द्रविड़ मुनेत्र कषगम की सांसद कनिमोझी ने शनिवार को स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार के परिसीमन विधेयक का समर्थन करने का मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि उनकी पार्टी ने अपना रुख बदल लिया है या वह भारतीय जनता पार्टी के साथ गठबंधन कर रही है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कनिमोझी ने जोर देकर कहा कि DMK हमेशा से ‘फेयर डिलिमिटेशन’ की पक्षधर रही है और पार्टी का एकमात्र मकसद तमिलनाडु के राजनीतिक हितों की रक्षा करना है.

बीजेपी के करीब जाने की अटकलों को सिरे से खारिज करते हुए कनिमोझी ने कहा कि संसद में किसी विधेयक के पक्ष में मतदान करने को राजनीतिक गठबंधन से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए. उन्होंने कांग्रेस और वामपंथी दलों का उदाहरण देते हुए याद दिलाया कि जब बीजेपी सरकार आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए आरक्षण का विधेयक लाई थी, तब इन दलों ने भी उसका समर्थन किया था, जबकि केवल DMK, आरजेडी और कुछ अन्य दलों ने इसके खिलाफ वोट दिया था.

फेयर परिसीमन ही शुरू से DMK की मांग

परिसीमन पर पार्टी की नीति को स्पष्ट करते हुए कनिमोझी ने बताया कि DMK कभी भी परिसीमन प्रक्रिया को रोकने के पक्ष में नहीं थी. पार्टी की मुख्य मांग हमेशा से यही रही है कि परिसीमन निष्पक्ष हो और इससे तमिलनाडु को कोई नुकसान न पहुंचे. उन्होंने चेन्नई में हुई पार्टी की पिछली बैठक का हवाला देते हुए कहा कि उसमें भी यह तय किया गया था कि राज्य की लोकसभा सीटें कम नहीं होनी चाहिए.

कनिमोझी ने याद दिलाया कि पूर्व में कांग्रेस शासन के दौरान हुए परिसीमन में तमिलनाडु की सीटें 41 से घटकर 39 रह गई थीं, और DMK नहीं चाहती कि राज्य को दोबारा ऐसा नुकसान झेलना पड़े.

नए प्रस्ताव के समर्थन के पीछे का गणित

कनिमोझी ने समझाया कि क्यों DMK ने सरकार के नए प्रस्ताव का समर्थन किया है. उन्होंने कहा कि पहले लाए गए विधेयक में 2011 की जनगणना के आधार पर परिसीमन की बात थी और लोकसभा सीटों में 50 फीसदी बढ़ोतरी का कोई प्रावधान नहीं था. इससे तमिलनाडु की सीटें 39 से घटकर 32 होने का खतरा था. वहीं अब केंद्र सरकार ने 1971 की जनगणना के आधार पर सीटों का निर्धारण करने पर सहमति जताई है. इस नए फॉर्मूले के तहत तमिलनाडु को 59 लोकसभा सीटें मिलेंगी. चूंकि 2026 में मौजूदा व्यवस्था की अवधि समाप्त हो रही है, इसलिए राज्य के हितों को सुरक्षित रखने के लिए DMK ने इस नए प्रस्ताव का समर्थन करने का फैसला लिया है.

कांग्रेस के रुख का भी किया जिक्र

कनिमोझी ने कहा कि परिसीमन को लेकर चेन्नई में हुई DMK की बैठक में कांग्रेस भी शामिल हुई थी और उसने भी ‘नो डिलिमिटेशन’ के बजाय ‘फेयर डिलिमिटेशन’ की ही वकालत की थी. उन्होंने कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल के संसदीय बयान का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने लोकसभा सीटों में 50 फीसदी बढ़ोतरी की मांग उठाई थी. अंत में कनिमोझी ने दोहराया कि DMK अपने पुराने स्टैंड पर पूरी तरह कायम है.

DMKYSRCP सांसदों ने अमित शाह से की मुलाकात

महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े प्रस्तावित संविधान संशोधन विधेयकों का समर्थन करने वाले डीएमके और वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के प्रतिनिधिमंडलों ने शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। उनकी यह मुलाकात संसद में इन संशोधन विधेयकों पर होने वाली चर्चा से कुछ दिन पहले हुई. डीएमके के प्रतिनिधिमंडल में टी. आर. बालू, कनिमोई, दयानिधि मारन, ए. राजा और पी. विल्सन शामिल थे, जबकि वाईएसआरसीपी का प्रतिनिधित्व उसके राज्यसभा सदस्य वाई. वी. सुब्बारेड्डी ने किया.

लोकसभा में डीएमके के 22 और राज्यसभा में आठ सदस्य हैं, वहीं वाईएसआरसीपी के दोनों सदनों में चारचार सदस्य हैं. डीएमके ने महिला आरक्षण कानून में बदलाव के लिए लाए गए परिसीमन से जुड़े पिछले विधेयक का विरोध किया था, जो अप्रैल में लोकसभा में पारित नहीं हो पाया था जबकि वाईएसआरसीपी ने उस विधेयक का समर्थन किया था.

दोनों दलों ने अब महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने तथा परिसीमन कवायद के बाद लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों के पुनर्निर्धारण से संबंधित विधेयकों को फिर से पेश करने के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार के कदम को अपना समर्थन देने की घोषणा की है.