मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में लूट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. हैरानी की बात यह है कि लूट में शामिल दो आरोपी एक दिन पहले ही जेल से बाहर आए थे. 16 नवंबर को जेल से रिहा हुए दोनों बदमाशों ने अगले ही दिन 17 नवंबर को अपने साथियों के साथ मिलकर 17 लाख 90 हजार रुपये लूट लिए. ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र के लांबाखेड़ा बायपास पर हुई इस वारदात का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया. मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. इनके खिलाफ पहले से कुल 74 आपराधिक मामले दर्ज हैं.

लूट का शिकार हुए मुबीन खान निशातपुरा के देवकी नगर में रहते हैं और बकरों की खरीदबिक्री का कारोबार करते हैं. वह जीरापुर से बकरे खरीदकर हैदराबाद और चेन्नई जैसे शहरों में बेचते हैं.

17 नवंबर की सुबह करीब 5:45 बजे वह 17 लाख 90 हजार रुपये से भरा बैग लेकर बाइक से लांबाखेड़ा बायपास स्थित अकरम की पार्किंग के लिए निकले थे. वहां से उन्हें किराये के आयशर ट्रक में सवार होकर जीरापुर जाना था. इसी दौरान पेट्रोल पंप ब्रिज के पास दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया. बदमाशों ने रुपयों से भरा बैग छीना और मौके से फरार हो गए.

दोस्त ने ही बदमाशों तक पहुंचाई थी पूरी जानकारी

पुलिस की जांच में सामने आया कि इस लूट की साजिश में मुबीन का दोस्त मोहम्मद इब्राहिम शामिल था. उसे मुबीन के कारोबार, पैसों और आनेजाने की गतिविधियों की जानकारी थी. उसे यह भी पता था कि मुबीन 17 नवंबर की सुबह राजगढ़ की तरफ जाने वाले हैं और उनके पास बड़ी रकम मौजूद रहेगी.

पुलिस के मुताबिक, इब्राहिम ने इसी जानकारी को अपने साथियों के साथ साझा किया और लूट की योजना तैयार की. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इसके बाद चार बदमाशों ने मुबीन को रास्ते में रोककर वारदात को अंजाम दिया. यानी जिस दोस्त पर मुबीन भरोसा कर रहे थे, वही उनकी गतिविधियों की जानकारी लुटेरों तक पहुंचा रहा था.

1000 CCTV कैमरों के फुटेज खंगालकर पकड़े गए आरोपी

एसपी पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए पुलिस की चार टीमें बनाई गई थीं. जांच के दौरान करीब 1000 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे गए. तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने सबसे पहले मोहम्मद इब्राहिम को भोपाल से पकड़ा.

उससे पूछताछ के बाद पुलिस ने राजस्थान में दबिश देकर चार अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया. सभी आरोपियों की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था.

दो आरोपी एक दिन पहले ही जेल से आए थे बाहर

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में अरशद बब्बा पर 41, आरिफ बाबा पर 16, मोहम्मद इकबाल पर 11, तनवीर पर 4 और मोहम्मद इब्राहिम पर 2 आपराधिक मामले दर्ज हैं. इस तरह पांचों के खिलाफ कुल 74 मामले पहले से दर्ज हैं. इनमें अरशद बब्बा और मोहम्मद इकबाल 16 नवंबर को जेल से रिहा हुए थे. जेल से बाहर आने के अगले ही दिन दोनों लूट की वारदात में शामिल हो गए.

पुलिस ने आरोपियों के पास से 13.50 लाख रुपये नकद, करीब 40 हजार रुपये के कपड़े, वारदात में इस्तेमाल पल्सर बाइक और हुंडई क्रेटा कार बरामद की है. 48 घंटे में लूट का खुलासा करने वाली पुलिस टीम की आईजी भोपाल देहात रुचिवर्धन मिश्र ने तारीफ की है. उन्होंने टीम को 30 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है.