Nvidia के बॉस जेनसेन हुआंग और उनकी चीनी प्रेमिका को लेकर जिस तरह की खबरें सामने आ रही हैं. उसका असर अब दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी पर दिखना शुरू हो गया है. रॉयटर्स के अनुसार, अमेरिकी टेक्नोलॉजी कंपनी एनवीडिया के शेयरों में सोमवार को ‘आउटऑफआवर्स’ ट्रेडिंग के दौरान 5 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई. यह गिरावट एक आंतरिक जांच के बाद आई है, जिसमें यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेनसेन हुआंग को किसी विदेशी खुफिया ऑपरेशन के तहत निशाना बनाया गया था.

कंपनी को 24 लाख करोड़ का नुकसान!

इस खबर के समय, हाइपरलिक्विड प्लेटफॉर्म पर एनवीडिया से जुड़े ‘परपेचुअल फ्यूचर्स’ और ‘ब्लू ओशन अल्टरनेटिव ट्रेडिंग सिस्टम’ पर ‘आफ्टरआवर्स’ ट्रेडिंग में कीमत लगभग 175.97 अमेरिकी डॉलर थी. यह शुक्रवार को नैस्डैक पर बंद हुई 186.64 डॉलर की कीमत से 10.74 डॉलर या 5.75 प्रतिशत कम है. इसका मतलब है कि ‘आफ्टरआवर्स’ ट्रेडिंग में कंपनी की वैल्यूएशन को 260 अरब डॉलर यानी 24 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का नुकसान हो चुका है. इन घटनाओं ने कंपनी के नेतृत्व को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं. यह ऐसे समय में हुआ है जब एनवीडिया ग्लोबल लेवल पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के विस्तार में, विशेष रूप से सेमीकंडक्टर और डेटा सेंटर मार्केट्स में, एक प्रमुख कंपनी बनी हुई है.

बाजार में अनिश्चितता बढ़ी

एनवीडिया ने रविवार को एक आंतरिक कॉर्पोरेट समीक्षा शुरू की. यह कदम उन खबरों के बाद उठाया गया, जिनमें दावा किया गया था कि हुआंग के संबंध एक चीनी बिजनेसवुमन के साथ थे, जिसने कथित तौर पर बीजिंग को संवेदनशील जानकारियां दी थीं. खबरों के अनुसार, हुआंग ने कर्मचारियों को बताया कि उन्होंने अपनी पत्नी को धोखा दिया है, लेकिन उन्होंने इस बारे में कोई और जानकारी नहीं दी. एनवीडिया के शेयरों पर इन घटनाओं के असर के बारे में बात करते हुए, मेलबर्न स्थित ब्रोकरेज फर्म ‘पेपरस्टोन’ के रिसर्च हेड क्रिस वेस्टन ने कहा कि इस स्थिति ने बाजार में अनिश्चितता बढ़ा दी है. रॉयटर्स के अनुसार, वेस्टन ने कहा कि बाजार शायद यह संकेत दे रहा है कि ऐसे समय में, जब डेटा सेंटर्स के निर्माण को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं, यह घटना कंपनी के स्टॉक के लिए बिल्कुल भी अच्छी नहीं है.

लीडरशिप में बदलाव की संभावना कम

वेस्टन का मानना ​​है कि चल रही जांच के बावजूद, कंपनी के नेतृत्व में तुरंत कोई बदलाव होने की संभावना कम है. उन्होंने कहा कि​ अगर हमें सच में लगता कि वह इस्तीफा देने वाले हैं… तो स्टॉक और भी नीचे गिर जाता सच कहूं तो, यह एक भारी गिरावट जैसी स्थिति होती. सार्वजनिक रिकॉर्ड और पुरानी रिपोर्टों से पता चलता है कि अमेरिकी अधिकारियों ने उस महिला कारोबारी की जांच की थी. वह सिंगापुर स्थित ‘मेगास्पीड’ की पूर्व कार्यकारी थीं , और अधिकारियों ने उन्हें एक ‘खुफिया एसेट’ के रूप में पहचाना था.

कॉरपोरेट आए रिएक्शन

इन घटनाओं के कारण विदेशों में होने वाले कंपनी के कई प्रोग्राम भी रद्द कर दिए गए हैं. हुआंग की बेटी, मैडिसन हुआंग, जो खुद भी एनवीडिया में एक एग्जीक्यूटिव हैं, ने कुछ जरूरी आंतरिक मुद्दों का हवाला देते हुए दक्षिण कोरियाई टेक्नोलॉजी कंपनियों के साथ अपनी तय मीटिंग्स कैंसिल कर दीं. पर्सिंग स्क्वायर कैपिटल मैनेजमेंट के फाउंडर बिल एकमैन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर इन घटनाओं को लेकर चिंता जताई, साथ ही उन्होंने हुआंग की पेशेवर प्रतिष्ठा को भी माना. उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है कि यह कोई साधारण मामला होगा, न कि हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए कोई खतरा. टेस्ला के CEO एलन मस्क ने भी इस मुद्दे पर टिप्पणी की. उन्होंने सिकोइया के पार्टनर शॉन मैगुायर की एक पोस्ट से सहमति जताई. मैगुायर ने कहा कि हुआंग ने “कुछ बेहद बेवकूफी भरा काम” किया, जो “अमेरिका के लिए बुरा” था, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि “अमेरिका के AI नेतृत्व के लिए जेनसेन की जगह कोई और नहीं ले सकता.

ट्रंप ने कहा, हुआंग की बात सुननी चाहिए

इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को कहा कि उन्होंने इन घटनाओं के बारे में हुआंग से कोई बातचीत नहीं की है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। उन्होंने एनवीडिया प्रमुख को एक सम्मानजनक व्यक्ति बताया और कहा कि उनका पेशेवर रिकॉर्ड काफी मजबूत रहा है. जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या खुफिया अधिकारियों द्वारा शुरुआती जानकारी दिए जाने के बाद कोई कार्रवाई की जानी चाहिए, तो उन्होंने कहा, “नहीं, मुझे ऐसा नहीं लगता. मुझे लगता है कि वह एक सम्मानजनक व्यक्ति हैं. शायद उनके पास इसके लिए कोई सफाई हो. आपको उनकी बात सुननी चाहिए. मार्केट एनालिस्ट्स ने चेतावनी दी है कि अगर जांच लंबी चलती है, तो भविष्य में सेमीकंडक्टर निवेश और क्षेत्रीय शिपमेंट से जुड़ी प्रशासनिक प्रक्रियाओं में देरी हो सकती है. हालांकि, दक्षिण कोरिया के उप विज्ञान मंत्री ने कहा कि एनवीडिया से होने वाली ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट्स की डिलीवरी पर कोई असर नहीं पड़ा है.