वाराणसी। काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट पर शनिवार सुबह 6 बजकर 44 मिनट पर ड्यूटी के दौरान पीएसी जवान के हाथ से कार्बाइन चल गई। करीब दो राउंड फायर हो गए। गनीमत रही कि गोलियां सीधे सड़क पर जा लगीं। इसके बाद सड़क की गिट्टी उखड़कर लगने से 3 लोग घायल हो गए।

अचानक भीड़ के बीच गोलियां चलने से वहां भगदड़ जैसा माहौल बन गया। कुछ देर किसी को समझ ही नहीं आया कि क्या हुआ। गोलियों की आवाज सुनकर सुरक्षाकर्मी अलर्ट हो गए। उन्होंने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। लोगों को बताया कि गलती से गोलियां चल गई हैं। बाकी, सबठीक है।

पुलिसकर्मियों ने आननफानन में तीनों घायल निक्की गुप्ता, रामबाबू और विकास यादव को अस्पताल पहुंचाया। ये सभी मंदिर के बाहर मालाफूल बेचते हैं। डॉक्टरों के मुताबिक, सभी ठीक हैं। खतरे से बाहर हैं। पत्थर के टुकड़े उनको लगे हैं। हादसा काशी विश्वनाथ मंदिर के वीआईपी गेट नंबर4 पर हुआ।

कार्बाइन गिरने से 2 राउंड गोली चली। गनीमत रही कि गोलियां सीधे सड़क पर लगीं। इससे सड़क पर छोटा छेद हो गया। गिट्‌टी उखड़कर तेज स्पीड में लोगों को लगी। काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर 4 के पास घटना हुई। घटना के बाद पुलिस ने आसपास के लोगों को पूरे हादसे की जानकारी दी।

अब जानिए CCTV में क्या दिख रहा

घटना का 57 सेकेंड का CCTV सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि सिपाही 6 बजकर 44 मिनट पर नंदू फेरिया गेट के ठीक सामने खड़ा है। यहां पर दुकान पर कुछ लोग मालाफूल खरीदने के लिए खड़े हैं। इस दौरान दिख रहा है कि सिपाही ने पहले अपने बाएं हाथ में कार्बाइन पकड़े हुए है। थोड़ी ही देर में उसने कार्बाइन को दाहिने हाथ में पकड़ लिया। तभी उसके गोली चल जाती है।

इतने में सिपाही को कुछ समझ में नहीं आता कि ये क्या हो गया। वो तुरंत अपने कार्बाइन को देखने लगता है और फिर वहां से निकल जाता है। इस दौरान वहां अफरातफरी का माहौल हो जाता है।

डीआईजी बोले भीड़ को हटाते समय घटना हुई, जांच की जा रही

डीआईजी शिव हरि मीणा कबीरचौरा अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया। उन्होंने बताया काशी विश्वनाथ धाम के पास नंदू फेरी वाली गली में पीएसी का जवान श्रद्धालुओं की भीड़ को हटा रहा था। तभी कार्बाइन से एक्सीडेंटल फायर हुआ। सभी चीजों की जांच की जा रही है। घायलों को डॉक्टरों ने दवा दी है। सभी की हालत खतरे से बाहर है। पीएएसी जवान के हाथ से कार्बाइन से गोली चलने के बाद सड़क की गिट्‌टी उखड़कर इन्हीं तीन लोगों को लगी। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।