Delhi fire News: दिल्ली के रघुबीर नगर में एक रिहायशी मकान में लगी भीषण आग ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं. इस दर्दनाक हादसे में 55 साल की महिला की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा और बहू आग की चपेट में आकर झुलस गए. घटना ख्याला थाना क्षेत्र के बी2 स्कूल के पास की है. आग लगने के दौरान मकान के अंदर एक ही परिवार के तीन सदस्य मौजूद थे. दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया.

पुलिस के मुताबिक, मकान में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और इमरजेंसी रिस्पॉन्स व्हीकल यानी ERV का स्टाफ मौके पर पहुंचा. स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया. आग की वजह से मकान के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. इसी दौरान कमरे में फंसी 55 साल की सुनीता को बाहर निकालने के लिए दीवार तक तोड़नी पड़ी. उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.

हादसे में एक महिला की मौत

मृतका की पहचान सुनीता, पत्नी धर्मेंद्र के रूप में हुई है. हादसे में उनका बेटा ध्रुव और बहू नीति भी आग की चपेट में आ गए. दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। ध्रुव को प्राथमिक उपचार देने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि बहू नीति की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है.

घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया. दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग को बुझाया. पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से मकान में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया गया. हादसे में एक महिला की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है.

आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम टीम और FSL यानी फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम को मौके पर बुलाया. दोनों टीमों ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की है. फिलहाल आग लगने की असली वजह का पता नहीं चल पाया है. पुलिस के मुताबिक, फॉरेंसिक जांच के साथ इलेक्ट्रिकल जांच भी कराई जाएगी. इन जांचों के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी या इसके पीछे कोई अन्य कारण था. फिलहाल ख्याला थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.