुताबिक पुलिस जब घर पहुंची तो उन्हें भी बेटी की गतिविधियों की जानकारी मिली. पहले तो वह खुद ही पूरा मामला सुनकर हैरान रह गए. महकदीप की मां सर्वजीत ने बताया कि वह अपनी मर्जी से काम करती थी. उसने 12वीं तक पढ़ाई की और करीब दो साल पहले अपनी पसंद के लड़के से शादी कर ली.

एक बम डिफ्यूज कराया

एटीएस की सूचना पर पहुंचे बम निरोधक दस्ते ने पीर की दरगाह के पास से दो संदिग्ध बॉक्स को कब्जे में लेकर जांच की. दोनों बॉक्स में बम ही थे. इसमें एक बम पहले से क्षतिग्रस्त था. जबकि दूसरे बम को बम निरोधक दस्ते ने डिफ्यूज किया. इस जांच के दौरान सुरक्षा कारणों के चलते रेलवे ट्रैक को करीब 45 मिनट के लिए बंद कर दिया गया था. इसकी वजह से दोनों ओर स्टेशनों पर ट्रेनों को 45 मिनट की देरी से रवाना किया गया.

ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं।