भारत की राफेल ताकत बढ़ने के साथ देश में लड़ाकू विमान इंजन की असेंबलिंग और मेंटेनेंस क्षमता विकसित करने की तैयारी तेज हो गई है. वायुसेना के लिए 114 नए राफेल लड़ाकू विमानों की प्रस्तावित डील और नौसेना के लिए 26 राफेलM विमानों का सौदा इस औद्योगिक साझेदारी को और महत्वपूर्ण बना रहा है.

फ्रांस की कंपनी सफरान हैदराबाद में M88 इंजन की मेंटेनेंस फैसिलिटी स्थापित कर रही है, जिसके तहत भारत में इंजन की फाइनल असेंबली लाइन लगाने की योजना है.

भारत और फ्रांस के बीच रक्षा साझेदारी अब सिर्फ लड़ाकू विमान खरीदने तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि इसका दायरा रक्षा उत्पादन, तकनीक, मेंटेनेंस और भारतीय कंपनियों की भागीदारी तक बढ़ रहा है.

दरअसल, भारतीय वायुसेना के लिए 114 राफेल मल्टीरोल फाइटर एयरक्राफ्ट खरीदने की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है. करीब 3.25 लाख करोड़ रुपये की इस प्रस्तावित डील के तहत विमानों का बड़ा हिस्सा भारत में बनाने की योजना है.

अक्टूबर 2026 में रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने संकेत दिया था कि इस खरीद प्रक्रिया पर चालू वित्त वर्ष के अंत तक फैसला हो सकता है. इस प्रस्ताव में भारतीय हथियारों और स्वदेशी उपकरणों को राफेल में शामिल करने पर भी जोर है.

नौसेना के 26 राफेलM विमानों से भी बढ़ेगी M88 इंजन की जरूरत

राफेल कार्यक्रम का दूसरा बड़ा हिस्सा भारतीय नौसेना से जुड़ा है. भारत ने 28 अप्रैल 2025 को फ्रांस के साथ 26 राफेलM यानी मरीन राफेल विमानों की खरीद के लिए करीब 63 हजार करोड़ रुपये का अंतरसरकारी समझौता किया था.

इसमें 22 सिंगलसीटर और 4 ट्विनसीटर विमान शामिल हैं. ये विमान INS विक्रांत और INS विक्रमादित्य जैसे एयरक्राफ्ट कैरियर से ऑपरेट करेंगे. इन विमानों की डिलीवरी 2030 तक पूरी करने का लक्ष्य है.

इस समझौते में विमान के इंजन, सेंसर और हथियारों के लिए भारत में मेंटेनेंस, रिपेयर और ओवरहॉल सुविधाएं स्थापित करने का प्रावधान भी शामिल है. साथ ही राफेल के फ्यूजलेज के उत्पादन की सुविधा और स्वदेशी हथियारों के इंटीग्रेशन के लिए तकनीकी सहयोग का भी प्रावधान है.

हैदराबाद में बनेगा M88 इंजन का मेंटेनेंस सेंटर

इसी रणनीति के तहत सफरान ने 26 नवंबर 2025 को हैदराबाद में राफेल के M88 इंजन के लिए फ्रांस के बाहर अपनी पहली MRO फैसिलिटी का शिलान्यास किया. इस परियोजना में 40 मिलियन यूरो से अधिक यानी करीब 400 करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है.

करीब 5 हजार वर्ग मीटर में बनने वाली इस सुविधा में हर साल 600 से ज्यादा इंजन मॉड्यूल के रखरखाव और मरम्मत की क्षमता विकसित की जाएगी. पूरी क्षमता पर यहां करीब 150 लोगों को रोजगार मिल सकता है.

इस सेंटर में भारतीय वायुसेना के राफेल विमानों के इंजनों को प्राथमिकता दी जाएगी. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इसके अलावा दूसरे देशों के राफेल विमानों के M88 इंजन की भी सर्विसिंग की जा सकेगी.

भारत में M88 इंजन की असेंबली लाइन लगाने की तैयारी

अब इस साझेदारी का अगला बड़ा चरण भारत में M88 इंजन की फाइनल असेंबली लाइन स्थापित करना है. सफरान के CEO ओलिवियर एंड्रीज के मुताबिक, भारत में इंजन असेंबलिंग के साथ कुछ बेहद जरूरी कलपुर्जों का स्थानीय निर्माण और सोर्सिंग भी की जा सकती है.

इसके अलावा इंजन के सबसे संवेदनशील पुर्जों का उत्पादन फ्रांस में ही जारी रहेगा. इसलिए इसे पूरी तकनीक के हस्तांतरण के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए.

भारत की भविष्य की फाइटर इंजन क्षमता के लिए भी अहम

इस परियोजना का महत्व सिर्फ राफेल तक सीमित नहीं है. भारत पांचवीं पीढ़ी के स्वदेशी लड़ाकू विमान AMCA के लिए भी अत्याधुनिक इंजन तकनीक विकसित करने की दिशा में काम कर रहा है.

ऐसे में M88 इंजन की असेंबली, मेंटेनेंस और औद्योगिक सहयोग से भारतीय एयरोस्पेस सेक्टर को हाईटेक मैन्युफैक्चरिंग का अनुभव मिल सकता है. हालांकि, M88 की तकनीक और AMCA के स्वदेशी इंजन विकास को अलगअलग परियोजनाओं के रूप में देखना होगा.