बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार वजह उनकी बेटी शिवांगी सिंह की शादी है. शिवांगी की शादी 25 नवंबर को पैतृक गांव लदमा में होने जा रही है. शादी को यादगार बनाने के लिए भव्य तैयारियां की जा रही हैं. दामाद को करोड़ों रुपये की लग्जरी कार देने से लेकर घुड़दौड़ के विजेताओं को महंगे इनाम देने तक की चर्चा है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। करीब 10 बीघा जमीन पर पंडाल तैयार किया जा रहा है. वहीं, लगभग 4 लाख मेहमानों के भोजन की व्यवस्था की जा रही है. शादी में बॉलीवुड और भोजपुरी सिनेमा की हस्तियों के शामिल होने की भी चर्चा है.

शादी में सबसे ज्यादा चर्चा अनंत सिंह की ओर से होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार को दिए जाने वाले खास तोहफे की है. बताया जा रहा है कि अनंत सिंह उन्हें करीब ढाई करोड़ रुपये की लग्जरी लैंड रोवर डिफेंडर गाड़ी उपहार में देंगे. यह गाड़ी पटना पहुंच चुकी है. डिफेंडर के टॉप वैरिएंट की कीमत करीब 3 करोड़ रुपये तक बताई जा रही है. इस महंगे तोहफे को लेकर शादी से पहले ही काफी चर्चा हो रही है.
10 बीघा जमीन पर तैयार हो रहा भव्य पंडाल
शादी के लिए लदमा गांव में करीब 10 बीघा जमीन पर विशाल पंडाल और मंडप बनाया जा रहा है. जयमाला समारोह के लिए करीब 30 फीट ऊंचा मंच तैयार किया जा रहा है. पंडाल की सजावट में विदेशी फूलों का इस्तेमाल किए जाने की तैयारी है. इसके लिए उत्तर प्रदेश के मऊ से कारीगर बुलाए गए हैं. शादी के आयोजन को भव्य रूप देने के लिए सजावट और अन्य व्यवस्थाओं पर खास ध्यान दिया जा रहा है.
4 लाख मेहमानों के लिए 150 तरह के पकवान
शादी में मेहमानों की संख्या भी काफी बड़ी रहने की उम्मीद है. बताया जा रहा है कि करीब 4 लाख लोगों के भोजन का इंतजाम किया जा रहा है. मेहमानों के लिए लगभग 150 तरह के व्यंजन तैयार किए जाएंगे. इनमें बिहार के पारंपरिक पकवानों के साथ सिलाव का मशहूर खाजा और काजू कतली जैसे मिष्ठान भी शामिल होंगे. इतने बड़े स्तर पर भोजन की व्यवस्था शादी के प्रमुख आकर्षणों में से एक होगी.
बॉलीवुड और भोजपुरी सितारों को भी न्योता
शादी में फिल्मी सितारों की मौजूदगी को लेकर भी चर्चाएं हैं. बताया जा रहा है कि सोनू सूद, पवन सिंह, अक्षरा सिंह, आम्रपाली दुबे, रवि किशन, मनोज तिवारी और उदित नारायण समेत कई कलाकारों को निमंत्रण भेजा गया है. प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को भी आमंत्रित किए जाने की चर्चा है. इसके अलावा मेहमानों के स्वागत और मनोरंजन के लिए दुबई से छह मॉडल बुलाने की बात भी सामने आई है.
करोड़ों की लग्जरी कार, घुड़दौड़ के इनाम, विशाल पंडाल और लाखों मेहमानों के भोजन की तैयारी के चलते शिवांगी सिंह की शादी बिहार में चर्चा का विषय बनी हुई है. अब सबकी नजर 25 नवंबर को होने वाले इस आयोजन पर है.



