उत्तर प्रदेश की राजनीति में आने वाले समय में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. प्रस्तावित परिसीमन के बाद प्रदेश का राजनीतिक नक्शा ही नहीं, बल्कि चुनावी समीकरण और सत्ता का गणित भी बदलने की संभावना है. लोकसभा और विधानसभा की सीटों में करीब 50 फीसदी बढ़ोतरी के प्रस्ताव के आधार पर उत्तर प्रदेश में लोकसभा की सीटें 80 से बढ़कर 120 और विधानसभा की सीटें 403 से बढ़कर करीब 604 तक पहुंच सकती हैं. इसके साथ ही महिला आरक्षण लागू होने पर चुनावी राजनीति में महिलाओं की भागीदारी भी बड़े स्तर पर बढ़ेगी.

परिसीमन का असर केवल सीटों की संख्या बढ़ने तक सीमित नहीं रहेगा. मौजूदा लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों की सीमाओं में भी बदलाव हो सकता है. आबादी के आधार पर नए निर्वाचन क्षेत्र बनाए जा सकते हैं और वर्तमान क्षेत्रों के कुछ हिस्से दूसरे निर्वाचन क्षेत्रों में शामिल किए जा सकते हैं. ऐसे में वर्षों से बने जातीय, सामाजिक और स्थानीय राजनीतिक समीकरण बदल जाएंगे. राजनीतिक दलों को भी अपनी रणनीति नए सिरे से तैयार करनी पड़ सकती है.
महिला आरक्षण से बदलेंगे राजनीतिक समीकरण
परिसीमन के साथ महिला आरक्षण लागू होने की स्थिति में चुनावी राजनीति में महिलाओं की हिस्सेदारी काफी बढ़ जाएगी. यदि लोकसभा की सीटें बढ़कर 120 होती हैं तो 33 फीसदी महिला आरक्षण के हिसाब से करीब 40 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हो सकती हैं. इसी तरह विधानसभा की सीटें करीब 604 होने पर लगभग 201 से 202 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होने का अनुमान है.
इस बदलाव का सीधा असर राजनीतिक दलों की टिकट वितरण रणनीति पर पड़ेगा. मौजूदा सीटों पर चुनाव लड़ रहे कई नेताओं के सामने नए राजनीतिक समीकरणों के साथ महिला आरक्षण की चुनौती भी होगी. दलों को बड़ी संख्या में महिला उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारने की तैयारी करनी पड़ सकती है.
राज्यसभा और विधान परिषद पर भी पड़ सकता है असर
परिसीमन का प्रभाव केवल लोकसभा और विधानसभा तक सीमित रहने की संभावना नहीं है. इसका असर संसद के उच्च सदन राज्यसभा और प्रदेश की विधान परिषद के ढांचे पर भी पड़ सकता है.
उत्तर प्रदेश से फिलहाल राज्यसभा के 31 सदस्य चुने जाते हैं. संविधान के अनुच्छेद 80 के तहत राज्यसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 250 निर्धारित है. यदि लोकसभा की सीटों में करीब 50 फीसदी बढ़ोतरी के अनुरूप राज्यसभा में भी आनुपातिक बदलाव किया जाता है तो उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी 31 से बढ़कर करीब 40 सदस्यों तक पहुंच सकती है. हालांकि, इसके लिए संवैधानिक व्यवस्था में आवश्यक बदलाव करने होंगे.
इसी तरह उत्तर प्रदेश विधान परिषद में वर्तमान में 100 सदस्य हैं. संवैधानिक प्रावधान के मुताबिक किसी राज्य की विधान परिषद की कुल सदस्य संख्या उसकी विधानसभा के कुल सदस्यों की संख्या के एक तिहाई से अधिक नहीं हो सकती. ऐसे में यदि विधानसभा की सीटें बढ़कर करीब 604 हो जाती हैं तो विधान परिषद की सदस्य संख्या भी 100 से बढ़ाकर करीब 150 किए जाने की संभावना बन सकती है. इसके लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजकर संसद से आवश्यक मंजूरी लेनी होगी.
उत्तर प्रदेश में पहले भी बदलती रही है सीटों की संख्या
उत्तर प्रदेश में लोकसभा और विधानसभा की सीटों का इतिहास भी कई बदलावों का गवाह रहा है. राज्य में समयसमय पर परिसीमन और राज्यों के पुनर्गठन के कारण सीटों की संख्या में बदलाव हुआ है.
लोकसभा सीटों की बात करें तो 1951 से 1967 तक उत्तर प्रदेश में 86 सीटें थीं. इसके बाद 1967 से 2004 तक इनकी संख्या 85 रही. वर्ष 2004 से अब तक उत्तर प्रदेश में लोकसभा की 80 सीटें हैं.
विधानसभा की सीटों में भी समय के साथ बदलाव हुआ. 1952 से 1967 तक प्रदेश विधानसभा में 431 सीटें थीं. 1967 से 1996 तक इनकी संख्या 426 रही. 1996 से 2022 तक विधानसभा में 404 सीटें थीं, जबकि 2022 से वर्तमान में कुल 403 विधानसभा सीटें हैं.
