दरभंगा जिले के अन्टैर गांव में नवचेतना समिति की ओर से छठ महापर्व 2026 का आयोजन धूमधाम और उत्साह के साथ किया गया. पिछले करीब 10 सालों से समिति गांव के दो छठ घाटों पर पूजा की व्यवस्था करती आ रही है. इस बार भी समिति के युवा कार्यकर्ताओं और गांव वालों ने मिलकर आयोजन को यादगार बनाया. घाटों की साफसफाई से लेकर रोशनी, सजावट और श्रद्धालुओं की सुविधाओं तक का विशेष ध्यान रखा गया. पूजा के दौरान हलवा महाप्रसाद की भी व्यवस्था की गई.

समिति के सदस्यों के मुताबिक, पिछले 10 सालों से हर बार आयोजन के दौरान नई चुनौतियां सामने आती हैं, लेकिन युवाओं के उत्साह और गांव के लोगों के सहयोग से हर साल व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की कोशिश की जाती है. इस बार भी सभी ने मिलकर अपनी जिम्मेदारी निभाई. आयोजन की खास बात यह रही कि इसकी सफलता का श्रेय किसी एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरी टीम और गांव के सामूहिक प्रयास को जाता है.
सांस्कृतिक परंपराओं के लिए जाना जाता है गांव
अन्टैर गांव मिथिला की समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के लिए जाना जाता है. यह गांव अलीनगर विधानसभा क्षेत्र में आता है, जिसका प्रतिनिधित्व वर्तमान में बीजेपी विधायक और लोकगायिका मैथिली ठाकुर कर रही हैं. गांव में स्थित प्रसिद्ध पंचानाथ महादेव मंदिर भी लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है.
10 साल से बंद है गांव का स्वास्थ्य केंद्र भवन
गांव में एक छोटा स्वास्थ्य केंद्र भवन भी है, जो पिछले 10 सालों से भी ज्यादा वक्त से बंद पड़ा है. गांव वालों का कहना है कि इस दौरान कई विधायक आए और गए, लेकिन स्वास्थ्य केंद्र दोबारा शुरू नहीं हो सका. भवन की मरम्मत और रखरखाव के लिए समयसमय पर सरकारी बॉन्ड के तहत काम जरूर कराया गया, लेकिन इसका इस्तेमाल स्वास्थ्य सेवाओं के लिए नहीं हो पाया. गांव वालों के अनुसार, स्वास्थ्य केंद्र का उपयोग ताश खेलने और दूसरी मनोरंजक गतिविधियों के लिए किया जाता है.
स्वास्थ्य केंद्र भवन को लेकर गांव वालों की मांग
इस दौरान ये भी बताया गया कि स्वास्थ्य केंद्र के भवन में कभीकभी नशे से जुड़ी गतिविधियां भी देखने को मिलती हैं. गांव के लोगों की मांग है कि इस भवन को फिर से स्वास्थ्य केंद्र के रूप में शुरू किया जाए, ताकि लोगों को अपने गांव में ही बुनियादी इलाज की सुविधा मिल सके. नवचेतना समिति का उद्देश्य केवल छठ महापर्व का आयोजन करना नहीं है, बल्कि गांव के लोगों के बीच आपसी सहयोग और एकता की भावना को भी मजबूत करना है.
सामाजिक एकता को मजबूत करना है समिति का उद्देश्य
समिति के युवा कार्यकर्ता हर साल अपने समय, मेहनत और नए विचारों के साथ आयोजन को बेहतर बनाने में जुटते हैं. इस बार भी गांव के लोगों, समिति के सदस्यों और सहयोगियों ने मिलकर आयोजन को सफल बनाया. प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों की भूमिका इसमें अहम रही. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। आयोजन के बाद समिति ने सभी ग्रामीणों, कार्यकर्ताओं, सहयोगियों और श्रद्धालुओं का आभार जताया.



