Sanchi Mahabodhi Festival: मध्य प्रदेश में रायसेन जिले के विश्व प्रसिद्ध बौद्ध पर्यटन स्थल सांची में दो दिवसीय महाबोधि महोत्सव का शुभारंभ हुआ. महोत्सव के पहले दिन धार्मिक आस्था और अंतरराष्ट्रीय सहभागिता का विशेष संगम देखने को मिला. कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल भी शामिल हुए. इस अवसर पर भगवान बुद्ध के परम प्रिय शिष्यों सारिपुत्र और महामौद्गल्यायन के पवित्र अस्थि कलशों को गर्भगृह से बाहर लाकर विधिविधान से पूजाअर्चना की गई.

इसके बाद इन पवित्र अवशेषों को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ रखा गया. महोत्सव की शुरुआत महाबोधि सोसाइटी परिसर से निकाली गई भव्य शोभायात्रा के साथ हुई. शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए सांची स्तूप परिसर पहुंची. इसमें महाबोधि सोसाइटी ऑफ श्रीलंका के प्रमुख बानगल उपत्तिस नायक थेरो सहित विभिन्न देशों से आए बौद्ध भिक्षुओं और अनुयायियों ने सहभागिता की.

कार्यक्रम में मंत्री प्रहलाद पटेल ने क्या कहा?

इस दो दिवसीय आयोजन में श्रीलंका, जापान, थाईलैंड, मंगोलिया सहित कई देशों के बौद्ध अनुयायी और विदेशी मेहमान शामिल होने पहुंचे हैं. भगवान बुद्ध के उपदेशों, शांति और करुणा के संदेश को समर्पित इस आयोजन में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ कवि सम्मेलन और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। कार्यक्रम में मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि यह देश और रायसेन जिले के लिए गौरव की बात है कि भगवान बुद्ध के दो प्रिय शिष्यों के पवित्र अस्थि कलश भारत में सुरक्षित हैं और उनके दर्शन का अवसर सांची में मिलता है.

महाबोधि सोसाइटी ऑफ श्रीलंका के प्रमुख बानगल उपत्तिस नायक थेरो ने कहा कि दोनों महान शिष्यों के अस्थि कलश श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए रखे गए हैं, जिससे देशविदेश से आए अनुयायी उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन कर सकें.सांची में आयोजित यह महोत्सव एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय बौद्ध समुदाय को भगवान बुद्ध की शिक्षाओं, शांति, अहिंसा और करुणा के संदेश से जोड़ने का अवसर बन रहा है.