Khandwa News: मध्य प्रदेश की प्रमुख धार्मिक नगरी ओंकारेश्वर में नर्मदा नदी में संचालित नावों की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है. यहां ओंकार मठ घाट पर किनारे खड़ी एक नाव में अचानक आग लगने से घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में अफरातफरी मच गई. गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन पिछले 15 दिनों के भीतर नाव में आग लगने की यह तीसरी घटना है, जिसने प्रशासनिक लापरवाही और सुरक्षा इंतजामों की पोल खोलकर रख दी है.

जानकारी के मुताबिक, ओंकार मठ घाट पर किनारे खड़ी एक नाव अचानक आग की चपेट में आ गई. नाव से उठती तेज लपटें देखकर घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया. समय रहते आग बुझा लिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई.

चिंताजनक पहलू यह है कि ओंकारेश्वर में महज 15 दिनों के भीतर नाव में आग लगने की यह तीसरी घटना सामने आई है. लगातार हो रही इन घटनाओं ने पेट्रोल इंजन से चलने वाली नावों की तकनीकी सुरक्षा, ईंधन के रखरखाव और घाटों पर मौजूद अग्निशमन व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं.

रोजाना सैकड़ों श्रद्धालु करते हैं नौका विहार, सुरक्षा इंतजामों पर उठे ये बड़े सवाल

ओंकारेश्वर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन और नर्मदा परिक्रमा के लिए पहुंचते हैं और नर्मदा नदी में नौका विहार करते हैं. ऐसे में बारबार आग लगने की घटनाएं सैकड़ों श्रद्धालुओं की जान से जुड़ा गंभीर मुद्दा बन गई हैं, जिस पर प्रशासन से ये सवाल पूछे जा रहे हैं. लगातार घटनाओं के बावजूद नावों के पेट्रोल टैंक, इंजन और पेट्रोल पाइपलाइन की नियमित तकनीकी जांच क्यों नहीं हो रही? क्या नर्मदा में संचालित प्रत्येक नाव में आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन यंत्र उपलब्ध हैं? यदि घाट के बजाय नदी के बीचोंबीच किसी भरी हुई नाव में आग लग जाए, तो यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए प्रशासन के पास क्या रेस्क्यू इंतजाम हैं?

औपचारिकता छोड़कर सख्त सुरक्षा ऑडिट की मांग

बड़े हादसे का इंतजार न करे प्रशासन: हर घटना के बाद प्रशासन की ओर से यह कहकर पल्ला झाड़ लिया जाता है कि कोई जनहानि नहीं हुई. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। लेकिन 15 दिन में तीन घटनाएं महज संयोग नहीं, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था की खामियों की बड़ी चेतावनी हैं. स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं की मांग है कि ओंकारेश्वर जैसे अंतरराष्ट्रीय तीर्थस्थल पर सभी नावों की सख्त तकनीकी जांच, अग्निशमन उपकरणों की अनिवार्यता और नियमित सुरक्षा ऑडिट सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी अनहोनी को रोका जा सके.