MP Crime News: मध्य प्रदेश में छतरपुर के भगवा थाना क्षेत्र के रिछारा गांव में शर्मा परिवार और अहीरवार परिवार का मामला अब दो कहानियों में उलझ गया है. एक तरफ दलित परिवार की महिलाएं हाथ में लोटा लेकर एसपी दफ्तर पहुंची और मंदिर जाने से रोकने और मारपीट का आरोप लगाया है. दूसरी तरफ पुलिस कह रही है कि असली विवाद खेत से निकलने के रास्ते को लेकर है. मंदिर वाली बात एफआईआर में भी नहीं बताई गई थी.

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि उनका परिवार दलित है और कार्तिक माह में व्रत एवं स्नान करके गांव के मंदिर में पूजा करने जाना चाहता है, लेकिन गांव के कुछ ब्राह्मण परिवार के लोग उन्हें मंदिर जाने से रोक रहे हैं. आरोप है कि 18 नवंबर को आरोपियों ने उनके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की. जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और जान से मारने की धमकी दी. शिकायत में ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या करने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है.
पीड़ित परिवार ने एसपी को आवेदन सौंपा
पीड़ित परिवार ने एसपी को आवेदन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ एससीएसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में सख्त कार्रवाई, गिरफ्तारी और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है. वहीं पुलिस का कहना है कि दोनों परिवारों मे खेत से निकलने पर विवाद हुआ था, जिस पर पीड़ित परिवार ने थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी, लेकिन शिकायत में मंदिर जाने पर रोकने की कोई बात नहीं बताई थी.
छतरपुर एसपी रजत सकलेचा ने क्या कहा?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस मामले में भगवा टीआई श्रद्धा शुक्ला ने कहा कि शर्मा परिवार और अहीरवार परिवार के बीच खेत से निकलने को लेकर विवाद हुआ. खेत में ही ये विवाद हुआ. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि दोनों तरफ से मामला दर्ज कर लिया गया है. मामले की जांच की जा रही है.वहीं छतरपुर एसपी रजत सकलेचा ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच हो रही है. पुलिस टीम को गांव भेजा गया है. रास्ते को लेकर विवाद की बात कही जा रही है. हर पहलू की जांच की जा रही है. गांव वालों के भी बयान लिए जा रहे हैं.



