AMCA Fighter Jet: देश की हवाई ताकत को नई ऊंचाई देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जाने वाला है. भारत के नेक्स्ट जनरेशन फाइटर जेट यानी एडवांस्ड मल्टीरोल कॉम्बैट एयरक्राफ्ट को बनाने की जिम्मेदारी किस कंपनी को मिलेगी, इसका फैसला अगले एक महीने के भीतर हो जाएगा. रक्षा मंत्रालय इस हाईप्रोफाइल रेस के विजेता के नाम का ऐलान करने के लिए पूरी तरह तैयार है. इस फैसले के साथ ही देश में ही बनने वाले इस बेहद आधुनिक लड़ाकू विमान का प्रोग्राम अपने अगले चरण यानी प्रोटोटाइप निर्माण की तरफ बढ़ जाएगा.

रेस के आखिरी दौर में देश की तीन बड़ी कंपनियां

लड़ाकू विमान बनाने का ये मुकाबला अब अपने सबसे अहम और आखिरी पड़ाव पर पहुंच चुका है. शुरुआती छंटनी प्रक्रिया के बाद अब मैदान में सिर्फ तीन बड़े दावेदार बचे हैं. इनमें टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड के अलावा लार्सन एंड टुब्रो के नेतृत्व वाला समूह और भारत फोर्ज का कंसोर्टियम शामिल है. इन तीनों ही दिग्गज कंपनियों ने अपने तकनीकी और कमर्शियल प्रस्ताव सरकार को सौंप दिए हैं. फिलहाल रक्षा मंत्रालय के विशेषज्ञ इन प्रस्तावों की बारीकी से जांचपड़ताल कर रहे हैं.

एएनआई नेशनल सिक्योरिटी समिट में बोलते हुए रक्षा सचिव आरके सिंह ने इस पूरे मामले की समयसीमा साफ की. उन्होंने उम्मीद जताई कि करीब एक महीने के अंदर इस रेस के विजेता के नाम की घोषणा कर दी जाएगी. रक्षा सचिव के मुताबिक, विजेता कंपनी तय होने के बाद AMCA के प्रोटोटाइप को तेजी से तैयार करने का काम शुरू होगा. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इसके बाद ही इस लड़ाकू विमान को भारतीय वायुसेना के बेड़े में शामिल करने का रास्ता खुलेगा.

टाटा क्यों मानी जा रही है सबसे मजबूत दावेदार?

तीनों कंपनियों के बीच चल रही इस कड़ी टक्कर में टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड को सबसे आगे माना जा रहा है. इसकी एक बड़ी वजह ये भी है कि वायुसेना के लिए दिए जाने वाले राफेल लड़ाकू विमानों के नए ऑर्डर को बनाने के प्रोग्राम की अगुवाई भी टाटा ही करने वाली है.

हालांकि, विजेता का आखिरी चुनाव सिर्फ नाम के आधार पर नहीं होगा. सरकार ये फैसला पूरी तरह से तकनीकी मानकों के साथसाथ कंपनियों की तरफ से लगाई गई वित्तीय बोलियों को परखने के बाद ही करेगी. जो कंपनी तकनीक और बजट दोनों मोर्चों पर सबसे सटीक बैठेगी, उसे ही ये जिम्मेदारी सौंपी जाएगी.

जेट के इंजन को लेकर बदला समीकरण

लड़ाकू विमान के ढांचे के अलावा उसके इंजन को लेकर भी बड़ी हलचल चल रही है. AMCA के लिए नया जेट इंजन विकसित करने की योजना पर रक्षा सचिव आरके सिंह ने बताया कि आगे का रास्ता तय करने के लिए अगले महीने बेंगलुरु में एक खास वर्कशॉप की योजना बनाई गई है.

इंजन बनाने के इस प्रोजेक्ट में अब एक नया और दिलचस्प मोड़ आ गया है. अब तक रक्षा मंत्रालय फ्रांस की कंपनी सफरान के साथ मिलकर नया इंजन तैयार करने की योजना पर आगे बढ़ रहा था. लेकिन अब इस खेल में एक नया प्रस्ताव सामने आ गया है. मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज ने ब्रिटेन की दिग्गज कंपनी रोल्स रॉयस के साथ साझेदारी कर ली है. इस नई जोड़ी ने भी फाइटर जेट का इंजन बनाने के लिए अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर दी है, जिससे मुकाबला काफी रोचक हो गया है.

वायुसेना को जल्द मिलेगा LCA Mk1a का साथ

इसी कार्यक्रम के दौरान भारतीय वायुसेना के मौजूदा बेड़े को लेकर भी एक राहत भरी खबर सामने आई. एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने बताया कि वायुसेना इसी चालू वित्त वर्ष में स्वदेशी LCA Mk1a लड़ाकू विमान को अपनी सेवा में शामिल कर सकती है. उनके इस बयान से ये साफ संकेत मिलता है कि इस विमान से जुड़ी जो भी तकनीकी दिक्कतें आ रही थीं, उन्हें अब सुलझाया जा रहा है. एक तरफ LCA Mk1a की एंट्री और दूसरी तरफ AMCA को लेकर तेज होते फैसले, ये दोनों कदम भारतीय वायुसेना की ताकत को आने वाले समय में कई गुना बढ़ाने वाले हैं.