तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम जलाने के सुप्रीम कोर्ट के सख्त निर्देश का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वागत किया है. शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट द्वारा विवादित ‘दीपथून’ स्तंभ पर दीप प्रज्वलन के आदेश दिए जाने के कुछ ही घंटों बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तमिल भाषा में भक्तिमय जयकारा साझा किया.

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर तमिल में तीन बार ‘वेत्रीवेल मुरुगनुक्कु अरोहरा’ लिखा, जिसका हिंदी अर्थ ‘भगवान मुरुगन की जय हो’ है. पीएम मोदी ने अपने पोस्ट में अदालती कार्यवाही या विवाद का सीधा जिक्र किए बिना इस फैसले के प्रति अपनी खुशी और आस्था व्यक्त की.

Vetrivel Muruganukku Arogara!

வெற்றிவேல் முருகனுக்கு அரோகரா!

वेट्रिवेल मुरुगनुक्कु अरोगरा!

— Narendra Modi November 27, 2026

सुप्रीम कोर्ट का ताजा आदेश

सुप्रीम कोर्ट ने आज को तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित पत्थर के स्तंभ पर पारंपरिक ‘कार्तिगई दीपम’ जलाने का आदेश दिया है. इसके लिए उचिपिल्लैयार मंडपम से अग्नि ले जाने को कहा गया है.

अवमानना पर सख्त रुख

कोर्ट ने 20 नवंबर के अपने अंतरिम आदेश का पालन न होने पर तमिलनाडु प्रशासन को कड़ी फटकार लगाई. कोर्ट ने मुख्य सचिव और डीजीपी समेत कई अधिकारियों को अवमानना नोटिस जारी किया है.

सुरक्षा और प्रबंधन में बदलाव

सुप्रीम कोर्ट ने मंदिर के ट्रस्टी बोर्ड को निलंबित कर पूर्व हाईकोर्ट जजों को रिसीवर नियुक्त किया है. इसके साथ ही, स्थल की सुरक्षा की जिम्मेदारी सीआरपीएफ को सौंपने का निर्देश दिया गया है.

अवमानना की सुनवाई तक क्यों पहुंचा मामला?

सुप्रीम कोर्ट ने 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के दिन दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति दी थी. हालांकि, प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट के बीच तालमेल की कमी और कानूनव्यवस्था के हवाले से उस दिन वहां दीप नहीं जल सका था, जिसके बाद यह मामला अवमानना की सुनवाई तक पहुंचा.

100 साल से पुराना है कानूनी सफर

तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम जलाने का विवाद एक सदी से भी अधिक पुराना है. यह पहाड़ी हिंदू, मुस्लिम और जैन तीनों धर्मों की आस्था का केंद्र रही है, जहां भगवान मुरुगन के प्राचीन सुब्रमण्यम स्वामी मंदिर के साथसाथ जैन गुफाएं और चोटी पर हजरत सुल्तान सिकंदर बादशाह की दरगाह स्थित है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। साल 1920 में मंदिर प्रशासन द्वारा पूरी पहाड़ी पर मालिकाना हक जताने के बाद यह कानूनी लड़ाई शुरू हुई.

1923 में निचली अदालत और 1931 में लंदन की प्रिवी काउंसिल ने यह ऐतिहासिक फैसला दिया कि पहाड़ी का अधिकांश हिस्सा मंदिर का है, जबकि दरगाह स्थल और वहां तक जाने वाली सीढ़ियां मुस्लिम समुदाय की संपत्ति हैं. 1908 से ही यह पूरा क्षेत्र भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के तहत एक संरक्षित स्मारक घोषित है.

प्राचीन पत्थर का स्तंभ

विवाद का मुख्य केंद्र पहाड़ी के ऊपरी हिस्से में दरगाह से लगभग 50 मीटर दूर स्थित एक प्राचीन पत्थर का स्तंभ है. हिंदू संगठनों का दावा है कि यह पारंपरिक ‘दीपथून’ है, जहां प्राचीन काल में कार्तिगई दीपम जलाया जाता था. इसके विपरीत, राज्य सरकार और मंदिर ट्रस्ट का तर्क रहा है कि ब्रिटिश काल के रिकॉर्ड के अनुसार यह केवल एक भूमि सर्वेक्षण स्तंभ है, और सदियों से दीप निचले हिस्से में स्थित उचिपिल्लैयार मंडपम में ही जलाया जाता रहा है.

1996 और 2017 के अदालती आदेशों के बाद नवंबर 2025 में यह मामला फिर गर्माया, जब मद्रास हाईकोर्ट ने दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति दी. इसके बाद मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, जहां नवंबर 2026 में सर्वोच्च न्यायालय ने प्रशासन को फटकार लगाते हुए स्तंभ पर दीप प्रज्वलन सुनिश्चित करने का सख्त आदेश दिया था.