भारत में 2070 तक हिंदुओं की आबादी 76% के आसपास रहने का अनुमान है, जबकि मुस्लिम आबादी बढ़कर करीब 20% हो सकती है. प्यू रिसर्च सेंटर की नई रिपोर्ट के मुताबिक, अगले 50 साल में दोनों समुदायों की आबादी बढ़ेगी, लेकिन देश की कुल आबादी में उनकी हिस्सेदारी में अलगअलग बदलाव देखने को मिलेंगे. हिंदुओं की हिस्सेदारी घटेगी, जबकि मुस्लिम आबादी का अनुपात बढ़ेगा. हालांकि, 2070 में भी भारत में हिंदू सबसे बड़ा धार्मिक समुदाय बने रहेंगे.

अमेरिका के प्यू रिसर्च सेंटर ने 18 नवंबर 2026 को ‘The Future of World Religions: Population Growth Projections, 20202070’ नाम से रिपोर्ट जारी की है. इसमें दुनिया के 201 देशों और क्षेत्रों में सात धार्मिक समूहों की आबादी का अनुमान लगाया गया है. रिपोर्ट के मुताबिक, 2035 तक इस्लाम ईसाई धर्म को पीछे छोड़कर दुनिया का सबसे बड़ा धर्म बन सकता है. वहीं 2070 में भारत दुनिया में सबसे ज्यादा हिंदू आबादी वाला देश होगा. वहीं, मुस्लिम आबादी के मामले में भारत दुनिया में दूसरे स्थान पर रहेगा.

50 साल में कितनी बदलेगी भारत की धार्मिक आबादी?

रिपोर्ट के अनुसार, 2020 में भारत की कुल आबादी में हिंदुओं की हिस्सेदारी 79.4% थी. 2070 तक इसके घटकर 75.8% रहने का अनुमान है. यानी 50 साल में हिंदुओं की हिस्सेदारी 3.6% कम हो सकती है. हालांकि, इसका मतलब हिंदुओं की कुल संख्या घटना नहीं है. रिपोर्ट के मुताबिक, उनकी आबादी 2020 के करीब 1.1 अरब से बढ़कर 2070 में लगभग 1.38 अरब हो सकती है.

दूसरी ओर, 2020 में भारत की कुल आबादी में मुसलमानों की हिस्सेदारी 15.2% थी. 2030 तक इसके 16.1%, 2040 तक 16.9%, 2050 तक 17.8% और 2060 तक 18.7% होने का अनुमान है. 2070 में यह बढ़कर 19.6% हो सकती है. यानी 50 साल में मुस्लिम आबादी की हिस्सेदारी 4.4 प्रतिशत अंक बढ़ने का अनुमान है.

50 साल में हिंदुओं की संख्या 1.11 अरब से बढ़कर 1.29 अरब होगी

Pew की रिपोर्ट में भारत की कुल आबादी भी बढ़ने का अनुमान लगाया गया है. 2020 में भारत की आबादी करीब 140.26 करोड़ थी. 2070 तक इसके बढ़कर 170.03 करोड़ होने का अनुमान है. इस हिसाब से हिंदुओं की आबादी 2020 के करीब 111.4 करोड़ से बढ़कर 2070 में लगभग 128.9 करोड़ हो सकती है.

इसी तरह, मुस्लिम आबादी 2020 में करीब 21.3 करोड़ थी. 2070 तक इसके बढ़कर लगभग 33.3 करोड़ होने का अनुमान है. यानी इस दौरान हिंदुओं की संख्या में करीब 17.5 करोड़ और मुसलमानों की संख्या में करीब 12 करोड़ की बढ़ोतरी हो सकती है. ये संख्याएं रिपोर्ट में दिए गए कुल आबादी और धार्मिक हिस्सेदारी के प्रतिशत से निकाली गई अनुमानित गणना हैं.

इस बदलाव को समझने के लिए सिर्फ आबादी की संख्या देखना काफी नहीं है. कुल आबादी में किसी समुदाय की हिस्सेदारी भी समझना जरूरी है. उदाहरण के लिए, हिंदुओं की संख्या बढ़ने के बावजूद कुल आबादी में उनका हिस्सा कम हो सकता है. वहीं, मुसलमानों की संख्या और कुल आबादी में उनकी हिस्सेदारी, दोनों बढ़ने का अनुमान है.

ईसाई, बौद्ध और दूसरे धर्मों की आबादी में क्या होगा?

