Gaya Crime: दुर्गा पूजा की नवमी की रात गयाजी में उस वक्त मातम पसर गया, जब पूजा की चहलपहल के बीच ताबड़तोड़ गोलीबारी में दो सगे भाई गोलियों का शिकार हो गए. मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नौरंगा आहार के पास सिद्धार्थपुरी मोहल्ले में हुई इस वारदात में 30 वर्षीय रानू सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि बड़ा भाई मोनू सिंह गंभीर हालत में अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है.

घटना नवमी की आधी रात की बताई जा रही है. स्थानीय लोगों के मुताबिक अचानक कई राउंड फायरिंग हुई, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई. दोनों घायल भाइयों को आननफानन में अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने रानू सिंह को मृत घोषित कर दिया.

जुए को लेकर हुए विवाद में गोलीबारी

मृतक रानू सिंह और घायल मोनू सिंह, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिद्धार्थपुरी रोड नंबर1 निवासी दारोगा पिंटू सिंह के बेटे हैं. परिवार मूल रूप से अतरी थाना क्षेत्र के जेठियन गांव का रहने वाला है, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से मानपुर के सिद्धार्थपुरी इलाके में रह रहा है. घटनास्थल को लेकर स्थानीय लोगों ने बड़ा दावा किया है. उनका कहना है कि नौरंगा आहार के आसपास लंबे समय से शराब और जुए का अवैध अड्डा संचालित होने की चर्चा है. आशंका जताई जा रही है कि जुए को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया और उसी दौरान गोलीबारी हुई.

पुलिस ने घटनास्थल से कई खोखे बरामद किए

हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं की जांच कर रही है. वहीं वारदात की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थानाध्यक्ष देवराज इंद्र, अपर थानाध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, एसआई मोहम्मद इमरान और डीएसपी अभिनव कुमार अस्पताल पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल से कई खोखे बरामद किए हैं और फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.

आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके. पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है और हत्या के पीछे की असली वजह जल्द सामने लाई जाएगी.

ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं।