राजस्थान में पंचायत समिति प्रधान पद पर शुक्रवार को चुनाव के अंतिम नतीजे घोषित हुए. राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी 419 सीटों के नतीजे घोषित किए. इस चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने 60 फीसदी से ज्यादा सीटें जीतकर अपना दबदबा कायम रखा. वहीं, बीजेपी को इस चुनाव में भी करारी हार का सामना करना पड़ा है और उसे बड़ा झटका लगा है. कांग्रेस पार्टी ने 419 में से 255 पंचायत समितियों में जीत दर्ज की है, जबकि बीजेपी सिर्फ 105 पंचायत समितियों में जीत दर्ज कर पाई है यानी जोड़तोड़ और क्रॉस वोटिंग के बावजूद बीजेपी एक चौथाई से ज्यादा सीटें नहीं जीत पाई.

वहीं, सांसद हनुमान बेनीवाल की राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने 14 सीटों पर जीत हासिल की है, जबकि सांसद राजकुमार रोड की भारत आदिवासी पार्टी 14 सीटों पर चुनाव जीती है और दो सीटें CPM के खाते में गई हैं. कुल 19 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार चुनाव जीते हैं.
सांगानेर पंचायत समिति में BJP को बड़ा झटका
अगर बीजेपी की बात करें तो पार्टी को सबसे बड़ा झटका राजधानी जयपुर की उस सांगानेर पंचायत समिति में लगा है, जिस सांगानेर विधानसभा सीट से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा विधायक चुने गए थे. बीजेपी यहां अपना उम्मीदवार तक खड़ा नहीं कर पाई. सांगानेर पंचायत समिति में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी की सीमा चौधरी प्रमुख चुनी गई हैं.
बीजेपी के प्रदेश कार्यालय में पसरा सन्नाटा
इस चुनाव में बड़ी जीत दर्ज करने के बाद कांग्रेस पार्टी पूरे प्रदेश में जगहजगह जश्न मना रही है. पटाखे फोड़े जा रहे हैं और आतिशबाजी की जा रही है, जबकि राजधानी जयपुर में बीजेपी के प्रदेश कार्यालय में सन्नाटा पसरा हुआ है. जिन पंचायत समितियों में आज प्रमुख यानी चेयरमैन पद पर चुनाव हुए हैं, उन सभी 419 सीटों पर शनिवार को उप प्रमुख यानी डिप्टी चेयरमैन पद के चुनाव होंगे. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। हालांकि वहां भी नतीजे आज की तरह ही आने की उम्मीद है. आज हुए चुनाव में सीकर और नागौर जिले में बीजेपी का खाता तक नहीं खुल सका.
पूर्व मंत्री चुने गए पंचायत समिति प्रमुख
कुल 419 में से 47 सीटों पर निर्विरोध प्रमुख चुने गए हैं. उदयपुर में पूर्व मंत्री डॉ. मांगीलाल गरासिया पंचायत समिति प्रमुख चुने गए हैं. बड़े नामों की बात करें तो कांग्रेस सांसद संजना जाटव की जेठानी प्रिया जाटव चुनाव जीत गई हैं और कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर की मां गीता गुर्जर भी चुनाव जीत गई हैं. इसी तरह राजधानी जयपुर में भी कांग्रेस पार्टी को बड़ी जीत हासिल हुई है. जयपुर की 22 सीटों में से कांग्रेस ने 16 जगहों पर जीत दर्ज की है, जबकि बीजेपी सिर्फ चार समितियों में ही जीत पाई है. राजधानी जयपुर में दो सीट राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के खाते में गई है.
नतीजों पर कांग्रेस ने क्या कहा?
कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने इन नतीजों को लेकर कहा है कि पार्टी की जीत का यह सिलसिला 2028 के विधानसभा चुनाव तक जारी रहेगा. उनके मुताबिक पूरे देश में बीजेपी के खिलाफ लहर चल रही है और इसकी शुरुआत राजस्थान से हुई है.