रिपोर्ट में भारत के दूसरे धार्मिक समुदायों के बारे में भी अनुमान दिया गया है. ईसाई आबादी की हिस्सेदारी 2020 से 2070 तक 2.2% रहने का अनुमान है. बौद्ध आबादी का हिस्सा 0.7% से घटकर 0.6% हो सकता है. वहीं, अन्य धर्मों को मानने वालों की हिस्सेदारी 2.5% से घटकर 1.8% रहने का अनुमान है.

इसका मतलब है कि भारत की धार्मिक तस्वीर में सबसे बड़ा बदलाव हिंदुओं और मुसलमानों की आबादी के अनुपात में देखने को मिल सकता है. हालांकि, 2070 में भी हिंदू देश का सबसे बड़ा धार्मिक समुदाय बने रहेंगे.

आबादी में बदलाव की वजह क्या है?

Pew के मुताबिक, किसी धार्मिक समुदाय की आबादी में बदलाव के पीछे तीन प्रमुख कारण होते हैं. पहला, जन्मदर यानी एक महिला के औसतन कितने बच्चे होते हैं. दूसरा, लोगों की उम्र और मृत्यु दर. तीसरा, पलायन और धर्म बदलने की प्रवृत्ति.

रिपोर्ट में दुनिया के स्तर पर मुस्लिम महिलाओं की औसत जन्मदर 202025 के दौरान 3.1 बच्चे बताई गई है, जबकि गैरमुस्लिम महिलाओं में यह आंकड़ा 2 बच्चे है. मुस्लिम समुदाय की औसत उम्र भी 24 साल और गैरमुस्लिम समुदाय की 33 साल बताई गई है. कम उम्र की आबादी और ज्यादा जन्मदर से लंबे समय में जनसंख्या बढ़ने की रफ्तार प्रभावित होती है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। हालांकि, ये वैश्विक आंकड़े हैं, भारत में दोनों समुदायों की जन्मदर नहीं.

भारत में जन्मदर का अंतर भी अहम वजह

Pew की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में भी मुस्लिम महिलाओं की जन्मदर हिंदू महिलाओं की तुलना में ज्यादा है. यही अंतर आने वाले दशकों में दोनों समुदायों की आबादी की रफ्तार को प्रभावित कर सकता है. रिपोर्ट के अनुसार, भारत में हिंदू महिलाओं की औसत जन्मदर करीब 1.9 बच्चे प्रति महिला है. मुस्लिम महिलाओं में यह इससे ज्यादा है.

हालांकि, भारत में पिछले कुछ दशकों में सभी समुदायों की जन्मदर तेजी से घटी है. हिंदू महिलाओं की जन्मदर करीब तीन दशक पहले 3.3 बच्चे प्रति महिला थी, जो अब घटकर 1.9 रह गई है. इससे पता चलता है कि देश में परिवार का आकार छोटा हो रहा है.

रिपोर्ट में उम्र को भी आबादी बढ़ने का एक बड़ा कारण बताया गया है. जिस समुदाय में बच्चे पैदा करने की उम्र वाली महिलाओं की संख्या ज्यादा होती है, वहां आने वाले समय में आबादी बढ़ने की संभावना भी ज्यादा रहती है. इसके अलावा, लोगों का एक देश से दूसरे देश जाना और धर्म बदलना भी धार्मिक आबादी के आंकड़ों को प्रभावित करता है.

क्या इन अनुमानों को अंतिम आंकड़ा माना जा सकता है?

भारत की 2021 की जनगणना में देरी हुई थी. इसलिए Pew ने 2020 की धार्मिक आबादी का अनुमान लगाने के लिए 2011 की आखिरी जनगणना के आंकड़ों को आधार बनाया और उनसे 2020 का अनुमान तैयार किया.

इसके बाद 2030 से 2070 तक के आंकड़े भविष्य के अनुमान हैं. रिपोर्ट में संयुक्त राष्ट्र की 2024 की विश्व जनसंख्या रिपोर्ट, जन्मदर, मृत्यु दर, पलायन और धर्म बदलने के पुराने रुझानों को शामिल किया गया है. इसमें यह माना गया है कि मौजूदा रुझान आगे भी जारी रहेंगे. आने वाले वर्षों में शिक्षा, महिलाओं की स्थिति, स्वास्थ्य सुविधाओं, परिवार नियोजन और सामाजिक बदलावों से ये आंकड़े बदल भी सकते हैं.