ऊना। हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में एक बेहद दुखद और दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। यहां HRTC बस और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवकों की मौत हो गई।

HRTC बस और बाइक की टक्कर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला ऊना के कटौहड़ खुर्द में कृष्णा नर्सरी के पास पेश आया है। यहां पर बीते कल मंगलवार रात करीब 10:45 बजे HRTC बस ऊना से अंब की तरफ जा रही थी। इसी दौरान सामने से एक बाइक आ रही थी। कटौहड़ खुर्द के पास दोनों वाहनों की आपस में टक्कर हो गई।

 

 

टक्कर के बाद बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।

CHC अंब में इलाज के दौरान दोनों युवकों ने तोड़ा दम

हादसे में घायल दोनों युवकों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) अंब ले जाया गया। डॉक्टरों ने दोनों को बचाने की कोशिश की, लेकिन उनकी हालत ज्यादा गंभीर होने के कारण दोनों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान स्टोथर गांव निवासी योगेश कुमार और अमन भाटिया के रूप में हुई है। दोनों युवकों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवारों में मातम छा गया।

 

दो युवकों की मौत से इलाके में शोक का माहौल

एक ही हादसे में दो युवकों की जान जाने से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे की खबर जैसे ही गांव और आसपास के लोगों को मिली, बड़ी संख्या में लोग घटना को लेकर जानकारी लेने पहुंचे। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बस चालक के खिलाफ केस दर्ज, हादसे की जांच शुरू

पुलिस ने मामले को लेकर HRTC बस चालक बचित्तर सिंह के खिलाफ तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब हादसे के कारणों की जांच कर रही है। हादसा किस वजह से हुआ, दोनों वाहनों की रफ्तार कितनी थी और टक्कर किन परिस्थितियों में हुई, इन सभी पहलुओं को जांच में शामिल किया जा रहा है।