Indore Garba Dispute: इंदौर शहर के एमआईजी थाना क्षेत्र की कृष्णा बाग कॉलोनी में गरबा आयोजन के दौरान रास्ते को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. विवाद के बाद एक रिटायर्ड आर्मी अधिकारी द्वारा अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है. इस घटना में रक्षित नाम का युवक गोली लगने से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया. जानकारी के मुताबिक, घटना बीती रात करीब सवा 10 बजे की है. कृष्णा बाग कॉलोनी में गरबा आयोजन चल रहा था. इस दौरान गली के रास्ते में महिलाएं और बच्चे कुर्सियां लगाकर बैठे हुए थे. इसी बीच वहां रहने वाला केशव रास्ते से निकल रहा था.

दोनों पक्षों के बीच गालीगलौज के साथ मारपीट होने लगी

रास्ते में कुर्सियां लगी होने के कारण उसे निकलने में परेशानी हुई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच गालीगलौज के साथ मारपीट होने लगी. इसके बाद केशव ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी अपने पिता नीरज को दी. सूचना मिलने पर नीरज अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर लेकर मौके पर पहुंचा.

आरोप है कि विवाद के दौरान आक्रोशित नीरज ने अपनी रिवॉल्वर से दो से तीन राउंड फायर कर दिए. इसी दौरान रक्षित के पेट में गोली लग गई. गोली चलने की आवाज सुनते ही गरबा आयोजन में मौजूद लोगों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. घायल रक्षित को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। घटना की सूचना मिलने पर एमआईजी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की.

पुलिस ने मामले में की क्या कार्रवाई

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नीरज और उसके बेटे केशव को हिरासत में लिया है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 के तहत केस दर्ज किया गया है. पुलिस अब प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर विवाद की वास्तविक वजह और फायरिंग की परिस्थितियों की जांच कर रही है.

लाइसेंसी रिवॉल्वर से हुई फायरिंग को लेकर भी आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. घटना के बाद गरबा आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.