कबकब हुआ परिसीमन, समझिए पूरा इतिहास
देश में परिसीमन की प्रक्रिया आजादी के बाद से ही चलती रही है. वर्ष 1952 में जनगणना के आंकड़े आने के बाद पहला परिसीमन आयोग गठित किया गया था. इसके बाद 1962 में दूसरी बार परिसीमन की प्रक्रिया अपनाई गई. इसमें 1961 की जनगणना के आधार पर सीटों की संख्या और निर्वाचन क्षेत्रों के भौगोलिक स्वरूप में बदलाव किया गया.
वर्ष 1972 में तीसरा परिसीमन आयोग गठित हुआ. इसके बाद देश में लोकसभा की सीटों की संख्या 525 से बढ़कर 542 हो गई. हालांकि, इस प्रक्रिया में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी पहले जैसी ही रही.
इसके बाद वर्ष 2002 में जनगणना के आधार पर आखिरी बार परिसीमन आयोग गठित किया गया. आयोग की रिपोर्ट 2008 में आई. इसके आधार पर उत्तर प्रदेश में लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों की सीमाओं का पुनर्निर्धारण किया गया, लेकिन सीटों की कुल संख्या में बदलाव नहीं हुआ.
लोकसभा सीटों के इतिहास में भी हुए बड़े बदलाव
देश में संसदीय क्षेत्रों की संख्या और प्रतिनिधित्व की व्यवस्था में भी कई बार बदलाव हुए हैं. वर्ष 1951 में देश में संसदीय क्षेत्रों की संख्या 69 थी, लेकिन 52 सीटों से 71 सांसद चुने जाते थे. वर्ष 1957 में संसदीय क्षेत्रों की संख्या 68 रही. उस समय 50 एकल सदस्यीय और 18 दोहरे सदस्यीय निर्वाचन क्षेत्र थे.
वर्ष 1962 में संसदीय क्षेत्रों की संख्या बढ़कर 86 हो गई. इसी दौरान दोहरे सदस्यीय निर्वाचन क्षेत्र की व्यवस्था समाप्त कर दी गई और 18 सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित की गईं.
वर्ष 1967 में उत्तर प्रदेश में लोकसभा सीटों की संख्या 86 से घटकर 85 हो गई. इसके बाद वर्ष 2004 में उत्तराखंड के अलग राज्य बनने के बाद उत्तर प्रदेश में लोकसभा की सीटें घटकर 80 रह गईं. इनमें 63 सामान्य और 17 आरक्षित सीटें शामिल थीं. उत्तराखंड के अलग होने के कारण उत्तर प्रदेश की विधानसभा की 22 सीटें भी कम हुई थीं. वहीं, वर्ष 2020 में एंग्लोइंडियन समुदाय के प्रतिनिधियों को नामित करने की व्यवस्था समाप्त होने के बाद विधानसभा की कुल सदस्य संख्या 403 रह गई.
परिसीमन विधेयक से प्रदेश से लेकर राष्ट्रीय राजनीति में भी हलचल
परिसीमन और महिला आरक्षण को लेकर केंद्र सरकार की पहल ने प्रदेश से लेकर राष्ट्रीय राजनीति में भी नई बहस छेड़ दी है. केंद्र सरकार ने 27 नवंबर 2026 को प्रस्तावित नए विधेयक को कैबिनेट की मंजूरी दी है. इसके तहत लोकसभा और राज्यों की विधानसभाओं में करीब 50 फीसदी सीटें बढ़ाने तथा महिला आरक्षण को जल्द लागू करने की तैयारी है. प्रस्तावित बदलावों को 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू करने और 2051 तक सीटों की संख्या स्थिर रखने की बात सामने आई है. हालांकि, विधेयक को संसद से पारित कराना जरूरी होगा.
कुल मिलाकर, परिसीमन उत्तर प्रदेश की राजनीति के लिए एक बड़े बदलाव का आधार बन सकता है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। लोकसभा की 80 से 120 और विधानसभा की 403 से करीब 604 सीटें होने की संभावना के साथ राज्यसभा और विधान परिषद की सदस्य संख्या में भी बदलाव का रास्ता खुल सकता है. नए निर्वाचन क्षेत्र, बदलते सामाजिक समीकरण और महिला आरक्षण मिलकर प्रदेश की चुनावी राजनीति की तस्वीर बदल सकते हैं. इसका असर केवल 2027 के विधानसभा चुनाव तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनावों में भी दिखाई दे सकता है.
यूपी में लोकसभा सीटें 80 से बढ़कर 120 होने का दावा
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े प्रस्ताव देशहित में हैं. इनके लागू होने से उत्तर प्रदेश में लोकसभा सीटों की संख्या 80 से बढ़कर 120 और विधानसभा सीटों की संख्या 403 से बढ़कर करीब 605 हो जाएगी. उन्होंने कहा कि लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलने से राजनीति में उनकी भागीदारी बढ़ेगी.



