छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में उदंतीसीतानदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र में वन्यप्राणियों के हमले की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. धुरवागुड़ी रेंज के केंदूपाटी गांव में गुरुवार रात दो भालुओं ने एक ग्रामीण पर हमला कर दिया. इस हमले में 32 वर्षीय योगेंद्र ध्रुव गंभीर रूप से घायल हो गए. भालुओं ने उनके सिर और जांघ पर हमला किया, जिससे उन्हें गहरी चोटें आईं. घटना के बाद गांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है.

योगेंद्र ध्रुव पिता जगन्नाथ ध्रुव केंदूपाटी गांव के रहने वाले हैं. गुरुवार रात करीब 8 बजे वह शौच के लिए घर से निकले थे. वह बस्ती से लगभग एक किलोमीटर दूर खेत से लगे जंगल के अंदर RF1235 में स्थित डुमर नाला के पास पहुंचे थे. इसी दौरान अचानक दो भालुओं ने उन पर हमला कर दिया. हमला इतना अचानक हुआ कि योगेंद्र को संभलने या बचाव करने का मौका तक नहीं मिला.
सिर और जांघ पर भालुओं ने किया हमला
भालुओं के हमले में योगेंद्र के सिर और जांघ पर गंभीर चोटें आईं. घटना के बाद आसपास के लोगों को इसकी जानकारी मिली तो ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत धुरवागुड़ी रेंज के रेंजर सुशील कुमार सागर को फोन कर घटना की सूचना दी.
ग्रामीणों ने घायल को अस्पताल पहुंचाने के लिए 108 एंबुलेंस सेवा को भी कॉल किया, लेकिन काफी देर तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंच सकी. घायल की हालत को देखते हुए वन विभाग ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की.
घटना की सूचना मिलते ही रेंजर सुशील कुमार सागर वन विभाग के कर्मचारियों के साथ सक्रिय हुए. उन्होंने घायल योगेंद्र ध्रुव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवभोग पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार कराया गया. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। वन विभाग की ओर से घायल ग्रामीण को तत्काल सहायता राशि भी प्रदान की गई.
हालांकि, 108 एंबुलेंस के मौके पर नहीं पहुंचने का मामला भी सामने आया है. आपात स्थिति में एंबुलेंस सेवा उपलब्ध नहीं होने से घायल को अस्पताल पहुंचाने में परेशानी हुई. फिलहाल वन विभाग की ओर से घायल को मदद दी गई है.
जंगल से लगे गांवों में दहशत
दो भालुओं के हमले की घटना के बाद केंदूपाटी और आसपास के गांवों में वन्यप्राणियों की मौजूदगी को लेकर चिंता बढ़ गई है. जंगल से सटे खेतों और रास्तों पर आनेजाने वाले ग्रामीणों को अब अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ रही है.
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि रात के समय अकेले जंगल या खेतों की ओर न जाएं. खासकर शौच के लिए घर से बाहर निकलते समय सावधानी बरतें और संभव हो तो किसी को साथ लेकर जाएं. आसपास भालू या अन्य वन्यप्राणी दिखाई देने पर उनके करीब जाने या उन्हें भगाने की कोशिश न करें. इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दें.
उदंतीसीतानदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र में हुई इस घटना ने एक बार फिर जंगल से लगे गांवों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा और रात के समय आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.
रिपोर्ट मनमोहन



