पंजाब के मोगा में आम आदमी पार्टी की रैली के दौरान बड़ा हादसा हो गया. कार्यक्रम की तैयारियों के बीच कॉफी मशीन में अचानक जोरदार धमाका हो गया. मशीन का एक हिस्सा टूटकर वहां काम कर रहे वेटर के सिर पर जा लगा. चोट इतनी गंभीर थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरातफरी मच गई.

जानकारी के मुताबिक, मोगा में आम आदमी पार्टी की रैली के लिए तैयारियां चल रही थीं. इसी दौरान वहां कॉफी मशीन में अचानक दबाव बढ़ गया और जोरदार धमाका हो गया. धमाके के कारण मशीन का एक हिस्सा टूटकर बाहर निकला और वहां काम कर रहे वेटर के सिर में जा लगा. वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई.

AAP के स्थापना दिवस पर हो रही रैली

आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार की ओर से मोगा में बड़े राज्यस्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है. पार्टी के 15वें स्थापना दिवस के मौके पर होने वाली इस रैली को ‘पंजाब खुशहाल रैली’ नाम दिया गया है. इसके जरिए पार्टी आगामी 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए अपने चुनावी अभियान की शुरुआत करने जा रही है.

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भगवंत मान, उनकी पूरी कैबिनेट, विधायक और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के शामिल होने की संभावना है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी इस कार्यक्रम में पहुंचने वाले हैं.

10 लाख परिवारों को स्मार्ट राशन कार्ड बांटने की तैयारी

इस रैली में पंजाब के करीब 10 लाख परिवारों को स्मार्ट राशन कार्ड वितरित करने की घोषणा की जाएगी. इसके अलावा पंजाब सरकार अपने पांच साल के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड भी जनता के सामने रखेगी. पार्टी के पंजाब मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू के मुताबिक, यह कार्यक्रम स्थापना दिवस समारोह का हिस्सा है.

125 एकड़ में इंतजाम

आम आदमी पार्टी ने रैली में करीब डेढ़ लाख लोगों के पहुंचने का दावा किया है. इसके लिए मोगालुधियाना रोड पर बड़े स्तर पर इंतजाम किए गए हैं. करीब 3000 सरकारी और निजी बसों के अलावा हजारों निजी वाहनों की पार्किंग के लिए 60 एकड़ जमीन तय की गई है. वहीं, रैली स्थल और अन्य व्यवस्थाओं के लिए 125 एकड़ से अधिक जमीन का इंतजाम किया गया है.

पुलिस के मुताबिक, कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. हालांकि, रैली की तैयारियों के बीच हुए हादसे ने आयोजन स्थल पर चिंता बढ़ा दी है.