Delhi News: पूर्वी दिल्ली के शाहदरा स्थित विश्वास नगर इलाके में एक मकान में भीषण आग लग गई. गली नंबर 11 स्थित एक घर में लगी इस आग की चपेट में आने से चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग झुलस गए जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. शुरुआती जांच में आग लगने की वजह ईरिक्शा चार्जिंग पॉइंट में शॉर्ट सर्किट या स्पार्किंग बताई जा रही है.

शाहदरा के पुलिस उपायुक्त राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि पुलिस स्टेशन में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी. मौके पर पहुंचने पर घर में भीषण आग लगने की पुष्टि हुई. हादसे में चार लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया है, जिनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.

#WATCH | Delhi | Four dead after fire broke out at a house in Lane No. 11, Vishwas Nagar, reportedly sparked by an erickshaw charging point https://t.co/RWgB0xczPu

— ANI November 29, 2026

ईरिक्शा चार्जिंग पॉइंट से शुरू हुई थी आग

DCP के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आग की शुरुआत ईरिक्शा चार्जिंग पॉइंट से हुई थी. आग तेजी से फैली और मकान की पहली मंजिल पर सो रहे लोग इसकी चपेट में आ गए. पुलिस और संबंधित एजेंसियों द्वारा मामले में आगे की कानूनी व जांच कार्रवाई की जा रही है.

शनिवार को करोल बाग में लगी थी आग

इससे पहले शनिवार 28 नवंबर को दिल्ली के व्यस्ततम इलाकों में से एक करोल बाग में आग लगी थी. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। करोल बाग के कृष्णा नगर इलाके में शनिवार दोपहर एक गोदाम में आग लग गई थी. दमकलकर्मियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया था. हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. अधिकारियों ने बताया था कि शनिवार दोपहर करीब 1:18 बजे गली नंबर दो, कृष्णा नगर स्थित एक गोदाम में आग लगने की सूचना मिली थी. इसके बाद दो वाटर टेंडर और दो वाटर बाउजर समेत 4 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया था. दमकलकर्मियों ने तत्काल आग बुझाने का काम शुरू किया. दोपहर करीब 1:45 बजे आग पर काबू पा लिया गया.