आंध्र प्रदेश के डॉ. बीआर अंबेडकर कोनसीमा जिले में पुंगनूर नस्ल की एक गाय को रिकॉर्ड कीमत मिली है. माचवरम गांव स्थित आद्याश्री डेयरी फार्म में पाली जा रही इस गाय को चेन्नई के एक बड़े कारोबारी ने 5 लाख 30 हजार रुपये में खरीदा है. फार्म के संचालक अदाबाला प्रेम कुमार के मुताबिक, संयुक्त गोदावरी जिलों में पुंगनूर नस्ल की किसी गाय के लिए अब तक इतनी कीमत नहीं मिली थी. इस बिक्री को क्षेत्र में एक नया रिकॉर्ड बताया जा रहा है.

फार्म संचालक अदाबाला प्रेम कुमार ने बताया कि उनके डेयरी फार्म में शुद्ध पुंगनूर नस्ल की गायों का पालन किया जाता है. इसी फार्म में पाली गई एक गाय को हाल ही में 5.30 लाख रुपये में बेचा गया है. इसे खरीदने वाला कारोबारी चेन्नई का रहने वाला है. कारोबारी ने गाय को तमिलनाडु ले जाने की व्यवस्था भी की है.

प्रेम कुमार के अनुसार, संयुक्त गोदावरी जिलों में पुंगनूर नस्ल की गाय के लिए मिली यह अब तक की सबसे अधिक कीमत है. उन्होंने बताया कि इससे पहले भी उनका फार्म इस नस्ल की गायों की आपूर्ति कर चुका है. उनके फार्म से एक पुंगनूर गाय एनडीडीबी साउथ बैंक को भी दी गई थी.

36 इंच ऊंचाई, शुद्ध नस्ल की खास पहचान

फार्म संचालक ने बताया कि इस गाय में 100 फीसदी से अधिक शुद्ध पुंगनूर नस्ल के लक्षण मौजूद हैं. इसकी ऊंचाई करीब 36 इंच है. इसके अलावा शरीर की बनावट और कूबड़ सहित कई ऐसे खास लक्षण हैं, जो इसे पुंगनूर नस्ल की दूसरी गायों से अलग पहचान देते हैं.

प्रेम कुमार के मुताबिक, यह गाय दिन में दो बार दूध देती है. एक बार में करीब तीन लीटर दूध मिलता है. इस तरह गाय से रोजाना लगभग छह लीटर दूध का उत्पादन होता है. नस्ल की शुद्धता और इसकी खास शारीरिक बनावट के कारण इसे इतनी अधिक कीमत मिली है.

शुद्ध दूध, दही और घी के लिए खरीदी गई गाय

गाय को तमिलनाडु ले जाने के लिए कारोबारी की ओर से आए प्रतिनिधि ने बताया कि उनके मालिक ने कार्तिक मास के अवसर पर इस गाय को खरीदा है. इसका उद्देश्य शुद्ध दूध, दही और घी प्राप्त करना है. कारोबारी के प्रतिनिधि के मुताबिक, पुंगनूर नस्ल की गाय के दूध और उससे बनने वाले उत्पादों के लिए उनकी विशेष रुचि है.

गाय को खरीदने के बाद उसे तमिलनाडु ले जाने की तैयारी की गई. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इस बिक्री के साथ ही आद्याश्री डेयरी फार्म की पुंगनूर नस्ल की गाय चर्चा में आ गई है. फार्म संचालक का दावा है कि 5.30 लाख रुपये की यह कीमत संयुक्त गोदावरी जिलों में इस नस्ल की गाय के लिए अब तक का सबसे बड़ा सौदा है.