दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियों में शामिल Nvidia इन दिनों अपने कारोबार से ज्यादा कंपनी के CEO जेन्सेन हुआंग को लेकर चर्चा में है. हुआंग ने हाल ही में अपनी पत्नी के प्रति बेवफाई की बात स्वीकार करते हुए कंपनी के कर्मचारियों से माफी मांगी है. यह विवाद तब और गंभीर हो गया, जब अमेरिकी खुफिया एजेंसियों की एक रिपोर्ट में उनके करीबी रही एक चीनी कारोबारी महिला एलिस हुआंग पर चीन के लिए जासूसी करने का संदेह जताया गया. आरोप है कि वह Nvidia CEO से अहम जानकारियां जुटाने की कोशिश कर रही थी. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र जांच अभी जारी है.

इस मामले के सामने आने के बाद Nvidia के बोर्ड ने जांच शुरू करने का फैसला किया है. कंपनी का कहना है कि फिलहाल उसके पास ऐसा कोई कारण नहीं है, जिससे यह माना जाए कि अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा या Nvidia की गोपनीय जानकारी से समझौता हुआ है. जेन्सेन हुआंग ने भी जांच में पूरा सहयोग करने की बात कही है. कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि वह CEO के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाते रहेंगे. रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इस विवाद ने अमेरिकी सांसदों और निवेशकों का ध्यान भी Nvidia की ओर खींचा है.
लेकिन इस पूरे विवाद के बीच एक सवाल यह भी है कि आखिर Nvidia इतनी महत्वपूर्ण कंपनी क्यों है और दुनिया की बड़ी टेक कंपनियों का कारोबार इससे कैसे जुड़ा हुआ है?
4.5 ट्रिलियन डॉलर का साम्राज्य
कभी गेमिंग के लिए ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट बनाने वाली Nvidia आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दुनिया की सबसे अहम कंपनियों में शामिल है. इसके चिप का इस्तेमाल AI मॉडल तैयार करने, डेटा सेंटर चलाने और बड़े स्तर पर कंप्यूटिंग करने के लिए किया जाता है. ब्लूमबर्ग के मुताबिक, Nvidia का मार्केट कैप करीब 4.5 ट्रिलियन डॉलर है. वहीं, Microsoft का मार्केट कैप करीब 3.9 ट्रिलियन डॉलर और OpenAI का करीब 500 अरब डॉलर बताया गया है. कंपनी की इस सफलता के पीछे उसके CEO जेन्सेन हुआंग की बड़ी भूमिका रही है. उन्होंने Nvidia को गेमिंग चिप बनाने वाली कंपनी से AI इंडस्ट्री की सबसे महत्वपूर्ण तकनीकी कंपनियों में शामिल कर दिया है.
OpenAI में 100 अरब डॉलर तक निवेश करेगी Nvidia
Nvidia और ChatGPT बनाने वाली कंपनी OpenAI के बीच काफी गहरा कारोबारी रिश्ता है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, Nvidia ने OpenAI में 100 अरब डॉलर तक निवेश करने की सहमति दी है. इस निवेश का मकसद OpenAI को अपने AI मॉडल और कंप्यूटिंग सुविधाओं का विस्तार करने में मदद करना है. हालांकि, OpenAI सिर्फ Nvidia पर निर्भर नहीं है. कंपनी ने Nvidia की कॉम्पटीटर चिप मैन्यफैक्चरिंग कंपनी AMD के साथ भी समझौता किया है. इसके तहत OpenAI, AMD के 6 गीगावॉट क्षमता वाले GPU का इस्तेमाल करेगी. इस समझौते में AMD ने OpenAI को कंपनी के 16 करोड़ शेयर तक खरीदने का विकल्प भी दिया है.
Oracle और Microsoft भी Nvidia के बड़े बिजनेस पार्टनर
Nvidia का बिजनेस नेटवर्क OpenAI से आगे भी फैला हुआ है. Oracle और OpenAI के बीच 300 अरब डॉलर का क्लाउड कंप्यूटिंग समझौता हुआ है. इसके तहत Oracle, OpenAI को बड़े स्तर पर कंप्यूटिंग सुविधाएं उपलब्ध कराएगी. दूसरी ओर, Oracle अपने डेटा सेंटर और क्लाउड सेवाओं के लिए Nvidia की चिप पर अरबों डॉलर खर्च करती है. Microsoft भी इस पूरे AI नेटवर्क का अहम हिस्सा है. OpenAI के साथ उसकी साझेदारी और AI इंफ्रास्ट्रक्चर में बड़े निवेश ने Nvidia की तकनीक की मांग को बढ़ाया है. इसके अलावा CoreWeave, Nebius, Intel और Mistral, Figure AI, xAI, Harvey AI, Anysphere और Ambience Healthcare जैसी कंपनियां भी इस बड़े AI नेटवर्क से जुड़ी हैं.
जेन्सेन हुआंग पर विवाद का असर क्यों पड़ सकता है?
Nvidia की सबसे बड़ी ताकत सिर्फ उसकी चिप नहीं, बल्कि AI इंडस्ट्री में उसका कारोबारी नेटवर्क और लीडरशिप भी है. जेन्सेन हुआंग पिछले तीन दशक से ज्यादा समय से कंपनी को लीड कर रहे हैं. AI इंडस्ट्री में उनकी भूमिका काफी अहम मानी जाती है. ऐसे में अगर जांच के दौरान उनकी भूमिका या नेतृत्व को लेकर कोई बड़ा सवाल खड़ा होता है, तो इसका असर कंपनी के निवेश, कारोबारी समझौतों और शेयर बाजार में उसकी स्थिति पर पड़ सकता है. खासकर तब, जब अमेरिका और चीन के बीच AI चिप की सप्लाई को लेकर पहले से तनाव बना हुआ है.
क्यों मायने रखता है जासूसी का आरोप?
अमेरिका ने चीन को एडवांस AI चिप की सप्लाई पर कई तरह की पाबंदियां लगा रखी हैं. इसी बीच एलिस हुआंग से जुड़े आरोपों ने Nvidia के चीन के साथ कारोबारी संपर्कों और संवेदनशील तकनीक की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. अमेरिकी सांसदों ने भी जेन्सेन हुआंग से इस मामले पर जानकारी देने को कहा है. इस तरह Nvidia का मौजूदा विवाद सिर्फ उसके CEO की निजी जिंदगी तक सीमित नहीं रह गया है. इसका संबंध दुनिया की AI इंडस्ट्री, अमेरिकाचीन तकनीकी और अरबों डॉलर के कारोबारी नेटवर्क से भी जुड़ गया है. आने वाले समय में जांच के नतीजे यह तय करने में अहम हो सकते हैं कि इस विवाद का Nvidia के कारोबार और उसके 4.5 ट्रिलियन डॉलर के AI साम्राज्य पर कितना असर पड़ता है.



