विश्व प्रसिद्ध हरिहरक्षेत्र सोनपुर मेले में इस बार एक खास मेहमान लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. मेले में आया करीब 2 करोड़ रुपये कीमत का मुर्रा नस्ल का भैंसा ‘शेरा’ लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है. इसकी विशाल कदकाठी, खूबसूरती और खास खानपान को देखने और जानने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं. घोड़ा बाजार में मौजूद इस भैंसे को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट रही है.

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के चौरी चौरा से पशुपालक रवि यादव शेरा को लेकर पहली बार सोनपुर मेले में पहुंचे हैं. उन्होंने बताया कि शेरा मुर्रा नस्ल का भैंसा है. इसकी उम्र चार साल है और इसके छह दांत हैं. करीब 10 क्विंटल वजन वाला यह भैंसा अपनी मजबूत बनावट और आकर्षक रूप के कारण खास पहचान बना रहा है. रवि यादव के मुताबिक, इसकी कीमत करीब 2 करोड़ रुपये रखी गई है.

खानपान पर हर दिन हजारों रुपये खर्च

शेरा को ताकतवर और स्वस्थ रखने के लिए उसके खानपान का विशेष ध्यान रखा जाता है. मालिक रवि यादव ने बताया कि इसे रोजाना हरा चारा, दाना, दूध, केला, काजू और किशमिश खिलाया जाता है. शेरा प्रतिदिन करीब पांच किलो दूध पीता है. इसके अलावा रोजाना छह दर्जन केले और सुबहशाम एकएक किलो काजूकिशमिश दिए जाते हैं. इसकी देखभाल और खानपान पर विशेष ध्यान दिया जाता है, ताकि इसकी सेहत और ताकत बरकरार रहे.

मां के साथ हरियाणा से लाए थे शेरा

रवि यादव ने बताया कि शेरा को वह हरियाणा से उसकी मां के साथ लेकर आए थे. उसकी मां अच्छी मात्रा में दूध देती थी. शेरा की नस्ल और ब्रीड की कीमत काफी अधिक बताई जाती है. उन्होंने बताया कि मौसम के अनुसार उसकी देखभाल भी की जाती है. गर्मी के मौसम में उसकी शेविंग कराई जाती है, जबकि ठंड के मौसम की शुरुआत और अंतिम दौर में भी जरूरत के अनुसार शेविंग कराई जाती है.

‘नहीं बिका तो अगले साल फिर आएंगे’

रवि यादव ने बताया कि वह पहली बार सोनपुर मेले में अपने भैंसे को लेकर आए हैं. उन्हें उम्मीद है कि शेरा को देखने के लिए पहुंच रहे लोगों में कोई खरीदार भी मिल सकता है. उन्होंने कहा कि अगर भैंसे की बिक्री हो गई तो उसे बेचकर वापस चले जाएंगे, अन्यथा अगले साल फिर सोनपुर मेले में आएंगे. उन्होंने सोनपुर मेले की तारीफ करते हुए कहा कि यहां का माहौल और व्यवस्था उन्हें काफी अच्छी लगी. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। फिलहाल दो करोड़ रुपये कीमत वाला शेरा मेले में पशुप्रेमियों और दर्शकों के आकर्षण का बड़ा केंद्र बना हुआ है.