आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा की सीमा पर एक ऐसी अनोखी जगह है, जहां प्रकृति के साथसाथ तीन राज्यों की संस्कृति, भाषा और परंपराएं भी एकदूसरे में घुलतीमिलती हैं. यहां एक ओर साफ गहरे नीले रंग के पानी के साथ सीलरू नदी बहती है, तो दूसरी ओर मिट्टी की रंगत लिए भूरे पानी वाली शबरी नदी अपनी अलग पहचान के साथ आगे बढ़ती है. इन दोनों नदियों का संगम अपने आप में प्रकृति का अद्भुत नजारा पेश करता है. यही इलाका तीन राज्यों की सीमाओं का मिलन स्थल भी है.

एक समय था जब इन नदियों को पार करने के लिए लोगों को नाव का इंतजार घंटों करना पड़ता था. लेकिन अब मोटू के पास बने बड़े पुलों ने इस इलाके की तस्वीर बदल दी है. अब कुछ ही मिनटों में तीन राज्यों के लोग एकदूसरे के यहां पहुंच जाते हैं. कुंटा और मोटू जैसे इलाके आधुनिक परिवहन सुविधाओं के साथ व्यापार और सांस्कृतिक गतिविधियों के नए केंद्र बन रहे हैं.

तीन राज्यों में अलगअलग दिन लगते हैं साप्ताहिक बाजार

इस सीमावर्ती इलाके में साप्ताहिक बाजार यानी हाट का अपना अलग आकर्षण है. बाजार के दिन पुलों पर ऑटो, पिकअप वैन और बाइक की कतारें लग जाती हैं. किसान और व्यापारी अपनी उपज लेकर यहां पहुंचते हैं.

आंध्र प्रदेश के चिंतूर में बुधवार को बाजार लगता है, जबकि छत्तीसगढ़ के कुंटा में गुरुवार और ओडिशा के मोटू में रविवार को साप्ताहिक हाट सजता है. इन बाजारों में तीनों राज्यों के लोग खरीदारी और कारोबार के लिए पहुंचते हैं.

इन हाटों की सबसे खास बात यहां सुनाई देने वाली तीन भाषाएं हैं. दुकानदार आंध्र प्रदेश के ग्राहकों से तेलुगु, छत्तीसगढ़ के लोगों से हिंदी और ओडिशा के किसानों से ओड़िया में बातचीत करते हैं. यहां तीनों भाषाएं लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन चुकी हैं.

बाजार में दिखती है तीन राज्यों की झलक

इन साप्ताहिक बाजारों में तीनों राज्यों की कृषि विविधता भी देखने को मिलती है. आंध्र प्रदेश के चिंतूर इलाके से हरी मिर्च, देसी टमाटर, तुरई, परवल, करेला और स्थानीय सागसब्जियां बिक्री के लिए आती हैं. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। वहीं, ओडिशा के मलकानगिरी सीमावर्ती इलाके से फूलगोभी, पत्तागोभी, कद्दू, अरबी और देसी बैंगन बाजार में पहुंचते हैं.

छत्तीसगढ़ की ओर से भिंडी, सीताफल, चौलाई, हरी मटर और खास तौर पर मिलने वाली बांस की कोपलें बाजार की रौनक बढ़ाती हैं. इस तरह एक ही बाजार में तीन राज्यों के खेतों की उपज देखने को मिलती है.

पारंपरिक पहनावे के साथ डिजिटल भुगतान भी

इन बाजारों में परंपरा और आधुनिकता का अनोखा मेल दिखाई देता है. ओडिशा की महिलाएं पारंपरिक संबलपुरी हथकरघा साड़ियों में बाजार पहुंचती हैं, जबकि आंध्र प्रदेश और छत्तीसगढ़ के युवा जींस और कुर्तियों में नजर आते हैं.

ग्रामीण बाजार होने के बावजूद यहां डिजिटल भुगतान का चलन भी बढ़ा है. लोग स्मार्टफोन से सब्जियों और दूसरी जरूरतों का भुगतान कर रहे हैं.

पुलों ने बदली तीन राज्यों की तस्वीर

शाम को जब सूरज की रोशनी शबरी नदी पर पड़ती है, तो अलगअलग राज्यों के नंबर प्लेट वाले वाहन अपनी मंजिल की ओर लौटने लगते हैं. इन नदियों पर बने पुलों ने केवल आवागमन आसान नहीं किया, बल्कि तीन राज्यों के किसानों, व्यापारियों और आम लोगों को भी करीब लाया है.