19 नवंबर की तारीख अंतरराष्ट्रीय पुरुष दिवस के नाम है. अब सवाल उठता है कि यह दिन कब और किसने शुरू किया और तारीख 19 नवंबर ही क्यों चुनी गई? इसका जवाब एक बेटे के अपने पिता के प्रति सम्मान और एक फुटबॉल टीम की कहानी में छिपा है. अंतरराष्ट्रीय पुरुष दिवस पहली बार आधिकारिक रूप से 19 नवंबर 1999 को त्रिनिदाद और टोबैगो में मनाया गया था. इसकी शुरुआत डॉ. जेरोम टीलक्सिंह ने की थी. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। वे वेस्ट इंडीज यूनिवर्सिटी में इतिहास के लेक्चरर थे.

डॉ. टीलक्सिंह का मानना था कि महिलाओं के लिए तो एक अंतरराष्ट्रीय दिवस लंबे समय से मनाया जा रहा है, लेकिन पुरुषों और लड़कों से जुड़े मुद्दों पर बात करने के लिए ऐसा कोई मंच नहीं है. पुरुषों से जुड़ी समस्याओं पर समाज में अक्सर कम ध्यान जाता है. इसी सोच के साथ उन्होंने इस दिन को नए सिरे से शुरू किया.
19 नवंबर ही क्यों? दो वजहें
तारीख चुनने के पीछे दो कारण बताए जाते हैं.
- पहली वजह: पिता का जन्मदिन. डॉ. टीलक्सिंह ने 19 नवंबर की तारीख अपने पिता के जन्मदिन के सम्मान में चुनी थी. यानी इस दिन की जड़ में एक बेटे का अपने पिता के प्रति आदर है.
- दूसरी वजह: फुटबॉल. 19 नवंबर 1989 को त्रिनिदाद और टोबैगो की पुरुष फुटबॉल टीम विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने की कोशिश में जुटी थी. इस मुहिम ने पूरे देश के लोगों को एक साथ जोड़ दिया था.
डॉ. टीलक्सिंह ने इस एकजुटता की याद को भी इस तारीख से जोड़ा. इस दिन को सिर्फ पुरुषों का नहीं, बल्कि उन सभी मुद्दों का दिन बनाने की कोशिश थी जो पुरुषों और लड़कों को प्रभावित करते हैं.
डॉ. जेरोम टीलक्सिंह.
क्या है इस दिन का मकसद?
अंतरराष्ट्रीय पुरुष दिवस का मकसद पुरुषों और लड़कों के जीवन, उपलब्धियों और योगदान का जश्न मनाना है. परिवार, समाज, समुदाय, विवाह और बच्चों की परवरिश में उनकी भूमिका को खास तौर पर याद किया जाता है.
इस दिन के कुछ खास उद्देश्य हैं
- पुरुषों की सेहत, जिसमें मानसिक स्वास्थ्य भी शामिल है, पर जागरूकता बढ़ाना.
- समाज में पुरुषों की सकारात्मक छवि और अच्छे रोल मॉडल को बढ़ावा देना.
- पुरुषों से जुड़े भेदभाव और चुनौतियों पर बात करना.
- महिलाओं और पुरुषों के बीच बेहतर रिश्ते और जेंडर बराबरी को आगे बढ़ाना.
क्या संयुक्त राष्ट्र मनाता है यह दिन?
इस सवाल का जवाब है, नहीं. अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उलट, अंतरराष्ट्रीय पुरुष दिवस को संयुक्त राष्ट्र की आधिकारिक मान्यता नहीं मिली है. फिर भी यह करीब 80 देशों में मनाया जाता है. यह दिन Movember के बीच पड़ता है. मूवेम्बर नवंबर महीने में चलने वाला एक वैश्विक अभियान है, जो पुरुषों की सेहत पर जागरूकता फैलाने के लिए मनाया जाता है. नाम दो शब्दों से बना है: Moustache और November .
इस महीने पुरुष मूंछें बढ़ाते हैं और लोगों को इसके पीछे की वजह बताकर बातचीत शुरू करते हैं. साथ ही लोग चंदा जुटाते हैं, जो पुरुषों की सेहत से जुड़े कार्यक्रमों और शोध में जाता है. जो लोग मूंछ नहीं रख सकते, वे दौड़, वॉक या दूसरे चैलेंज के जरिए भी हिस्सा लेते हैं.



