तमिलनाडु में सत्तारूढ़ ‘तमिलगा वेट्री कझगम’ को शुक्रवार को तगड़ा झटका तब लगा जब उसके विधायक को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने विधायक सी. अरुल विग्नेश को एक महिला IAS अधिकारी की ओर से दर्ज कराई गई उत्पीड़न की शिकायत के मामले में गिरफ्तार कर लिया. हालांकि यह कार्रवाई महिला अधिकारी के पुलिस से संपर्क करने के चार दिन और मद्रास हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद हुई है, जिसने जांच की निगरानी वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपने का निर्देश दिया था.

पुलिस सूत्रों के अनुसार, तिरुपुर की पुलिस अधीक्षक सृष्टि सिंह की अगुवाई वाली एक टीम ने शुक्रवार शाम को कल्लाकुरिची के विधायक को उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया. विधायक की इस गिरफ्तारी के साथ ही यह विवाद एक नए चरण में प्रवेश कर गया है. इस बीच तमिलनाडु पुलिस ने बयान जारी कर कहा है कि इस घटना से संबंधित कोई भी जानकारी सार्वजनिक रूप से प्रकाशित, साझा या प्रसारित नहीं की जानी चाहिए. पुलिस ने इस मामले से जुड़े 201 पोस्ट डिलीट कर दी है.

अधिकारी ने 23 नवंबर को दर्ज कराई थी शिकायत

शुरुआत में सरकार ने उत्पीड़न से जुड़े आरोपों से इनकार किया था, लेकिन अब इस मामले में एक आपराधिक जांच और कार्यस्थल पर उत्पीड़न से जुड़ी एक अलग जांच चल रही है. विग्नेश ने पहले ही किसी भी गलत काम से इनकार कर चुके हैं. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। उनका कहना है कि ये आरोप राजनीतिक रूप से प्रेरित है.

तमिलनाडु पुलिस ने शुक्रवार को जारी एक बयान में बताया कि महिला अधिकारी ने 23 नवंबर को अपनी शिकायत दर्ज कराई थी और कल्लाकुरिची के ‘ऑल विमेन पुलिस स्टेशन’ ने उसी दिन मामला दर्ज कर लिया था. इससे यह साफ होता है कि मामला सोमवार को ही दर्ज हो गया था, न कि मंगलवार को किया गया, जिस दिन सरकार ने हाईकोर्ट को सूचित किया था कि FIR दर्ज कर ली गई है.

पुलिस ने बताया कि शुरुआत में स्थानीय अफसरों ने शिकायत की जांच की थी. हाईकोर्ट के 24 नवंबर के निर्देशों के बाद, सृष्टि सिंह ने चेन्नई में पुलिस महानिरीक्षक एन. कामिनी की देखरेख में जांच का जिम्मा संभाला. बयान में आगे कहा गया, “जांच के दौरान, जांच अधिकारी ने शिकायतकर्ता और अन्य गवाहों से पूछताछ की है.”

हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद दर्ज हुई FIR

चेन्नई पुलिस ने विधायक विग्नेश की गिरफ्तारी की पुष्टि की और यह बताया कि जांच फिलहाल जारी है. ‘ऑल विमेन पुलिस’ ने बुधवार को विधायक को समन जारी कर पूछताछ के लिए पेश होने का निर्देश दिया था. इंस्पेक्टर भुवनेश्वरी ने उनके आवास पर जाकर उन्हें यह समन सौंपा.

सृष्टि सिंह ने 2 दिन पहले बुधवार को कल्लाकुरिची की पुलिस अधीक्षक आई. शहनाज से स्थानीय पुलिस की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद मामले की समीक्षा शुरू की. जांच की निगरानी के लिए कामिनी ने कल गुरुवार को कल्लाकुरिची का दौरा किया. केस दर्ज किए जाने के बाद से ही विधायक के आवास और ऑफिस के आसपास पुलिस बल तैनात कर दिया गया था.

हाईकोर्ट का यह हस्तक्षेप वकील आर. त्रिशुली की ओर से दाखिल एक याचिका के बाद हुआ, जिसमें FIR दर्ज करने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई थी. 23 नवंबर को, सरकार ने कोर्ट को बताया कि न तो पुलिस को और न ही मुख्य सचिव एम. साई कुमार को उस अधिकारी की ओर से कोई शिकायत मिली है. जज ने सरकारी वकील को निर्देश देते हुए कहा कि वे उस अधिकारी से संपर्क करें और निर्देश लें.

अगले दिन, सरकार ने बताया कि एक शिकायत मिली थी और उस पर केस दर्ज कर लिया गया है. मुख्य सचिव को 23 नवंबर को दी गई अधिकारी की शिकायत के बाद, चार सदस्यों वाली एक अलग इंटरनल कंप्लेंट कमिटी भी गठित कर दी गई.

इन आरोपों के बाद विपक्ष हमलावर हो गया है. डीएमके, एआईएडीएमके, पीएमके और बीजेपी ने कार्रवाई की मांग की. इस बीच बीजेपी महिला मोर्चा ने शुक्रवार को पूरे राज्य में विरोध प्रदर्शन किया और सरकार पर विधायक को बचाने का आरोप लगाया. इससे पहले, राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी इस मामले में निष्पक्ष जांच की मांग कर चुकी है.