Himachal Se: Saharanpur News: उत्तर प्रदेश में सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़े आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए चार युवकों को सहारनपुर से गिरफ्तार किया है. इस कार्रवाई को यूपी एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड और यूपी स्पेशल टास्क फोर्स ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया. जांच एजेंसियों के मुताबिक यह नेटवर्क पाकिस्तान में बैठे गैंगस्टर शहजाद भट्ठी और आतंकी आबिद जद से जुड़ा हुआ था, जो सोशल मीडिया के जरिए भारतीय युवाओं को अपने जाल में फंसाकर देश विरोधी गतिविधियों के लिए तैयार कर रहे थे.

भारत में ‘स्लीपर सेल’ बनाने की साजिश, सहारनपुर से 4 संदिग्ध गिरफ्तार; ISI कनेक्शन का खुलासा!​
भारत में ‘स्लीपर सेल’ बनाने की साजिश, सहारनपुर से 4 संदिग्ध गिरफ्तार; ISI कनेक्शन का खुलासा!​

ATS और STF को लगातार इनपुट मिल रहे थे कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के इशारे पर भारत में एक संगठित नेटवर्क खड़ा किया जा रहा है. इसके तहत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, खासतौर पर इंस्टाग्राम और वीडियो कॉलिंग ऐप्स के जरिए युवाओं को कट्टरपंथ और आतंकी गतिविधियों की ओर धकेला जा रहा था. इसके बाद ATS और STF ने करीब 200 संदिग्ध मोबाइल नंबरों और सोशल मीडिया अकाउंट्स की निगरानी शुरू की. जांच में कई अहम सुराग मिलने के बाद यह बड़ी कार्रवाई की गई.

क्या था पूरा प्लान?

पूछताछ में सामने आया है कि आरोपियों को देश में दहशत फैलाने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के लिए अलगअलग टारगेट दिए गए थे. इनमें एक राजनीतिक दल का कार्यालय, एक अस्पताल और एक ऐसे व्यक्ति को निशाना बनाने की योजना शामिल थी, जिसके कई स्कूल संचालित हैं. एजेंसियों के अनुसार, आरोपियों को पहले रेकी करने और फिर आगे की कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे.

जांच में यह भी सामने आया कि पाकिस्तान में बैठे आकाओं द्वारा इन युवकों को लगातार मोटिवेट किया जा रहा था. वीडियो कॉल के माध्यम से उन्हें नए लड़कों को नेटवर्क से जोड़ने, हथियार खरीदने और पैसों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए जाते थे. नोएडा में एक मीटिंग भी हुई थी, जहां कथित तौर पर आतंकी साजिश को आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई.

सहारनपुर कनेक्शन भी आया सामने

गिरफ्तार आरोपियों में सहारनपुर के सरसावा क्षेत्र के ढीक्का कला गांव के रहने वाले महकाब और शाहरुख शामिल हैं. इनके अलावा मुजफ्फरनगर निवासी गगनदीप उर्फ गुरी सिंह और हरिद्वार निवासी मुर्शिफ को भी गिरफ्तार किया गया है. एजेंसियों का कहना है कि इन सभी के तार सीधे पाकिस्तान में बैठे नेटवर्क से जुड़े मिले हैं.

कौन है शहजाद भट्ठी?

शहजाद भट्ठी पाकिस्तान का एक चर्चित गैंगस्टर बताया जाता है, जिसका नाम लंबे समय से भारत विरोधी गतिविधियों और अपराध जगत से जुड़ता रहा है. जांच एजेंसियों के अनुसार, वह सोशल मीडिया के जरिए युवाओं तक पहुंच बनाता है और उन्हें लालच, ब्रेनवॉशिंग और कट्टरपंथी विचारधारा के जरिए अपने नेटवर्क में शामिल करता है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि वह पाकिस्तान में बैठकर भारत में अस्थिरता फैलाने की कोशिशों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है.

सूत्रों के मुताबिक, शहजाद भट्ठी और उसके सहयोगी भारत में ‘स्लीपर सेल’ तैयार करने की रणनीति पर काम कर रहे थे. सोशल मीडिया के जरिए पहले दोस्ती, फिर भरोसा और उसके बाद आतंकी गतिविधियों के लिए इस्तेमाल करने का पैटर्न सामने आया है.

एजेंसियां अलर्ट मोड पर

ATS और STF अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हैं. एजेंसियां यह भी जांच कर रही हैं कि यह नेटवर्क उत्तर प्रदेश के अलावा किनकिन राज्यों तक फैला हुआ है. गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को बरगलाने की कोशिशें लगातार बढ़ रही हैं.

गाजियाबाद का जैद तेलंगाना में गिरफ्तार

यही नहीं ISI के लिए काम करने के आरोप में तेलंगाना पुलिस ने गाजियाबाद के एक युवक को गिरफ्तार किया है. लोनी के रहने वाला जैद , जो कि 2 महीने पहले गाजियाबाद से तेलंगाना के एक होटल में वेटर की नौकरी के लिए गया था. जैद के पिता दिलीप खान को तेलंगाना पुलिस का फोन आया था कि आपके बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया है. वहीं यूपी पुलिस ने भी जैद के पिता से पूछताछ की है. आरोप है कि जैद ने यूपी समेत देश के कई मंत्रियों के मोबाइल नंबर जुटाकर ISI एजेंटों और पाकिस्तानी हैंडलर्स को भेजे थे.