पिछले कई कारोबारी सत्रों से लगातार गिरावट का सामना कर रहे सोने और चांदी की कीमतों में शुक्रवार को जोरदार तेजी दर्ज की गई। सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन दोनों कीमती धातुओं ने निचले स्तरों से मजबूत वापसी की। निचले स्तरों पर खरीदारी और शॉर्ट कवरिंग के चलते सोनेचांदी के भाव में तेजी आई। हालांकि, अमेरिकी अर्थव्यवस्था के मजबूत आंकड़ों और फेडरल रिजर्व के सख्त रुख के कारण ब्याज दरों में संभावित बढ़ोतरी की आशंका बनी हुई है, जिससे आगे कीमतों में तेजी सीमित रह सकती है।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर दिसंबर डिलीवरी वाला सोना 2,028 रुपये की बढ़त के साथ 1,24,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला। कारोबार के दौरान इसकी कीमत में 3,100 रुपये यानी 2.6 प्रतिशत की तेजी आई और यह 1,25,400 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास कारोबार करता दिखाई दिया। दिन के कारोबार में सोने ने 1,25,410 रुपये का उच्चतम स्तर भी छुआ। इससे पहले पिछले कारोबारी सत्र में सोना 1,22,272 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
हालिया गिरावट के दौरान सोने की कीमत अपने रिकॉर्ड उच्च स्तर से काफी नीचे आ गई थी। इसके बाद निवेशकों ने निचले भाव पर खरीदारी शुरू कर दी, जिससे कीमतों को सहारा मिला।
चांदी में सोने के मुकाबले अधिक तेजी देखने को मिली। एमसीएक्स पर दिसंबर डिलीवरी वाली चांदी पिछले कारोबारी सत्र के 1,45,843 रुपये प्रति किलोग्राम के बंद भाव से 5,833 रुपये की बढ़त के साथ 1,51,676 रुपये प्रति किलोग्राम पर खुली। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इसके बाद कीमत में 5.70 प्रतिशत यानी 8,300 रुपये का उछाल आया और चांदी 1,54,150 रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास कारोबार करती दिखाई दी। कारोबार के दौरान इसने 1,54,251 रुपये प्रति किलोग्राम का उच्चतम स्तर छुआ।
हालिया बिकवाली के दौरान चांदी की कीमत में सोने की तुलना में अधिक गिरावट आई थी। इसी वजह से इसमें रिकवरी भी अधिक तेज रही।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमती धातुओं की कीमतों में तेजी का रुख रहा। कॉमेक्स पर सोना लगभग 3,659 डॉलर प्रति औंस और चांदी 44.10 डॉलर प्रति औंस के करीब कारोबार करती नजर आई। डॉलर में नरमी और तकनीकी शेयरों में सुधार से निवेशकों की जोखिम लेने की क्षमता बढ़ी, जिसका फायदा बुलियन बाजार को मिला।
कीमती धातुओं में हालिया तेज गिरावट के बाद तकनीकी रिकवरी के संकेत अब दिखाई देने लगे हैं। हालांकि, दिसंबर में अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरें बढ़ाए जाने की संभावना बनी हुई है। इससे सोने और चांदी की कीमतों में आगे होने वाली तेजी पर दबाव पड़ सकता है।
इस बीच कच्चे तेल की कीमतों में भी तेजी दर्ज की गई। मध्य पूर्व में आपूर्ति संबंधी चिंताओं के कारण ब्रेंट क्रूड और डब्ल्यूटीआई क्रूड दोनों ऊंचे स्तरों पर कारोबार कर रहे हैं। इस प्रकार शुक्रवार को सोने और चांदी में आई तेजी के साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमती धातुओं और कच्चे तेल की कीमतों में मजबूती देखने को मिली।



