Rohtak Milan Dhaba Murder:हरियाणा के रोहतक में मिलन ढाबे पर चार युवकों की हत्या के मामले में अब गैंगवार का एंगल सामने आया है. कुख्यात हिमांशु भाऊ गैंग ने सोशल मीडिया पर पोस्ट जारी कर इस हत्याकांड की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है. गैंग ने इसे रोहित बजरंग और सोनू डीघल की हत्या का बदला बताया है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इतना ही नहीं, पोस्ट के जरिए विरोधी गैंग को अगली वारदात की खुली धमकी भी दी गई है.

सोशल मीडिया पर पोस्ट में दावा किया गया है कि अभी हिसाब पूरा नहीं हुआ है और आने वाले दिनों में कुछ और लोगों को निशाना बनाया जा सकता है. हालांकि, सोशल मीडिया पर किए गए इस दावे की पुलिस ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. इंस्टाग्राम पर ‘rohitbajrang07’ नाम के अकाउंट से यह पोस्ट शेयर की गई है. इसकी शुरुआत ‘जय भोले की’ लिखकर की गई है. पोस्ट में दावा किया गया है कि मिलन ढाबे पर चार युवकों की हत्या रोहित बजरंग और सोनू डीघल की हत्या का बदला लेने के लिए की गई है.

सोशल मीडिया पोस्ट में दी धमकी

पोस्ट में विरोधी गुट के लोगों को चेतावनी देते हुए कहा गया है कि वे किसी की गाड़ी में बैठने से पहले सोच लें और यह पता कर लें कि किसकी किसके साथ दुश्मनी चल रही है. गैंग ने एक विरोधी को सीधे निशाने पर लेते हुए लिखा है कि वह यह न समझे कि छिपने या कुछ समय तक शांत रहने से उसकी जान बच गई है.

पोस्ट में धमकी भरे अंदाज में कहा गया है कि पहले उसके साथियों की लाशें दिखाई जाएंगी और आखिर में दोनों भाइयों को भी मौत के घाट उतारा जाएगा. अंत में लिखा गया है कि वे सोशल मीडिया पर जवाब नहीं देते, बल्कि उनका जवाब अखबारों की सुर्खियों में दिखाई देता है. अगली खबर किसकी होगी, यह भी देखने वाली बात होगी. बता दें कि रोहित उर्फ बजरंग की हत्या 2 मार्च 2022 को और साहिल उर्फ सोनू डीघल की हत्या 8 अप्रैल 2026 को हुई थी.हालांकि, इस वायरल पोस्ट का टीवी 9 पुष्टि नहीं करता है.

खरावड़ के मिलन ढाबे पर पांच बदमाशों ने बरसाईं गोलियां

बुधवार देर रात करीब 12:30 बजे रोहतक के खरावड़ गांव के पास दिल्ली रोड स्थित मिलन ढाबे पर पांच बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर चार युवकों की हत्या कर दी थी. बदमाश स्विफ्ट कार में सवार होकर पहुंचे थे. उस समय ढाबे पर कुछ युवक खाना खा रहे थे. हमलावरों ने बिना कुछ कहे उन पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं.

अचानक हुई फायरिंग से ढाबे पर अफरातफरी मच गई. वहां मौजूद लोग टेबल और कुर्सियों के पीछे छिपकर अपनी जान बचाने लगे. तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चौथा युवक जान बचाकर भागने लगा. हमलावरों ने उसका पीछा किया और उसे भी गोलियों से भून दिया. वारदात के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए.

तीनों मृतक डीघल गांव के रहने वाले

मृतकों की पहचान झज्जर जिले के डीघल गांव निवासी रिंकू, विनित और गंजू तथा बेरी क्षेत्र के हिमांशु के रूप में हुई है. शुरुआती जांच में इस हत्याकांड को भाऊ रिटोलिया गैंग और सन्नी रिटोलिया गैंग के बीच चल रही गैंगवार से जोड़कर देखा जा रहा है. आशंका है कि पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया.

सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही

वारदात की सूचना मिलते ही रोहतक पुलिस रेंज के आईजी हामिद अख्तर, एसपी गौरव राजपुरोहित समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. सीआईए, स्पेशल सेल और एफएसएल की टीमों ने घटनास्थल से सबूत जुटाए. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की कार और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके.

फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है. सोशल मीडिया पोस्ट में किए गए दावे, गैंगवार और पुरानी हत्याओं के बीच संबंधों की भी जांच की जा रही है.