Jharkhand Delimitation: देश में परिसीमन की चर्चा के बीच झारखंड की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। संभावित परिसीमन के बाद राज्य में लोकसभा की 7 और विधानसभा की 41 सीटें बढ़ सकती हैं। इससे लोकसभा सीटें 14 से बढ़कर 21 और विधानसभा सीटें 81 से बढ़कर 121 या 122 होने का अनुमान है। हालांकि, राज्य में सीटें बढ़ाने को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। इस बदलाव में सबसे बड़ा सवाल आदिवासी समुदाय के राजनीतिक प्रतिनिधित्व का है।

2007 में हुआ था परिसीमन का विरोध

झारखंड में परिसीमन का मुद्दा पहले भी विवादों में रहा है। वर्ष 2007 में एसटी आरक्षित विधानसभा सीटों की संख्या 28 से घटाकर 22 और लोकसभा सीटों की संख्या 5 से घटाकर 4 करने का प्रस्ताव आया था। इसका राज्यभर में विरोध हुआ। इसके बाद केंद्र सरकार को कानून में संशोधन कर झारखंड में परिसीमन लागू करने पर रोक लगानी पड़ी थी।

विधानसभा में 42 आरक्षित सीटें होने का अनुमान

यदि मौजूदा आरक्षण अनुपात बरकरार रखते हुए सीटों में 50 प्रतिशत की वृद्धि होती है, तो विधानसभा में एसटी आरक्षित सीटें बढ़कर 42 हो सकती हैं। वहीं, लोकसभा में एसटी आरक्षित सीटें 4 से बढ़कर 7 या 8 होने का अनुमान है। हालांकि, वास्तविक संख्या जनगणना के आंकड़ों और कानूनी प्रावधानों के आधार पर तय होगी।

परिसीमन और महिला आरक्षण पर होगी चर्चा

परिसीमन बिल की चर्चाओं के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा के सभी सांसदों और विधायकों की बैठक बुलाई है। इसमें परिसीमन और महिला आरक्षण बिल के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा होगी। बैठक के बाद पार्टी अपना आधिकारिक रुख स्पष्ट करेगी। इसकी जानकारी झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने दी।

झारखंड के हितों से समझौता नहीं होगा

शुक्रवार को नेमरा में मीडिया से बातचीत के दौरान हेमंत सोरेन ने कहा कि उनकी नजर परिसीमन बिल पर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि झारखंड के हितों के साथ किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। अब सबकी नजर झामुमो की बैठक और पार्टी के आधिकारिक रुख पर है। सबसे अहम सवाल यही है कि नए परिसीमन में आदिवासी समुदाय का राजनीतिक प्रतिनिधित्व किस तरह सुरक्षित रखा जाएगा।